Media24Media.com: #Bhoomipujan

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #Bhoomipujan. Show all posts
Showing posts with label #Bhoomipujan. Show all posts

वतन चन्द्राकर ने साहू समाज भवन नारा में बाउंड्रीवॉल निर्माण का किया भूमिपूजन

No comments Document Thumbnail

4 लाख रुपए की लागत से बनेगा आहता, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए परिसर को मिलेगा व्यवस्थित स्वरूप

आरंग- ग्राम पंचायत नारा स्थित साहू समाज भवन परिसर में सोमवार को 4 लाख रुपए की लागत से बनने वाले बाउंड्रीवॉल (आहता) निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। निर्माण कार्य की स्वीकृति मिलने पर साहू समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य वतन अंगनाथ चन्द्राकर का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। निर्माण की स्वीकृति से समाज के लोगों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेश साहू, सरपंच प्रतिनिधि रितेश जांगड़े, उपसरपंच द्रोण चन्द्राकर, प्रहलाद चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

पूजा-अर्चना के बाद रखी गई निर्माण की आधारशिला

भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने कुदाल चलाकर बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। ग्रामीणों ने बताया कि साहू समाज भवन परिसर में लंबे समय से बाउंड्रीवॉल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। परिसर खुला होने के कारण सुरक्षा और साफ-सफाई बनाए रखने में दिक्कत होती थी।

बाउंड्रीवॉल निर्माण पूरा होने के बाद परिसर को सुरक्षित और व्यवस्थित स्वरूप मिलने की उम्मीद है। इससे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

गांव के विकास में सामाजिक परिसरों की भी महत्वपूर्ण भूमिका : वतन

मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य वतन अंगनाथ चन्द्राकर ने कहा कि गांव का विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। सामाजिक परिसरों का विकास भी ग्रामीण जीवन की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और इससे सामाजिक एकजुटता को मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि साहू समाज भवन परिसर में बनने वाला बाउंड्रीवॉल सुरक्षा, स्वच्छता और परिसर के व्यवस्थित उपयोग में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि गांवों की सबसे बड़ी ताकत आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़ा होना है। विकास का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही प्राथमिकता है।

वतन चन्द्राकर ने कहा कि नारा में सामाजिक सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक प्रयासों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

निर्माण से ग्रामीणों में उत्साह

ग्रामीणों ने बताया कि बाउंड्रीवॉल नहीं होने के कारण परिसर की सुरक्षा और साफ-सफाई बनाए रखने में परेशानी होती थी। अब 4 लाख रुपए की लागत से आहता निर्माण होने से इन समस्याओं के दूर होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य को लेकर समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

भूमिपूजन कार्यक्रम के समापन के बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी क्षेत्र को दी विकास कार्यों की बड़ी सौगात: 16 करोड़ रुपए से अधिक के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

No comments Document Thumbnail

उच्च स्तरीय पुल, आधुनिक हाट बाजार, फल-सब्जी मंडी और महतारी सदनों से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने जशपुर प्रवास के दौरान विकासखंड कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कलिबा में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री साय ने कुल 16 करोड़ 5 लाख 91 हजार रुपए की लागत से 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में उच्च स्तरीय पुल, आधुनिक हाट बाजार, फल-सब्जी मंडी, स्कूल भवन और महतारी सदनों जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा, कृषि विपणन, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, स्कूल, बाजार और महिला केंद्र जैसी आधारभूत सुविधाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन को मजबूत बनाने का माध्यम हैं। इन कार्यों से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नए अवसरों का सृजन होगा।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में कुल 12 करोड़ 86 लाख 3 हजार रुपए की लागत से 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से ग्राम पंचायत कलिबा में 57 लाख 66 हजार रुपए की लागत से आधुनिक हाट बाजार का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें कव्हर्ड शेड, बोरवेल एवं सीसी रोड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बेहराखार में 80 लाख 59 हजार रुपए की लागत से आधुनिक हाट बाजार का निर्माण किया जाएगा। इन बाजारों के बनने से किसानों और ग्रामीण व्यापारियों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा तथा स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। लोक निर्माण विभाग (सेतु) द्वारा कलिबा-टांगरबहार (बैगाटोली) मार्ग पर 5 करोड़ 11 लाख 6 हजार रुपए की लागत से उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। वहीं बांसपतरा-दुलदुला मार्ग पर चांपाझरिया नाला में 5 करोड़ 90 लाख 80 हजार रुपए की लागत से उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इन पुलों के निर्माण से विशेषकर बरसात के दिनों में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही कठिनाइयों से राहत मिलेगी।

इसके साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्राथमिक शाला कोरवाडेरा, प्राथमिक शाला डडगांव, माध्यमिक शाला बालक नारायणपुर तथा प्राथमिक शाला लालगोड़ा के नवीन भवन निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इन भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में कुल 3 करोड़ 19 लाख 88 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए 4 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। कृषि उपज मंडी समिति जशपुर द्वारा ग्राम पंचायत कंडोरा (महुआटोली) स्थित उपमंडी कुनकुरी में 2 करोड़ 45 लाख 78 हजार रुपए की लागत से निर्मित फल-सब्जी मंडी, गोदाम, प्लेटफार्म, टायलेट, पार्किंग एवं सीसी रोड का लोकार्पण किया गया। इस आधुनिक मंडी के शुरू होने से किसानों एवं व्यापारियों को कृषि उपज के भंडारण, परिवहन और विपणन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इसके अतिरिक्त पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ढोढ़ीबहार, नारायणपुर एवं केराड़ीह में निर्मित महतारी सदनों का भी लोकार्पण किया गया। प्रत्येक महतारी सदन 24 लाख 70 हजार रुपए की लागत से निर्मित हुआ है। इन केंद्रों में महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण, स्व-सहायता समूह गतिविधियों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। पुल और सड़कों के निर्माण से ग्रामीण संपर्क मजबूत होगा, स्कूल भवनों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, आधुनिक बाजार एवं मंडियों से किसानों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा महतारी सदन महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करना नहीं, बल्कि गांवों में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और समृद्ध बनाना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.