Media24Media.com: #हत्या का केस

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #हत्या का केस. Show all posts
Showing posts with label #हत्या का केस. Show all posts

मर्डर केस पलटा: 61 दिन बाद ‘मृत’ युवक जिंदा निकला, पुलिस जांच पर सवाल, पढ़े पूरी खबर

No comments Document Thumbnail

 जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे को कठघरे में खड़ा कर दिया है। जिस युवक को 61 दिन पहले मृत मानकर उसकी हत्या का केस दर्ज किया गया था, वही युवक अब जिंदा हालत में थाने पहुंच गया।


युवक ने पुलिस से साफ कहा- “मैं जिंदा हूं, मेरा मर्डर नहीं हुआ।”

पूरा मामला जशपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। युवक की पहचान सीमित खाखा (30 वर्ष) के रूप में हुई है।

61 दिन पहले मिली थी अधजली लाश, मर्डर केस दर्ज

जानकारी के मुताबिक, 22 अक्टूबर को पुरनानगर–बालाछापर मार्ग के बीच तुरीटोंगरी जंगल में एक युवक की अधजली लाश मिली थी। शव एक गड्ढे में पड़ा था और चेहरा सहित शरीर का अधिकांश हिस्सा जला हुआ था।

पुलिस ने पंचनामा कर मर्ग कायम किया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत को हत्या बताया गया, जिसके बाद धारा 103(1) और 238(क) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

दोस्तों पर हत्या का आरोप, जेल भेजे गए

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम सिटोंगा निवासी सीमित खाखा अपने साथियों के साथ झारखंड मजदूरी करने गया था। उसके साथी लौट आए, लेकिन सीमित वापस नहीं आया।

पुलिस ने दावा किया कि 17 अक्टूबर को सीमित अपने साथियों रामजीत राम, विरेंद्र राम और एक नाबालिग के साथ जशपुर लौटा था। शराब पीने के दौरान कमीशन के पैसों को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान सीमित की हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार

  • रामजीत राम ने चाकू से हमला किया
  • विरेंद्र राम ने लोहे की रॉड से वार किया
  • शव को जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाया गया

इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

शनिवार रात पलटा पूरा केस

शनिवार रात मामला उस समय पलट गया, जब कथित मृतक सीमित खाखा खुद सिटी कोतवाली थाना पहुंच गया।

वह ग्राम पंचायत सिटोंगा की सरपंच कल्पना खलखो के साथ थाने पहुंचा। सरपंच ने बताया कि सीमित झारखंड से आने वाली बस से उतरा और सिटोंगा जाने के लिए ऑटो में बैठा।

ऑटो चालक सीमित को पहचानता था। उसने तुरंत फोन कर सूचना दी कि जिस युवक की हत्या के आरोप में लोग जेल में हैं, वही युवक जिंदा है। इसके बाद सीमित को सीधे थाने लाया गया।

सीमित खाखा ने क्या बताया

पुलिस पूछताछ में सीमित खाखा ने बताया—

  • वह रोजगार की तलाश में झारखंड गया था
  • रांची पहुंचने के बाद साथियों से बिछड़ गया
  • गिरिडीह जिले के सरईपाली गांव में खेतों में मजदूरी करता रहा
  • उसके पास मोबाइल नहीं था, इसलिए परिजनों से संपर्क नहीं हो सका

सीमित ने बताया कि वह क्रिसमस मनाने घर लौट रहा था, तभी इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। उसे अपने खिलाफ दर्ज मर्डर केस की कोई जानकारी नहीं थी।

पुलिस उलझन में, असली शव कौन?

सीमित के जिंदा मिलने के बाद पुलिस के सामने कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं—

  • अधजली लाश किसकी थी?
  • गिरफ्तार लोगों ने किसकी हत्या की?
  • आरोपियों ने हत्या कबूल क्यों की?
  • परिजनों ने शव की पहचान कैसे की?

SSP का बयान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि—

“वास्तविक मृतक की पहचान के लिए राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूर्व में कार्रवाई की गई थी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों की रिहाई के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।”

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.