Media24Media.com: #हाथी ने कुचला

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #हाथी ने कुचला. Show all posts
Showing posts with label #हाथी ने कुचला. Show all posts

महुआ बीनने गए युवक को हाथी ने कुचला, मौके पर मौत, गांव में दहशत

No comments Document Thumbnail

 एमसीबी/जनकपुर। जिले के जनकपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में महुआ बीनने गए एक युवक की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, Guru Ghasidas Tiger Reserve क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खोहरा, थाना कोटाडोल निवासी प्रेमलाल अपनी पत्नी सुंदरवती के साथ महुआ बीनने जंगल गए थे। शाम करीब 5 बजे लौटते समय खोहरा पाठ जंगल में करीब 3 किलोमीटर अंदर अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया।

हाथी को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने प्रेमलाल को दौड़ाकर पकड़ लिया और कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रही।

घटना डाकई पारा के पास नौगई मार्ग स्थित खाई के समीप हुई, जिसके बाद से मार्ग बाधित हो गया है। आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्राम पंचायत खोहरा के उपसरपंच चंद्र प्रताप ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाथी की मौजूदगी की पूर्व सूचना न तो दी गई और न ही ग्रामीणों को सतर्क किया गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के 12 से 14 घंटे बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश है। पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता नहीं मिलने से भी नाराजगी बढ़ी है। ग्रामीणों ने परिवार को कम से कम 10 लाख रुपये मुआवजा देने और हाथी को क्षेत्र से हटाने की मांग की है।

वहीं, पार्क परिक्षेत्र अधिकारी राजाराम ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विभाग द्वारा पहले ही सूचना दी गई थी और मुनादी के निर्देश भी दिए गए थे। उनके अनुसार, कर्मचारियों को गांव-गांव जाकर लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए थे।

इस घटना ने एक बार फिर जंगल से लगे इलाकों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या को उजागर कर दिया है। अब सवाल यह है कि सूचना तंत्र में चूक हुई या जिम्मेदारी तय करने से बचा जा रहा है। फिलहाल, पीड़ित परिवार को सहायता और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर लोगों की नजर प्रशासन पर टिकी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.