नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब सीएनजी (CNG) उपभोक्ताओं को भी महंगाई का झटका लगा है। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमत में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दर लागू होने के बाद अब सीएनजी 81.09 रुपये प्रति किलो हो गई है।
लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। पेट्रोल-डीजल के बाद अब सीएनजी महंगी होने से ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों का खर्च और बढ़ जाएगा।
10 दिनों में तीन बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
पिछले 10 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन बार बढ़ोतरी की जा चुकी है। तेल कंपनियों ने 16 मई, 19 मई और 23 मई को लगातार दाम बढ़ाए हैं। इस दौरान पेट्रोल करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है।
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में तेजी आई है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है।
आम लोगों पर बढ़ी महंगाई की मार
अब तक लोग पेट्रोल-डीजल की महंगाई से बचने के लिए सीएनजी वाहनों का विकल्प चुन रहे थे, लेकिन सीएनजी के दाम बढ़ने के बाद राहत की उम्मीद भी खत्म होती नजर आ रही है। मध्यम वर्ग और रोजाना सफर करने वाले लोगों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
ऑटो और कैब किराया बढ़ने के आसार
सीएनजी की कीमत बढ़ने से सबसे ज्यादा असर सार्वजनिक परिवहन पर पड़ सकता है। दिल्ली-एनसीआर, मुंबई समेत कई बड़े शहरों में ऑटो-रिक्शा, कैब और स्कूल बसें बड़े पैमाने पर सीएनजी पर निर्भर हैं।
ट्रांसपोर्ट यूनियनों का कहना है कि बढ़ती ईंधन लागत के कारण आने वाले दिनों में ऑटो और टैक्सी किराए में बढ़ोतरी की मांग तेज हो सकती है। ऐसे में रोजाना यात्रा करने वाले लोगों का खर्च और बढ़ जाएगा।
सब्जी-दूध समेत जरूरी सामान भी हो सकते हैं महंगे
हल्के कमर्शियल वाहन, जो शहरों में सब्जियां, फल, दूध और अन्य जरूरी सामान की सप्लाई करते हैं, वे भी बड़ी संख्या में सीएनजी का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने का असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
जानकारों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में नरमी नहीं आई, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

