Media24Media.com: #FamilyValues

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #FamilyValues. Show all posts
Showing posts with label #FamilyValues. Show all posts

महासमुंद में 26 सितंबर को परिवार संस्कार कार्यशाला एवं विचार गोष्ठी, सामाजिक एकता और संस्कारों पर होगा मंथन

No comments Document Thumbnail

महासमुंद- जिला साहू संघ महासमुंद द्वारा परिवार व्यवस्था को मजबूत करने, संस्कारों के संरक्षण और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “परिवार संस्कार कार्यशाला एवं विचार गोष्ठी” का आयोजन 26 सितंबर 2026, शनिवार को किया जाएगा। कार्यक्रम साहू सदन, बी.टी.आई. रोड, महासमुंद में आयोजित होगा।

कार्यशाला में परिवार में संस्कार, सामाजिक एकता, आपसी संवाद और सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा संस्कारयुक्त एवं सुसंस्कृत समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों की रहेगी उपस्थिति

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंदूलाल साहू, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम एवं पूर्व सांसद, महासमुंद होंगे।

वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ की उपाध्यक्ष साधना साहू, संगठन सचिव डॉ. सुनील साहू तथा संगठन सचिव चंद्रवती साहू की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

दो सत्रों में होगा कार्यक्रम

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का आयोजन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा। इस सत्र में बसंत कुमार साहू एवं पूनम साहू, अभ्युदय संस्थान, अछोटी, दुर्ग द्वारा परिवार, संस्कार एवं सामाजिक जीवन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन और विचार-विमर्श किया जाएगा।

इसके बाद दोपहर 2:00 से 3:00 बजे तक भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

कार्यक्रम का द्वितीय सत्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान अतिथियों का स्वागत एवं उद्बोधन होगा। साथ ही जिला साहू संघ महासमुंद के नियुक्त एवं मनोनीत पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र का वितरण किया जाएगा।

अधिक से अधिक सहभागिता की अपील

जिला साहू संघ महासमुंद ने समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं एवं परिवारजनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि कार्यशाला के माध्यम से परिवार और समाज में आपसी संवाद, प्रेम, एकता, संस्कार तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, परिवार में अच्छे संस्कार ही सुदृढ़ और संस्कारवान समाज की आधारशिला हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से परिवारों को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की पहल की जा रही है।

स्थान: साहू सदन, बी.टी.आई. रोड, महासमुंद
दिनांक: 26 सितंबर 2026, शनिवार
समय: सुबह 11:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक

आयोजक:
जिला साहू संघ, महासमुंद


बेटियों के सम्मान का संकल्प: 240 नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री ने दिया सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद

No comments Document Thumbnail

हमारी सरकार हर बेटी के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य के लिए संकल्पित है - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए, जहां 240 नवविवाहित जोड़ों का विवाह विधिवत सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री साय विवाह मंडप में पहुंचकर नवदंपतियों के बीच गए और उन्हें शुभाशीष प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम का वातावरण पारंपरिक रीति-रिवाजों, वैदिक मंत्रोच्चार और सामाजिक एकता के भाव से ओतप्रोत रहा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा बनकर उभरी है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान कर उनके माता-पिता के आर्थिक बोझ को कम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने के साथ ही समाज में एकता और समरसता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को राहत मिली है और बेटियों के विवाह को लेकर उनकी चिंता काफी हद तक दूर हुई है। सामूहिक कन्या विवाह समारोह में विभिन्न समाजों के 240 जोड़ों ने एक साथ विवाह कर सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को कुल 50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें 35 हजार रुपए की राशि चेक के माध्यम से सीधे हितग्राही को दी जाती है, जबकि लगभग 7 हजार रुपए की वैवाहिक सामग्री एवं 8 हजार रुपए आयोजन व्यय के रूप में खर्च किए जाते हैं। मुख्यमंत्री साय ने नवदंपतियों को 35 हजार रुपए की राशि के चेक वितरित किए और उनके खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से विवाह सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र एवं उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं और योजना की सराहना की। यह आयोजन न केवल एक सामाजिक कार्यक्रम रहा, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी सोच और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता का भी प्रतीक बना।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर  गंगाराम भगत, विजय आदित्य सिंह जूदेव, सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री शशिकुमार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.