Media24Media.com: #सनसनीखेज वारदात

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #सनसनीखेज वारदात. Show all posts
Showing posts with label #सनसनीखेज वारदात. Show all posts

CG NEWS : घर का भरोसेमंद ही निकला लुटेरा, 24 घंटे में पूर्व केयरटेकर गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 दुर्ग। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घर में घुसकर चाकू की नोक पर लूट करने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि दंपती का पूर्व केयरटेकर निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।


पुलिस के अनुसार, नेवई थाना क्षेत्र के प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स में रहने वाले भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनकी पत्नी घर पर अकेले थे। इसी दौरान पूर्व केयरटेकर विभान्शु महोबिया मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा और धारदार हथियार दिखाकर दोनों को धमकाया। आरोपी ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी की मांग की तथा महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटकर फरार हो गया।

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे करीब तीन महीने पहले केयरटेकर की नौकरी से हटा दिया गया था। इसी रंजिश में उसने बदला लेने की नीयत से लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार तथा घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि वह पहले किसी अन्य आपराधिक घटना में शामिल रहा है या नहीं।

पूर्व डिप्टी CM प्यारेलाल कंवर परिवार हत्याकांड में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 2 की उम्रकैद बरकरार, 3 बरी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर/बिलासपुर। चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाते हुए दो आरोपियों की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा है, जबकि तीन आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है। यह मामला अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री प्यारेलाल कंवर के परिवार से जुड़ा है।


करीब पांच साल बाद आए इस फैसले में हाईकोर्ट ने निचली अदालत के निर्णय में आंशिक संशोधन किया। इससे पहले ट्रायल कोर्ट ने सभी पांच आरोपियों को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, साक्ष्यों के पुनर्मूल्यांकन के बाद हाईकोर्ट ने हरभजन सिंह कंवर, उसकी पत्नी धनकुंवर और सुरेंद्र कुमार कंवर को दोषमुक्त कर दिया। वहीं परमेश्वर और रामप्रसाद की सजा को यथावत रखा गया है।

जमीन विवाद से जुड़ा था मामला

यह सनसनीखेज वारदात वर्ष 2021 में कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित भैंसा गांव में हुई थी। जमीन विवाद के चलते परिवार के भीतर ही खूनी साजिश रची गई थी। आरोपियों ने घर में घुसकर प्यारेलाल कंवर के छोटे बेटे हरीश कंवर, उनकी पत्नी और चार वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। हमले में तीनों के सिर, गर्दन और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए गए थे।

जांच में सामने आई पारिवारिक रंजिश

घटना के बाद पुलिस जांच में पारिवारिक रंजिश का खुलासा हुआ। आरोपियों में मृतक का बड़ा भाई, अन्य रिश्तेदार और उनके सहयोगी शामिल पाए गए। पुलिस ने एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत ने सभी को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसके खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की गई थी।

कौन थे प्यारेलाल कंवर

प्यारेलाल कंवर अविभाजित मध्यप्रदेश के प्रमुख आदिवासी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक रामपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और वर्ष 1997-98 में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में उपमुख्यमंत्री पद संभाला था। उनके बेटे हरीश कंवर को क्षेत्र में उनका राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता था।

कलयुगी बेटे ने पिता की लोहे के पाइप से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 सक्ति। जिले के डभरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पुत्र ने ही अपने पिता की लोहे के पाइप से मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना डभरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत रामभांठा की है। 26-27 मार्च की दरमियानी रात आरोपी सुमित महिलांगे ने अपने पिता मनबोध महिलांगे पर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से मनबोध महिलांगे की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही डभरा पुलिस सुबह मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित महिलांगे को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.