Media24Media.com: #बस्तर संभाग#माओवादी संगठन

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #बस्तर संभाग#माओवादी संगठन. Show all posts
Showing posts with label #बस्तर संभाग#माओवादी संगठन. Show all posts

माओवादी संगठन को बड़ा झटका: स्टेट कमेटी सदस्य सोमन्ना का सरेंडर, डेडलाइन से पहले छोड़ा हथियार

No comments Document Thumbnail

 जगदलपुर : बस्तर संभाग में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ जारी अभियान के बीच सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। माओवादी संगठन के स्टेट कमेटी सदस्य और कुख्यात नक्सली चेल्लुरु नारायण राव उर्फ सोमन्ना ने आत्मसमर्पण कर दिया है। यह सरेंडर आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में हुआ, जिसे माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।


जानकारी के मुताबिक, सोमन्ना लंबे समय से एओबी (आंध्र-ओडिशा बॉर्डर) क्षेत्र में सक्रिय था और संगठन के अहम पदों पर कार्यरत रहा है। वह एओबी स्टेट कमेटी का प्रमुख सदस्य था और केंद्रीय क्षेत्रीय समिति (CRC) की तीसरी कंपनी का कमांडर भी रह चुका है। उसके जिम्मे कई बड़ी वारदातों की योजना और संचालन का दायित्व रहा है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार द्वारा माओवाद के खात्मे के लिए तय समयसीमा से ठीक पहले हुआ यह आत्मसमर्पण बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह संकेत देता है कि लगातार दबाव और सुरक्षा बलों की सख्त कार्रवाई के चलते अब संगठन के शीर्ष कैडर भी मुख्यधारा में लौटने को मजबूर हो रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि सोमन्ना पिछले कई वर्षों से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय था और संगठन के भीतर उसकी गहरी पकड़ थी। एओबी क्षेत्र में उसने कई अभियानों का नेतृत्व किया और उसे अनुभवी कमांडरों में गिना जाता था। ऐसे में उसका सरेंडर माओवादी ढांचे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

सुरक्षा बलों का मानना है कि इस आत्मसमर्पण का असर अन्य माओवादी कैडरों पर भी पड़ेगा और वे भी हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित होंगे। सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार बढ़ते दबाव के चलते हाल के समय में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, रोजगार के अवसर और समाज में पुनर्स्थापना जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। इससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाली की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.