Media24Media.com: #महतारीवंदन

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #महतारीवंदन. Show all posts
Showing posts with label #महतारीवंदन. Show all posts

दीपावली से पहले महिलाओं के खाते में आएंगे 632 करोड़, कल जारी होगी महतारी वंदन की 33वीं किस्त

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए दीपावली से पहले बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त 3 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। राज्योत्सव समारोह के दौरान आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। त्योहार से ठीक पहले मिलने वाली इस आर्थिक सहायता से लाखों महिलाओं को राहत मिलेगी।


राजधानी रायपुर में आयोजित राज्योत्सव समारोह के मुख्य मंच से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राशि अंतरण का कार्यक्रम संपन्न होगा। योजना के तहत हितग्राहियों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राशि भेजी जाएगी।

67 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ

महतारी वंदन योजना की इस किस्त के तहत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर चुकीं प्रदेश की 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को नियमित मासिक सहायता मिलेगी। वहीं, नियद नेल्ला नार योजना के कैंप क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को 13वीं किस्त की राशि प्रदान की जाएगी। इस तरह कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं के खातों में सहायता राशि पहुंचेगी।

32 किस्तों में अब तक 20,717 करोड़ रुपये का भुगतान

छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को की गई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

अब 33वीं किस्त के 632.63 करोड़ रुपये जारी होने के बाद योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर लगभग 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी। यह योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

छोटी जरूरतों से लेकर घरेलू खर्च में मिल रही मदद

महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी व्यक्तिगत जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, घरेलू खर्च और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में योगदान दे रही हैं। सरकार का मानना है कि महिलाओं के हाथों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचने से परिवार में उनकी आर्थिक भागीदारी और निर्णय लेने की क्षमता मजबूत हो रही है।

ऑनलाइन चेक कर सकेंगी किस्त का स्टेटस

हितग्राही महिलाएं महतारी वंदन योजना की किस्त और भुगतान से जुड़ी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट mahtarivandan.cgstate.gov.in पर देख सकती हैं। इसके अलावा प्ले स्टोर पर उपलब्ध योजना के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भुगतान की स्थिति और अन्य जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.