Media24Media.com: #पेपर लीक का मास्टरमाइंड

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #पेपर लीक का मास्टरमाइंड. Show all posts
Showing posts with label #पेपर लीक का मास्टरमाइंड. Show all posts

12वीं हिंदी पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 3000 रुपये में बेचता था प्रश्नपत्र, बिलासपुर से दबोचा गया आरोपी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा के पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र बेचता था और सोशल मीडिया के जरिए पेपर वायरल करने में शामिल था।


जानकारी के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। पेपर लीक के गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी और उससे जुड़े लोग डिजिटल साक्ष्यों को मिटाने में जुटे हुए हैं। इसके बाद साइबर टीम की मदद से मोबाइल चैट, सोशल मीडिया एक्टिविटी, डिलीटेड डेटा और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन की गहन जांच शुरू की गई।

लगातार जांच और 50 से अधिक छात्रों व अन्य लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य आरोपी वेणु जंघेल तक पहुंची। आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है और रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी परीक्षा से पहले छात्रों को 3000 रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था। मामला दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल समेत अन्य डिजिटल सबूत नष्ट करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
रायपुर क्राइम ब्रांच एसीसीयू और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पेपर लीक करने के तरीके, पैसों के लेन-देन और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी दी है।

पुलिस अब बरामद डिजिटल साक्ष्यों और रिकवर किए गए डेटा के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। मामले में जल्द ही और आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।
फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.