Media24Media.com: #सरकारीनौकरी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #सरकारीनौकरी. Show all posts
Showing posts with label #सरकारीनौकरी. Show all posts

CG NEWS : सहकारी बैंकों में 1,360 पदों पर होगी भर्ती, सरकार ने दी मंजूरी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सहकारिता विभाग ने प्रदेश के पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों और उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी है।


इनमें जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के विभिन्न संवर्गों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में 1,162 समिति प्रबंधक के पद शामिल हैं। समिति प्रबंधकों के 1,162 पदों में से 596 पद सीधी भर्ती और 566 पद सीमित चयन के माध्यम से भरे जाएंगे।


पांच बैंक क्षेत्रों में होगी भर्ती

भर्ती के लिए सबसे अधिक पद रायपुर क्षेत्र में 508 स्वीकृत किए गए हैं। इसके बाद बिलासपुर में 444, बस्तर-जगदलपुर में 187, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 और रायगढ़ में 67 पदों पर भर्ती होगी।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

मंत्री के निर्देश के बाद आगे बढ़ी प्रक्रिया

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को हुई विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों और समितियों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने संबंधित बैंकों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण किया और कर्मचारी सेवा नियम, आरक्षण प्रावधान तथा वित्तीय मानदंडों के आधार पर भर्ती की अनुमति जारी की।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार सहकारी व्यवस्था को अधिक सक्षम और किसान हितैषी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 1,360 पदों पर भर्ती से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ सहकारी बैंकों और समितियों की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।

किसानों और खाताधारकों को मिलेगी बेहतर सुविधा

नए कर्मचारियों की नियुक्ति से जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है। इससे किसानों के ऋण प्रकरण, बैंकिंग लेन-देन और अन्य सेवाओं का संचालन अधिक सुगमता और समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।

समिति प्रबंधकों की नियुक्ति से पैक्स समितियों के दैनिक कामकाज, अभिलेख संधारण, वित्तीय प्रबंधन और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को भी मजबूती मिलेगी। वहीं, समितियों के कम्प्यूटरीकरण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार में भी नए कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

नियमों और आरक्षण प्रावधानों के तहत होगा चयन

भर्ती प्रक्रिया संबंधित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम-2023, आरक्षण नियमों, स्वीकृत पदों की संख्या और निर्धारित वित्तीय मानदंडों के अनुसार पूरी की जाएगी। भर्ती एवं चयन समिति में संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को अनिवार्य सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।

विभाग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। हालांकि, यह भर्ती प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अनुमति याचिका के अंतिम आदेश के अधीन रहेगी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.