Media24Media.com: #HockeyIndia

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #HockeyIndia. Show all posts
Showing posts with label #HockeyIndia. Show all posts

छत्तीसगढ़ की दो खिलाड़ी भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम में, चीन में होने वाले एशिया कप में दिखाएंगी दम

No comments Document Thumbnail

राष्ट्रीय टीम में चुनी गईं कांसाबेल की मधु सिदार और बोड़ला की गीता यादव खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर, बिलासपुर में ले रहीं प्रशिक्षण

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को दी बधाई, वीडियो-कॉल पर बात कर तैयारियों की भी ली जानकारी

बिलासपुर- छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से आज एक और बड़ी खुशखबरी आई है। बिलासपुर के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो खिलाड़ियों गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। ये दोनों चीन के मोकी में आगामी 30 अगस्त से 13 सितम्बर तक होने वाले जूनियर एशिया कप में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा और दम दिखाएंगी। 

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने गीता यादव और मधु सिदार से वीडियो-कॉल पर बात कर भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को जूनियर एशिया कप हॉकी में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामना देते हुए उनकी तैयारियों की भी जानकारी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। 

भारतीय जूनियर हॉकी टीम में चयनित ये दोनों ही खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो एवं मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा से हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। 

ऐसा रहा है टीम इंडिया तक दोनों खिलाड़ियों का सफर

मधु सिदार

मधु सिदार हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले जशपुर जिले के कांसाबेल के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली है। उनके माता-पिता कृषक हैं। वह सब-जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा हरियाणा में सब-जूनियर इंटर जोन चैम्पियनशिप-2025 में भागीदारी कर चुकी हैं। उनकी टीम ने आंध्रप्रदेश में 1 अगस्त से 12 अगस्त 2025 तक आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैम्पियनशिप में चतुर्थ स्थान हासिल किया था। मधु इस साल मार्च-अप्रैल में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी खेल चुकी है। वह अप्रैल-2026 से बेंग्लुरू में भारतीय टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

गीता यादव

कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच श्री शिवा चौहान से प्राप्त किया है। गीता के अंतरराष्ट्रीय करियर का सफर वर्ष-2024 में प्रारंभ हुआ, जब उन्होंने 12 नवम्बर से 21 नवम्बर 2024 तक नीदरलैण्ड और बेल्जियम टूर में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उसके बाद 15 मई से 2 जून 2025 तक अर्जेंटीना टूर और 5 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक इंग्लैण्ड और स्कॉटलैण्ड टूर में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा थीं।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026-महिला हॉकी में मिजोरम और ओडिशा पहुँचे फाइनल में

No comments Document Thumbnail

रायपुर- 'खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026' के अंतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में महिला हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले आज उत्साह और रोमांच के बीच खेले गए।

पहले सेमीफाइनल मैच में मिजोरम की टीम ने झारखंड को कड़े मुकाबले में 3-2 से पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया। दोनों टीमों के बीच मैच बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा, जिसमें मिजोरम ने अंत तक बढ़त बनाए रखी।

दूसरे सेमीफाइनल मैच में उड़ीसा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश को 8-0 से हराया। उड़ीसा की टीम ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।

इन परिणामों के साथ मिजोरम और उड़ीसा की टीमें अब फाइनल में आमने-सामने होंगी, जहाँ खेल प्रेमियों खिताब के लिए रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।


भारतीय हॉकी के 100 गौरवशाली वर्ष : मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुआ भव्य उत्सव

No comments Document Thumbnail

भारतीय हॉकी के गौरवशाली 100 वर्षों का भव्य उत्सव शुक्रवार को नई दिल्ली के ऐतिहासिक मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में खेल प्राधिकरण (SAI) और हॉकी इंडिया द्वारा मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय संसदीय और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री थिरु उदयनिधि स्टालिन, ओडिशा के खेल और युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अध्यक्ष दातो तैयब इक़राम, तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति, हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी और राष्ट्रीय टीमों के सदस्य उपस्थित थे।

यह उत्सव 1925 से अब तक भारतीय हॉकी की सौ वर्ष की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक रहा — एक ऐसा सफर जिसमें खेल, गर्व और एकता का संगम देखने को मिला।

केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, “हॉकी भारत की खेल यात्रा का स्वर्णिम अध्याय रही है। ओलंपिक में हॉकी के माध्यम से भारत ने दुनिया को दिखाया कि हम क्या कर सकते हैं। आज जब देशभर में एक हजार से अधिक मैच खेले जा रहे हैं, पूरा भारत इस उपलब्धि पर गर्व कर रहा है। सरकार खिलाड़ियों और खेल को हर संभव सहयोग देती रहेगी।”

किरेन रिजिजू ने कहा, “हॉकी की इस प्रेरणादायी यात्रा का हिस्सा होना सौभाग्य की बात है। हॉकी इंडिया को बधाई, जिसने हमारे महान खिलाड़ियों को वर्तमान सितारों के साथ सम्मानित किया, जिससे इतिहास और भविष्य का सुंदर संगम हुआ है।”

FIH अध्यक्ष दातो तैयब इक़राम ने कहा, “भारत ने बीते 100 वर्षों में हॉकी जगत में नेतृत्व और नवाचार का उदाहरण प्रस्तुत किया है। टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारत की सफलता इसके पुनर्जागरण की निशानी है। आने वाले 100 वर्ष और भी उज्ज्वल होंगे।”

कार्यक्रम का आकर्षण रहा खेल मंत्री की कप्तानी में स्पोर्ट्स मिनिस्टर इलेवन और हॉकी इंडिया इलेवन के बीच प्रदर्शनी मैच, जिसमें खेल मंत्रालय की टीम ने 3–1 से जीत दर्ज की। हॉकी इंडिया ने इस अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ियों — गुरबक्स सिंह, हरबिंदर सिंह, अजीत पाल सिंह, अशोक कुमार, बी.पी. गोविंदा, असलम शेर खान, ज़फर इक़बाल, ब्रिगेडियर हरचरण सिंह, सुनीत कुमार, रोमियो जेम्स, असुंता लकड़ा और सुभद्रा प्रधान — को सम्मानित किया।

दिन का एक विशेष आकर्षण रहा पुस्तक “100 इयर्स ऑफ़ इंडियन हॉकी” का लोकार्पण, जिसमें हॉकी के गौरवपूर्ण इतिहास, संघर्ष और पुनर्जागरण की यात्रा को दर्ज किया गया है। इसके साथ ही प्रदर्शनी में ओलंपिक की ऐतिहासिक झलकियों और दुर्लभ तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया।

भारत भर में इस अवसर पर नेशनल हॉकी फेस्टिवल मनाया गया, जिसमें 500 जिलों में 36,000 से अधिक खिलाड़ियों ने 1,000 से अधिक प्रदर्शनी मैच खेले — जिससे यह आयोजन एक सच्चे राष्ट्रीय उत्सव में परिवर्तित हो गया।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, “आज का दिन उन सभी के प्रति सम्मान का है जिन्होंने भारतीय हॉकी की नींव रखी। सरकार और सभी हितधारकों के सहयोग से हम आने वाले वर्षों में और अधिक गौरवशाली क्षणों के साक्षी बनेंगे।”

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “यह क्षण पूरे हॉकी परिवार का है। हम सरकार और सभी राज्यों का धन्यवाद करते हैं, जिनके सहयोग से यह उत्सव संभव हुआ।”



Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.