Media24Media.com: #CycloneAkvan

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #CycloneAkvan. Show all posts
Showing posts with label #CycloneAkvan. Show all posts

Cyclone Akvan Alert: महासमुंद में धान खरीदी केंद्रों पर अलर्ट, कलेक्टर ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश; 19 हजार क्विंटल धान खरीदा गया

No comments Document Thumbnail

 महासमुंद : मौसम में बदलाव और संभावित बारिश को देखते हुए कलेक्टर  विनय लंगेह ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान को बारिश, तेज हवा, जमीन की नमी और जलभराव से सुरक्षित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी केंद्रों में पर्याप्त कैप कवर, पन्नी एवं तिरपाल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।


कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि खुले में रखे धान के सभी स्टैक को मजबूत रस्सियों से अच्छी तरह बांधा जाए, ताकि तेज हवाओं के कारण तिरपाल एवं कैप कवर उड़ने की स्थिति निर्मित न हो। जमीन से आने वाले पानी और नमी से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज (Dunnage) की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों के फड़ के चारों ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्थिति में केंद्रों में पानी का जमाव नहीं होना चाहिए। केंद्र प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि बारिश का पानी धान के स्टैक तक न पहुंचे और खरीदे गए धान को किसी प्रकार का नुकसान न हो।

कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों एवं समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।

199 केंद्रों में 19,188 क्विंटल धान की खरीदी

जिले में 19 नवंबर तक 202 उपार्जन केंद्रों में से 199 केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 19,188 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गए धान की सुरक्षित रखरखाव एवं व्यवस्थित भंडारण के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर भी जारी है सख्ती

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के साथ ही अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर भी जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इस कार्रवाई में महासमुंद जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। अब तक जिले में 3,461 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर तक चक्रवात 'अकवान' के सक्रिय रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद किसानों से खरीदे गए धान की सुरक्षा और उपार्जन व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

Cyclone Akvan: ओडिशा में 3 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट; 20 राज्यों में मौसम बदलेगा

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Akvan) के संभावित असर को देखते हुए पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ओडिशा में तूफान से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार शाम तक करीब 2.98 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका था। वहीं, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात के 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों को प्रभावित करने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तूफान के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और जलभराव की स्थिति बन सकती है।

ओडिशा में बड़े पैमाने पर राहत अभियान, करीब 3 लाख लोगों का रेस्क्यू

चक्रवात का सबसे ज्यादा खतरा ओडिशा के तटीय और दक्षिणी जिलों में बताया जा रहा है। राज्य के विशेष राहत आयुक्त राजेश पी. पाटिल के मुताबिक, गुरुवार शाम तक 2,98,676 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। इन लोगों को 2,523 राहत शिविरों में ठहराया गया है। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर लोगों को रखने के लिए 9,341 आश्रय स्थलों को तैयार रखा है।

गंजाम जिले में सबसे ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। यहां 1,38,311 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत शिविरों में भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। गर्भवती महिलाओं और अन्य संवेदनशील लोगों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है।

गंजाम सहित संवेदनशील जिलों में एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। राज्य के 11 जिलों में बचाव दलों को लगाया गया है। मौसम विभाग ने पुरी, गंजाम, गजपति, कंधमाल, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। समुद्र में ऊंची लहरों के कारण पुरी और गंजाम के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है।

पश्चिम बंगाल में बारिश से जनजीवन प्रभावित

चक्रवात के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई है। कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में रातभर बारिश दर्ज की गई। दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, कोलकाता, हावड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर के तटीय क्षेत्रों में मौसम का असर दिखाई दिया।

मौसम विभाग ने उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में भारी बारिश का अनुमान जताया है। कोलकाता, साल्ट लेक और न्यू टाउन में बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ और कार्यालय जाने के समय कई सड़कों पर जाम की स्थिति बनी।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मछुआरों को 21 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

झारखंड के 11 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

चक्रवात का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, रांची, खूंटी, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा 21 और 22 नवंबर को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री तक गिरावट और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। 23 नवंबर से बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को बारिश, तेज हवाओं का अनुमान

चक्रवात अक्वान का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम में बदलाव को देखते हुए प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बरती जा रही है। संभावित बारिश और तेज हवाओं के कारण जलभराव, बिजली आपूर्ति बाधित होने और अन्य आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी की जा रही है।

छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सभी जिलों को निर्देश

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने भी प्रदेशभर में तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षकों को पत्र जारी किया गया है।

निर्देश में स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम फॉर इमरजेंसी रिस्पांस (ICR-ER) की एडवाइजरी के आधार पर 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने संभावित जलभराव, बाढ़ और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से जारी पत्र में आठ बिंदुओं के तहत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी बदलेगा मौसम

चक्रवात के प्रभाव से मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर तक बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। विदर्भ में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

रेलवे ने रद्द कीं 45 ट्रेनें, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह

चक्रवात के खतरे को देखते हुए रेलवे ने एहतियातन 45 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 28 अन्य ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल और शैक्षणिक संस्थानों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने समुद्र में खराब परिस्थितियों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

चक्रवात अक्वान का छत्तीसगढ़ में दिखेगा असर, दो जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 145 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। समुद्र में बना गहरा अवदाब चक्रवात अक्वान में तब्दील होने की संभावना जताई गई है। इसका असर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को सुकमा और बीजापुर में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, बस्तर के अन्य जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तेज होकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। अनुमान है कि 20 नवंबर को दोपहर के आसपास यह आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। इसके नेल्लौर और तूनी के बीच लैंडफॉल करने की संभावना जताई गई है।

इस दौरान तूफान की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तट से टकराने के बाद भी इसका प्रभाव आसपास के राज्यों में बना रह सकता है। छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी मौसम प्रभावित होने की आशंका है।

बस्तर संभाग में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

चक्रवात का सबसे ज्यादा असर छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर को सुकमा और बीजापुर जिले में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

वहीं, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहने और मौसम में ठंडक बढ़ने के आसार हैं।

किसानों और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए बस्तर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है। बारिश की आशंका को देखते हुए खेतों में कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने और खुले में रखी उपज को ढकने की सलाह दी गई है। पशुओं को भी खुले स्थानों पर छोड़ने के बजाय सुरक्षित शेड में रखने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अक्वान की दिशा और तीव्रता पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके आगे बढ़ने के साथ ही प्रदेश के दक्षिणी जिलों में मौसम की स्थिति में बदलाव हो सकता है। हालांकि, आंध्र प्रदेश के तट पर तूफान के दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.