Media24Media.com: #श्री रामलला दर्शन योजना

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #श्री रामलला दर्शन योजना. Show all posts
Showing posts with label #श्री रामलला दर्शन योजना. Show all posts

समाज की उन्नति और प्रगति के लिए शिक्षा ही एकमात्र मार्ग : मुख्यमंत्री साय

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : समाज की उन्नति और प्रगति के लिए शिक्षा ही एकमात्र रास्ता है। हमारी सरकार स्कूल शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं को कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर और इंजीनियर बनते देखना ही हमारी मंशा है। मुख्यमंत्री साय कोरबा जिले के कटघोरा में आयोजित सातगढ़ कंवर समाज के सामाजिक सम्मेलन एवं वीर शहीद सीताराम कंवर की पुण्यतिथि समारोह को संबोधित कर रहे थे।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वीर शहीद सीताराम कंवर समाज का गौरव हैं। इस अवसर पर उन्होंने रामपुर चौक में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद सीताराम कंवर की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री  साय का तीर-धनुष भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।


मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में घोषणा की कि सातगढ़ कंवर समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए ₹1 करोड़ की राशि प्रदान की जाएगी तथा इस भवन में बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने रामपुर चौक में शहीद सीताराम कंवर की नई प्रतिमा स्थापना के लिए ₹10 लाख, कसनिया मोड़ में भगवान सहस्त्रबाहु की प्रतिमा स्थापना एवं प्रवेश द्वार निर्माण के लिए ₹25 लाख, तथा कटघोरा में हाईटेक बस स्टैंड के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कसनिया मोड़ में भगवान सहस्त्रबाहु चौक नामकरण, मूर्ति स्थापना, कल्चुरी स्वागत द्वार सह उद्यान निर्माण हेतु भूमिपूजन और शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री साय ने कंवर समाज के सम्मेलन में उपस्थित लोगों से समाज के विकास और उत्थान के लिए अपने बच्चों को शिक्षित करने, युवाओं को नशे से दूर रहने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा के लिए उत्कृष्ट संस्थान स्थापित किए गए हैं — मेडिकल कॉलेज, एम्स, आईआईआईटी, विश्वविद्यालय और लॉ कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती महोत्सव के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ की जनता से की गई गारंटियों को पूरा करने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। सरकार गठन के साथ ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए। किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख महिलाओं को प्रति माह ₹1000 की आर्थिक सहायता उनके खातों में जमा की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों से ₹5500 प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी की जा रही है। चरण पादुका योजना पुनः प्रारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत राज्य से प्रत्येक माह हजारों श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की यात्रा सरकारी खर्च पर कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के मात्र 20 माह के भीतर ही 10 हजार से अधिक युवाओं को शासकीय नौकरी दी गई है। शीघ्र ही 5 हजार शिक्षकों और 700 से अधिक सहायक प्राध्यापकों की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति को रोजगारमुखी बनाकर युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक  प्रेमचंद पटेल और तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, महापौर संजू देवी राजपूत, कंवर समाज के केंद्रीय अध्यक्ष छत्रपाल सिंह कंवर, सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण और कंवर समाज के सामाजिक बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत बिलासपुर संभाग के 850 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए हुआ रवाना

No comments Document Thumbnail

रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी योजना श्री रामलला दर्शन के अंतर्गत श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के अयोध्या धाम में दर्शन करने का सौभाग्य निरंतर प्राप्त हो रहा है। इसी कड़ी में आज बिलासपुर संभाग से 850 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ।

पर्यटन मंडल अध्यक्ष एवं विधायकों ने दिखाया हरी झंडी


यह जत्था बिलासपुर रेलवे स्टेशन से चलने वाली विशेष ट्रेन के लिए रवाना किया गया। अयोध्या धाम जाने वाली इस विशेष ट्रेन को छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, विधायक सर्वश्री धरमजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

इस विशेष ट्रेन में बिलासपुर संभाग के सभी आठ जिलों से कुल 850 श्रद्धालु शामिल है। जिसमें बिलासपुर जिले से 225, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही से 49, कोरबा जिले से 146, जांजगीर-चांपा से 187, मुंगेली से 64, रायगढ़ से 112, सक्ती से 37 एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से 30 श्रद्धालु शामिल है। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। अयोध्या धाम की इस पावन यात्रा की उत्तम व्यवस्था के लिए श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को उनके जीवनकाल में एक बार भगवान श्रीराम लला के अयोध्या धाम दर्शन कराने का संकल्प लिया गया था, जिसे मूर्त रूप देने के लिए 23 फरवरी 2024 को छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल एवं इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पाेरेशन के बीच एमओयू हस्ताक्षरित किया गया था।

इस योजना का विधिवत शुभारंभ 5 मार्च 2024 को रायपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा वरिष्ठ मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर किया गया था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक लगभग 22,100 श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। योजना के अंतर्गत रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा एवं बस्तर-दुर्ग (संयुक्त) संभागों के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम ले जाने के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेनें नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।

इस योजना के तहत शासन द्वारा यात्रियों को पूर्णतः निःशुल्क यात्रा, खानपान एवं सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे यह यात्रा सुगम, सुरक्षित और सुखद बन सके। यह योजना श्रद्धा, सेवा और सुशासन का अद्वितीय संगम है, जो प्रदेशवासियों को रामभक्ति से जोड़ने का एक प्रेरणादायक माध्यम बन चुकी है।


मुख्यमंत्री साय की पहल से ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ हो रही साकार - रजत जयंती वर्ष में आस्था और सांस्कृतिक चेतना की ऐतिहासिक पहल

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रदेशवासियों को श्रीराम लला के दर्शन का सौभाग्य प्रदान करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ जन जन के जीवन से जुड़ रही है।


इस योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली विशेष ट्रेन दिनांक 15 जुलाई 2025 को रायपुर रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए रवाना होगी। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं इस विशेष दर्शन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। रायपुर संभाग के श्रद्धालुओं को लेकर रवाना होने वाली इस ट्रेन के प्रस्थान अवसर पर मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं दक्षिण पूर्व-मध्य रेलवे रायपुर मंडल के डीआरएम दयानंद, सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी तथा आईआरसीटीसी – साउथ सेंट्रल ज़ोन के ग्रुप महाप्रबंधक पी. राजकुमार भी उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रदेशवासियों को उनके जीवनकाल में एक बार प्रभु श्रीराम लला के अयोध्या धाम दर्शन का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 23 फरवरी 2024 को छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड एवं इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) संपादित किया गया था।

उक्त एमओयू के क्रियान्वयन की श्रृंखला में योजना की विधिवत शुरुआत रायपुर संभाग के श्रद्धालुओं के साथ 5 मार्च 2024 को हुई थी, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ मंत्रीगणों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में रायपुर रेलवे स्टेशन से पहली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

इसके पश्चात् 11 मार्च को बिलासपुर संभाग के श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेन को उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसी क्रम में 19 जून को सरगुजा संभाग की विशेष ट्रेन को सांसद चिंतामणि महाराज ने विधायकगण एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शुभारंभ किया। 26 जून को दुर्ग एवं बस्तर (संयुक्त) संभाग की पहली विशेष ट्रेन, जिसमें 850 श्रद्धालु शामिल थे, दुर्ग रेलवे स्टेशन से अयोध्या के लिए रवाना हुई। इन सभी अवसरों पर श्रद्धालुओं में अत्यंत उत्साह और आस्था का भाव देखने को मिला। साथ ही मीडिया प्रतिनिधिगण, आम नागरिक, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड एवं आईआरसीटीसी के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि विगत वित्तीय वर्ष में ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के अंतर्गत लगभग 22,100 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के दर्शन का अवसर प्राप्त हुआ। योजना के तहत विशेष साप्ताहिक ट्रेनें आगे भी रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग-बस्तर (संयुक्त) संभागों के श्रद्धालुओं को श्रीराम लला के दर्शन हेतु नियमित रूप से अयोध्या धाम ले जाती रहेंगी।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की यह पहल न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती प्रदान कर रही है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना को भी गौरवपूर्ण स्थान दिला रही है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.