Media24Media.com: #FlowerFarming

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #FlowerFarming. Show all posts
Showing posts with label #FlowerFarming. Show all posts

गेंदा फूल की खेती कर विद्याधर पटेल कमा रहे लाखों रुपये

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा के कई जिलों तक फूलों की आपूर्ति, रोजाना निकलती हैं 12 से 15 गाड़ियां

15 से 20 ग्रामीणों को मिल रहा नियमित रोजगार

रायपुर- खेती में नई सोच, मेहनत और बाजार की मांग के अनुरूप बदलाव किया जाए तो इसे बेहतर आमदनी का जरिया बनाया जा सकता है। फूलों की खेती पारंपरिक फसलों की तुलना में कम समय और कम लागत में अधिक मुनाफा दे सकती है, साथ ही यह परागण और प्राकृतिक कीट नियंत्रण में मदद करती है। छत्तीसगढ के रायगढ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम-कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने इसे अपनी मेहनत और अनुभव से साबित किया है। वर्ष 2007-08 से गेंदा फूल की खेती कर रहे विद्याधर आज 7 से 8 एकड़ में इसका उत्पादन कर रहे हैं। आज उनके खेतों में तैयार गेंदा फूल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा तक पहुंच रहा है। इस खेती से वे स्वयं बेहतर आमदनी अर्जित करने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।

प्रदर्शनी में फूलों की बिक्री देखकर आया खेती का विचार

विद्याधर पटेल बताते हैं कि वे वर्ष 1994-95 से सब्जी- भाजी की खेती कर रहे थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे। इन्हीं प्रदर्शनियों में गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखकर उनके मन में इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का विचार आया। इसके बाद वर्ष 2007-08 में उन्होंने गेंदा फूल की खेती शुरू की और अनुभव के साथ धीरे-धीरे इसका रकबा बढ़ाते चले गए।

पॉलीबैग तकनीक से खत्म किया नुकसान का डर

शुरुआती दौर में गेंदा फूल की खेती के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले खुले खेत में पौधे तैयार करते थे, लेकिन कई बार बीज का अंकुरण ठीक से नहीं होने के कारण दोबारा बीज मंगाकर बुवाई करनी पड़ती थी। इससे पौधे तैयार होने में देरी होती और दशहरा-दीपावली के प्रमुख सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे। वहीं, समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा भी रहता था। इस समस्या का समाधान निकालते हुए उन्होंने पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इसका फायदा यह हुआ कि दीपावली के दौरान फूलों की बिक्री नहीं होने पर भी बाद में उन्हें बाजार में बेचा जा सकता है। इस तकनीक से उत्पादन और बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बना और नुकसान की आशंका कम हुई।

एक एकड़ में पांच लाख रुपये तक की बिक्री

विद्याधर पटेल के अनुसार, गेंदा फूल की खेती में एक एकड़ से लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि प्रति एकड़ करीब 1 से 1.5 लाख रुपये तक लागत आती है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की सर्वाधिक मांग रहती है। इसी अवधि को ध्यान में रखकर वे उत्पादन और बिक्री की तैयारी करते हैं। सिंचाई के लिए उनके पास दो निजी बोरवेल हैं। खेतों में पाइपलाइन बिछाने के साथ आवश्यकता के अनुसार ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।

छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा के बाजार में भी मांग

विद्याधर पटेल के खेतों में उत्पादित गेंदा फूल की मांग छत्तीसगढ़ के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी है। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित ओडिशा के कई क्षेत्रों में फूलों की नियमित आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर तक भी फूल भेजे जाते हैं। सीजन के दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूलों का वितरण किया जाता है। फूलों की बिक्री नगद होती है और श्रमिकों तथा वाहन चालकों का भुगतान भी नियमित रूप से किया जाता है।

परिवार का सहयोग, 15 से 20 लोगों को रोजगार

फूल की इस खेती की सफलता में विद्याधर पटेल के परिवार की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेती के काम में बराबर सहयोग करती हैं। इसके साथ ही गांव के 15 से 20 श्रमिक नियमित रूप से उनके साथ काम करते हैं। फूलों को बाजार तक पहुंचाने के लिए उनके अपने वाहनों के अलावा प्रतिदिन 8 से 10 वाहन किराये पर भी लेने पड़ते हैं। इस तरह उनकी खेती से प्रत्यक्ष रूप से श्रमिकों और अप्रत्यक्ष रूप से वाहन चालकों को भी नियमित रोजगार मिल रहा है।

गेंदा के साथ 4 से 5 एकड़ में सब्जी उत्पादन

गेंदा फूल की खेती के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इसमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी अपनी बाड़ी में तैयार करते हैं। इस तरह फूलों और सब्जियों की खेती के माध्यम से उन्होंने अपनी आय के लिए अलग-अलग रास्ते तैयार किए हैं।

सफलता की कहानी-धान छोड़ फूलों की खेती ने बदली आनंदराम की तकदीर

No comments Document Thumbnail

22 हजार के बदले कमाए 3 लाख रुपए

गेंदा उत्पादन से कोड़केल के किसान ने पेश की सफलता की मिसाल

रायपुर- छत्तीसगढ़ में किसान अब पारंपरिक धान की खेती छोड़कर फूलों की खेती अपनाकर अपनी तकदीर बदल रहे हैं। उद्यानिकी विभाग और सरकारी योजनाओं की मदद से गेंदा, गुलाब जैसे फूलों की वैज्ञानिक खेती कर किसान कम लागत में लाखों रुपये का शुद्ध मुनाफा कमा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार आया है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन और उद्यानिकी विभाग से मार्गदर्शन मिलने के कारण किसान वैज्ञानिक पद्धति से अधिक उत्पादन ले रहे हैं। एक किसान आनंदराम सिदार की सफलता देखकर अब अन्य ग्रामीण भी परंपरागत खेती से आगे बढ़कर उद्यानिकी फसलों की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

परंपरागत खेती के दौर में जहाँ किसान अक्सर कम मुनाफे से परेशान रहते हैं, वहीं रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखण्ड के एक छोटे से गाँव कोड़केल के किसान आनंदराम सिदार ने नवाचार से समृद्धि की नई इबारत लिखी है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन की श्गेंदा क्षेत्र विस्तार योजनाश् का लाभ उठाकर आनंदराम ने अपनी आय में कई गुना वृद्धि की है।

धान बनाम गेंदा- मुनाफे का बड़ा अंतर

आनंदराम सिदार पहले पारंपरिक धान की खेती पर निर्भर थे। वे 10 क्विंटल धान का उत्पादन कर मुश्किल से 31 हजार रुपए की कुल आय प्राप्त कर पाते थे, जिसमें से लागत काटकर उनके हाथ मात्र 22 हजार रुपए का लाभ आता था। लेकिन उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने 0.400 हेक्टेयर क्षेत्र में गेंदा फूल की खेती शुरू की, जिससे उनकी आय का ग्राफ अचानक बदल गया।

तकनीकी सहयोग और बंपर उत्पादन

वर्ष 2025-26 के दौरान उद्यानिकी विभाग ने उन्हें उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। आनंदराम की मेहनत और विभागीय सहयोग का नतीजा यह रहा कि उन्होंने कुल उत्पादन लगभग 44 क्विंटल गेंदा फूल बेचकर 

 3 लाख रुपए से अधिक की कुल आमदनी हासिल की। धान की तुलना में बेहतर रिटर्न और कम समय में अधिक आय प्राप्त किया।

क्षेत्र के किसानों के लिए बने रोल मॉडल

आनंदराम सिदार की इस सफलता ने पूरे रायगढ़ जिले में गेंदा जैसी नगदी फसलों के प्रति अन्य किसानों का रुझान बढ़ा दिया है। अब क्षेत्र के कई किसान धान के स्थान पर फूलों की खेती को एक लाभकारी विकल्प के रूप में अपना रहे हैं। आनंदराम सिदार का कहना है कि शुरुआत में जोखिम लग रहा था, लेकिन उद्यानिकी विभाग के तकनीकी सहयोग और सही समय पर की गई देखरेख ने मेरी तकदीर बदल दी। आज मैं आत्मनिर्भर हूँ और अपने परिवार को बेहतर जीवन दे पा रहा हूँ।

विभाग की सक्रिय पहल

रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय बागवानी मिशन की गेंदा क्षेत्र विस्तार योजना से जुड़ने के बाद आनंदराम सिदार का जीवन की दिशा ही बदल गई। उद्यानिकी विभाग की सक्रियता से फूलों की खेती अब एक टिकाऊ और मुनाफे वाले व्यवसाय के रूप में उभर रही है। विभाग द्वारा लगातार किसानों को प्रशिक्षण और प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.