Media24Media.com: #लोक शिक्षण संचालनालय

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #लोक शिक्षण संचालनालय. Show all posts
Showing posts with label #लोक शिक्षण संचालनालय. Show all posts

रसोईयों की हड़ताल से जुड़ी खबरें भ्रामक और तथ्यहीन, लोक शिक्षण संचालनालय ने कहा तूता धरना स्थल का दो रसाईयों मृत्यु से कोई वास्ता नहीं

No comments Document Thumbnail

रायपुर। कुछ ऑनलाइन न्यूज चैनलों द्वारा यह भ्रामक खबर प्रसारित की जा रही है कि तूता धरना स्थल पर हड़ताल में बैठे रसोईयों में से दो की तबीयत बिगड़ने से मौके पर ही मृत्यु हो गई। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा इस संबंध में तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि यह जानकारी पूर्णतः भ्रामक एवं तथ्यहीन है।

लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार हड़ताल पर बैठे रसोईयों के प्रतिनिधियों की संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय एवं सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग से चर्चा हुई थी। इस दौरान शासन द्वारा रसोईयों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके मानदेय में 25 प्रतिशत की वृद्धि, अर्थात 500 रूपए की वृद्धि किए जाने की कार्यवाही की जानकारी दी गई थी तथा हड़ताल समाप्त कर अपने-अपने निवास स्थान लौटने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद कुछ रसोईयों द्वारा धरना स्थल पर बने रहने का निर्णय लिया गया।

समाचार चैनलों में जिन दो रसोईयों की मृत्यु की खबर प्रसारित की जा रही है, उनमें से एक रसोईया बालोद जिले की निवासी थी, जो 20 एवं 21 जनवरी को धरना स्थल पर उपस्थित रही थी, किंतु बाद में अपने निवास स्थान लौट गई थी। वहां उसकी तबीयत खराब होने पर उसे दल्ली राजहरा स्थित शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान आज उसकी मृत्यु हो गई। दूसरी महिला रसोईया बेमेतरा जिले के बेरला विकासखण्ड की निवासी थी, जो पहले से ही गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। उन्हें भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई।

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि दोनों ही मामलों में संबंधित रसोईयों की मृत्यु का धरना स्थल अथवा हड़ताल से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। राज्य शासन सभी रसोईयों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को लेकर सजग है। शासन द्वारा रसोईयों के हित में आवश्यक निर्णय एवं कार्यवाही लगातार की जा रही है।

व्याख्याता पदोन्नति हेतु ऑनलाईन ओपन काउंसलिंग 28 सितंबर तक होगी

No comments Document Thumbnail

रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 1227 प्रधान पाठक (प्राथमिक शाला) एवं शिक्षक संवर्ग (बी.एड. प्रशिक्षित स्नातकोत्तर) एल.बी. को व्याख्याता/व्याख्याता (एल.बी.) टी. संवर्ग के पद पर पदोन्नति हेतु ऑनलाईन ओपन काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। यह काउंसलिंग दिनांक 25 से 28 सितम्बर 2025 तक शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकर नगर रायपुर में आयोजित की जा रही है।

काउंसलिंग के द्वितीय दिवस आज 26 सितम्बर को कुल 454 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग दो पाली में आयोजित की गई, जिसमें राजनीति शास्त्र, इतिहास, अंग्रेजी, भौतिकी, जीवविज्ञान, वाणिज्य, भूगोल एवं रसायन शास्त्र विषयों के अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इनमें राजनीति शास्त्र में 55 उपस्थित एवं 14 अनुपस्थित, इतिहास में 40 उपस्थित एवं 11 अनुपस्थित, अंग्रेजी में 54 उपस्थित एवं 25 अनुपस्थित, भौतिकी में 19 उपस्थित एवं 1 अनुपस्थित, जीवविज्ञान में 99 उपस्थित एवं 4 अनुपस्थित, वाणिज्य में 10 उपस्थित एवं 6 अनुपस्थित, भूगोल में 69 उपस्थित एवं 5 अनुपस्थित तथा रसायन शास्त्र में 33 उपस्थित एवं 9 अनुपस्थित रहे।

इस प्रकार कुल 454 अभ्यर्थियों में से 379 उपस्थित एवं 75 अनुपस्थित रहे। द्वितीय दिवस की उपस्थिति का प्रतिशत 83.48 दर्ज किया गया। दोनों दिवसों में कुल 806 अभ्यर्थियों में से 708 उपस्थित एवं 98 अनुपस्थित रहे, जिससे कुल उपस्थिति प्रतिशत 87.84 रहा।

लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों ने बताया कि ओपन ऑनलाईन काउंसलिंग की प्रक्रिया के अंतर्गत सभी उपस्थित अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चयनित विद्यालयों में पदस्थापना हेतु नियुक्ति आदेश जारी किए गए।


हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी के परिणाम सुधार के लिए ठोस प्रयास करें : शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

No comments Document Thumbnail

रायपुर। स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षाओं के परिणामों में सुधार लाने के लिए अभी से ठोस और प्रभावी प्रयास किए जाएं। इसके लिए स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर शिक्षकों को प्रशिक्षण एवं समुचित सलाह उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी सचिव स्कूल शिक्षा एवं लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने विभागीय संरचना, शासकीय स्कूलों और छात्रों की संख्या, शिक्षकों की स्थिति, शैक्षणिक पद, बजट प्रावधान, अधोसंरचना तथा विद्यार्थियों के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। मंत्री यादव ने निःशुल्क गणवेश, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, शिक्षा का अधिकार अधिनियम और निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना की जानकारी लेकर इन योजनाओं को सुचारू रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान को भी पूरी गंभीरता से लागू करने पर जोर दिया।

यादव ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधार में सामुदायिक सहयोग बेहद आवश्यक है। इसके लिए स्कूलों में सामाजिक अंकेक्षण आयोजित किए जाएं, ताकि समाज की भागीदारी से शिक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ हो सके। उन्होंने राज्य में आयोजित रजत जयंती समारोह के अवसर पर प्रस्तावित गतिविधियों पुस्तक वाचन दिवस, बाल पंचायत, एल्युमिनी मीट, शिक्षक दिवस और प्रदर्शनीक के आयोजन की रूपरेखा पर भी अधिकारियों से चर्चा की।

शिक्षा मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने जिलों से शिक्षकों की संपूर्ण जानकारी, पदस्थापना तथा रिक्त पदों का विवरण संचालनालय को प्रस्तुत करें। इससे स्कूलों की स्थिति में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में सैनिक स्कूलों और केंद्रीय विद्यालयों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। बैठक में लोक शिक्षण संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.