Media24Media.com: #सर्राफा कारोबारी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #सर्राफा कारोबारी. Show all posts
Showing posts with label #सर्राफा कारोबारी. Show all posts

CG NEWS : फर्जी लूट का 24 घंटे में खुलासा, बीमा राशि पाने के लिए सर्राफा कारोबारी ने रची साजिश

No comments Document Thumbnail

 दुर्ग। बीमा और मुआवजा राशि पाने के लालच में एक सर्राफा कारोबारी अपराध की राह पर चल पड़ा। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी द्वारा रची गई फर्जी लूट की साजिश का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।


मामला ग्राम कुगदा निवासी सर्राफा कारोबारी नितेश देवांगन से जुड़ा है, जिसने 5 फरवरी को कुम्हारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उससे सोने की ज्वेलरी और नकदी की लूट कर ली है। प्रार्थी ने बताया था कि वह ज्वेलरी खरीदकर लौट रहा था, तभी कुगदा रोड स्थित सार्थक होम के पास तीन बदमाशों ने धारदार हथियार दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस और ACCU टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की, लेकिन प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए के किसी भी संदिग्ध या लूट की घटना का कोई फुटेज नहीं मिला। सबूतों के अभाव में पुलिस को पूरे मामले पर संदेह हुआ।

इसके बाद जब पुलिस ने नितेश देवांगन से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी कहानी में लगातार विरोधाभास सामने आने लगे। आखिरकार आरोपी ने स्वीकार कर लिया कि उसने व्यापार में हुए नुकसान की भरपाई के लिए बीमा और मुआवजा राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से फर्जी लूट की कहानी गढ़ी थी।

आरोपी ने यह भी कबूल किया कि कथित रूप से लूटी गई ज्वेलरी उसने अपनी ही दुकान में छिपाकर रखी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दुकान से करीब 30 ग्राम (लगभग 3 तोला) सोने की ज्वेलरी बरामद की, जिसमें 7 जोड़ी टाप्स और 5 जोड़ी बालियां शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लोक सेवक को जानबूझकर झूठी सूचना देने का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.