रायपुर। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की राजनीति में अचानक हलचल मच गई है। Bharatiya Janata Party के सालर मंडल अध्यक्ष Ramkumar Thuriya की एक फेसबुक पोस्ट ने पार्टी के भीतर नया विवाद खड़ा कर दिया है।
मंडल अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर जिले के प्रभारी मंत्री Tankram Verma को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए लिखा – “जो उखाड़ना है उखाड़ लो…”। यह पोस्ट सामने आते ही भाजपा के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
रामकुमार थूरिया ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि प्रभारी मंत्री की वजह से सारंगढ़ जिला कमजोर हो रहा है। इस बयान के बाद जिले की राजनीति गरमा गई और विपक्ष को भी बड़ा मुद्दा मिल गया।
वहीं Indian National Congress के नेताओं ने इस पोस्ट को लेकर भाजपा पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता इसे भाजपा की अंदरूनी कलह बताते हुए पार्टी की एकजुटता पर सवाल उठा रहे हैं।
उधर भाजपा संगठन के भीतर भी इस पोस्ट को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक मंडल अध्यक्ष को अपने ही प्रभारी मंत्री के खिलाफ इतनी खुली टिप्पणी करने की जरूरत क्यों पड़ी।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी संगठन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रामकुमार थूरिया को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। हालांकि अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल यह मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस विवाद के पीछे की असली वजह क्या है और पार्टी संगठन इस पर क्या कार्रवाई करता है।

