Media24Media.com: #GujaratVisit

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #GujaratVisit. Show all posts
Showing posts with label #GujaratVisit. Show all posts

प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे जनजातीय गौरव दिवस पर नर्मदा जिले में विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, 9,700 करोड़ से अधिक की सौगात

No comments Document Thumbnail

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को गुजरात का दौरा करेंगे। लगभग दोपहर 12:45 बजे प्रधानमंत्री नर्मदा जिले में देवमोगरा मंदिर में पूजा और दर्शन करेंगे। इसके बाद, लगभग 2:45 बजे वे नर्मदा जिले के डेढियापाडा जाएंगे और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न अवसंरचना और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा सभा को संबोधित करेंगे।

डेढियापाडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनका उद्देश्य जनजातीय समुदायों के उत्थान और क्षेत्र के ग्रामीण एवं दूरदराज़ इलाकों में बुनियादी ढाँचे को मजबूत करना है।

प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM–JANMAN) और धरती आबा जनजातिया ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA–JAGUA) के तहत बनाए गए 1 लाख घरों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री लगभग 1,900 करोड़ रुपये की लागत से जनजातीय छात्रों के लिए निर्मित 42 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) का उद्घाटन करेंगे; 228 मल्टी-पर्पस सेंटर्स का उद्घाटन करेंगे जो समुदाय-आधारित गतिविधियों के केंद्र के रूप में कार्य करेंगे; इसके अतिरिक्त असम मेडिकल कॉलेज, डिब्रूगढ़ में सेंटर ऑफ कॉम्पिटेंस, और इंफाल, मणिपुर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान (TRI) भवन का उद्घाटन करेंगे, जो जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए समर्पित है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री गुजरात के 14 जनजातीय जिलों के लिए 250 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री जनजातीय क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने हेतु 748 किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण की आधारशिला रखेंगे और DA–JAGUA के अंतर्गत 14 जनजातीय मल्टी-मार्केटिंग सेंटर्स (TMMCs) की नींव रखेंगे, जो समुदाय के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। वे 50 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का भी शिलान्यास करेंगे, जिन पर 2,320 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। यह सरकार की जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को और आगे बढ़ाता है।


प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा, MAHSR परियोजना की प्रगति की लेंगे समीक्षा

No comments Document Thumbnail

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को गुजरात का दौरा करेंगे। लगभग सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री सूरत में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा करेंगे, जहाँ वे मुंबई–अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (MAHSR) की प्रगति की समीक्षा करेंगे — जो भारत की सबसे महत्वाकांक्षी अवसंरचना परियोजनाओं में से एक है और देश के हाई-स्पीड कनेक्टिविटी युग में प्रवेश का प्रतीक है।

MAHSR लगभग 508 किलोमीटर लंबा है, जिसमें से 352 किलोमीटर गुजरात तथा दादरा और नगर हवेली में और 156 किलोमीटर महाराष्ट्र में है। यह कॉरिडोर साबरमती, अहमदाबाद, आनंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेगा, जिससे भारत के परिवहन ढांचे में एक परिवर्तनकारी कदम दर्ज होगा।

अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उन्नत इंजीनियरिंग तकनीकों से निर्मित इस परियोजना में लगभग 465 किलोमीटर (करीब 85%) मार्ग वायाडक्ट पर बनाया जा रहा है, जिससे भूमि पर न्यूनतम प्रभाव और सुरक्षा में वृद्धि सुनिश्चित होती है। अब तक 326 किलोमीटर वायाडक्ट का निर्माण पूरा हो चुका है और 25 में से 17 नदी पुल पहले ही बन चुके हैं।

परियोजना के पूरा होने पर बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा समय को लगभग दो घंटे तक सीमित कर देगी, जिससे अंतर-शहर यात्रा तेज, आसान और अधिक आरामदायक हो जाएगी। यह परियोजना पूरे कॉरिडोर में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने की क्षमता रखती है, जिससे क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा।

सूरत–बिलिमोरा खंड, जो लगभग 47 किलोमीटर लंबा है, निर्माण के उन्नत चरण में है, जहाँ सिविल कार्य और ट्रैक-बेड बिछाने का कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है। सूरत स्टेशन का डिज़ाइन शहर के विश्व-प्रसिद्ध हीरा उद्योग से प्रेरित है, जो सुंदरता और कार्यक्षमता दोनों का उत्कृष्ट मेल प्रस्तुत करता है।

स्टेशन को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है, जिसमें विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, और खुदरा आउटलेट शामिल होंगे। यह सूरत मेट्रो, सिटी बस सेवाओं और भारतीय रेल नेटवर्क के साथ निर्बाध मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगा।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.