Media24Media.com: #AndhraPradeshVisit

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #AndhraPradeshVisit. Show all posts
Showing posts with label #AndhraPradeshVisit. Show all posts

विजयवाड़ा उत्सव और तिरुमला दर्शन: उपराष्ट्रपति का विशेष दौरा

No comments Document Thumbnail

भारत के उपराष्ट्रपति, सी. पी. राधाकृष्णन ने 24 और 25 सितम्बर 2025 को आंध्र प्रदेश का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विजयवाड़ा और तिरुमला में कई सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।

यह उपराष्ट्रपति बनने के बाद किसी राज्य का उनका पहला आधिकारिक दौरा था।

24 सितम्बर को राधाकृष्णन ने अपने राज्य दौरे की शुरुआत विजयवाड़ा स्थित कनक दुर्गा मंदिर में दर्शन के साथ की, जहाँ उन्होंने राष्ट्र की समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की। इसके बाद वे पुनमय घाट पर आयोजित विजयवाड़ा उत्सव 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में उपराष्ट्रपति ने नवरात्रि के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे नारी शक्ति और महिला सशक्तिकरण का पर्व बताया। उन्होंने आंध्र प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर की सराहना की और कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा समावेशी विकास के क्षेत्रों में राज्य की उपलब्धियों को विशेष रूप से उल्लेखित किया। विजयवाड़ा की जनता के आत्मीय भाव और उत्साह की भी उन्होंने प्रशंसा की।
माननीय उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन विजयवाड़ा उत्सव में भाग लेते हुए

25 सितम्बर को राधाकृष्णन ने तिरुमला के पवित्र मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए और सभी नागरिकों के कल्याण के लिए आशीर्वाद माँगा। इसके बाद उन्होंने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD), तिरुमला में नव-निर्मित तीर्थयात्री सुविधा केंद्र ‘वेंकटाद्रि निवासम्’ का उद्घाटन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू, मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया।

‘वेंकटाद्रि निवासम्’ पाँच मंज़िला आधुनिक सुविधा केंद्र है, जिसे प्रतिदिन आने वाले हज़ारों श्रद्धालुओं की सेवा हेतु बनाया गया है। प्रत्येक तल पर छह विशाल हाल बनाए गए हैं। उद्घाटित स्तर पर चार छात्रावास (डॉरमेट्री) और दो बाल मुण्डन हाल उपलब्ध हैं। भवन में कुल 600 लॉकर लगाए गए हैं, प्रत्येक छात्रावास में 150 लॉकर रखे गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की वस्तुओं की सुरक्षित देखभाल हो सके। सुचारू आवागमन हेतु भवन में 10 लिफ्ट और 6 सीढ़ियाँ हैं। बेसमेंट में लगभग 500 श्रद्धालुओं की क्षमता वाला प्रसाद वितरण कक्ष बनाया गया है। साथ ही यहाँ एक चिकित्सा केंद्र भी स्थापित किया गया है, जिसमें एक चिकित्सक, औषधालय और चार बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध है।

‘वेंकटाद्रि निवासम्’ का उद्घाटन, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में TTD की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसमें आध्यात्मिक गरिमा और आधुनिक सुविधा का समन्वय किया गया है।

माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ ‘वेंकटाद्रि निवासम्’ का उद्घाटन करते हुए
अपनी यात्रा के समापन से पूर्व उपराष्ट्रपति ने तिरुचानूर स्थित पद्मावती मंदिर में भी दर्शन किए और माँ पद्मावती से राष्ट्र की शांति और समृद्धि हेतु आशीर्वाद माँगा।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.