Media24Media.com: #राज्यसभा सांसद संदीप पाठक

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #राज्यसभा सांसद संदीप पाठक. Show all posts
Showing posts with label #राज्यसभा सांसद संदीप पाठक. Show all posts

AAP छोड़ BJP में आए संदीप पाठक पर गिरफ्तारी की तलवार, पंजाब में दो केस दर्ज

No comments Document Thumbnail

 चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पंजाब के अलग-अलग जिलों में उनके खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों मामलों में गैर-जमानती धाराएं लगाई गई हैं। वहीं, पंजाब पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए दिल्ली पहुंची है।


सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही संदीप पाठक अपने आवास से निकल चुके थे।

25 अप्रैल को BJP में हुए थे शामिल

संदीप पाठक ने 25 अप्रैल को राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, राजेंद्र गुप्ता और स्वाति मालीवाल समेत अन्य नेताओं के साथ भाजपा का दामन थामा था।

केजरीवाल के करीबी माने जाते थे पाठक

संदीप पाठक को अरविंद केजरीवाल का करीबी माना जाता था। जब केजरीवाल जेल में थे, तब जिन चुनिंदा लोगों को उनसे मिलने की अनुमति थी, उनमें संदीप पाठक भी शामिल थे। पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति तैयार करने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। चुनाव में जीत के बाद वे पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार के रूप में उभरे थे। बाद में उन्हें राज्यसभा भेजा गया।

हालांकि बाद में उन्हें पंजाब प्रभारी पद से हटाकर छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया। उनके स्थान पर मनीष सिसोदिया को पंजाब चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, इस फैसले से वे नाराज बताए जा रहे थे।

शिक्षण क्षेत्र से राजनीति तक का सफर

छत्तीसगढ़ के रहने वाले संदीप पाठक ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी की है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली की नौकरी छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा था।

राजेंद्र गुप्ता की कंपनी पर भी कार्रवाई

इधर, आप छोड़ने वाले उद्योगपति पद्मश्री राजेंद्र गुप्ता की बरनाला स्थित ट्राइडेंट इंडस्ट्री यूनिट पर पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) ने छापा मारा था। इसके खिलाफ ट्राइडेंट ग्रुप ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।

हाईकोर्ट ने मामले में पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है। साथ ही पीपीसीबी ने कोर्ट को भरोसा दिलाया है कि 4 मई तक कंपनी के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

 
 

संदीप पाठक के घर के बाहर फूटा गुस्सा: AAP कार्यकर्ताओं ने लिखा ‘गद्दार’, जमकर किया हंगामा

No comments Document Thumbnail

 मुंगेली। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी माहौल गरमा गया है। उनके इस फैसले से नाराज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव बटहा में घर के बाहर प्रदर्शन किया।


जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान घर की दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखकर नाराजगी जताई गई। कार्यकर्ताओं ने संदीप पाठक पर अवसरवाद और विश्वासघात के आरोप लगाए।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिस पार्टी ने उन्हें पहचान दिलाई, उसी को छोड़कर उन्होंने समर्थकों और जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

गौरतलब है कि संदीप पाठक आम आदमी पार्टी में प्रमुख रणनीतिकार माने जाते थे। पंजाब में पार्टी की सरकार बनाने में उनकी अहम भूमिका बताई जाती है।

उल्लेखनीय है कि 24 अप्रैल 2026 को राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत सात राज्यसभा सांसदों ने आम आदमी पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी। बाद में इन सांसदों को भाजपा में शामिल होने की मंजूरी भी मिल गई।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.