Media24Media.com: #H5N1Vaccine

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #H5N1Vaccine. Show all posts
Showing posts with label #H5N1Vaccine. Show all posts

भारत ने बनाया बर्ड फ्लू का पहला स्वदेशी टीका, शिवराज सिंह चौहान ने किया लॉन्च; मुर्गीपालकों को मिलेगी बड़ी राहत

No comments Document Thumbnail

 Bird Flu Vaccine : बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे से मुर्गियों और अन्य पक्षियों को सुरक्षित रखने की दिशा में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में पहली बार एवियन इन्फ्लुएंजा यानी बर्ड फ्लू के खतरनाक H5N1 वायरस से बचाव के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित की गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार, 20 नवंबर को इस टीके का अनावरण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। इस उपलब्धि को पशु स्वास्थ्य सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


भोपाल के वैज्ञानिकों ने तैयार की स्वदेशी वैक्सीन

इस स्वदेशी H5N1 वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है। कृषि मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, यह टीका अत्यधिक संक्रामक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) के क्लेड 2.3.2.1a के H5N1 वायरस के खिलाफ विकसित किया गया है।

भोपाल के आनंद नगर स्थित संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वैज्ञानिकों की टीम को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुसंधान के दम पर देश को एक बड़ी उपलब्धि दिलाई है।

शिवराज बोले- वैज्ञानिकों के परिश्रम का परिणाम है वैक्सीन

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि भारत की पहली पूर्णतः स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन वैज्ञानिकों की वर्षों की साधना, अथक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि पूरी दुनिया भारत के सामर्थ्य और वैज्ञानिक क्षमता को देख रही है।

चौहान ने कहा कि बर्ड फ्लू के प्रकोप से बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत होती है। इससे पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े किसानों और कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में स्वदेशी वैक्सीन बर्ड फ्लू की रोकथाम और नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगी।

भारत में H5N1 और H5N8 के 500 से ज्यादा प्रकोप

कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2006 से अब तक भारत में H5N1 और H5N8 वायरस के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बावजूद H5N1 वायरस के खिलाफ देश में पहले कोई विशिष्ट स्वदेशी टीका उपलब्ध नहीं था। इस चुनौती को देखते हुए भोपाल स्थित ICAR के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान ने यह वैक्सीन विकसित की है।

बर्ड फ्लू कितना खतरनाक है?

एवियन इन्फ्लुएंजा को आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है। यह एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो मुख्य रूप से मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करती है। इसके अत्यधिक रोगजनक स्वरूप (HPAI) के संक्रमण से पक्षियों में मृत्यु दर बहुत अधिक हो सकती है। इसका प्रकोप पोल्ट्री उद्योग, मुर्गीपालकों और पशुपालन क्षेत्र के लिए गंभीर आर्थिक चुनौती बन जाता है।

देश में स्वदेशी H5N1 वैक्सीन का विकास बर्ड फ्लू नियंत्रण की दिशा में अहम कदम है। इससे भारत की पशु रोगों से निपटने की स्वदेशी अनुसंधान क्षमता को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.