Media24Media.com: #पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव. Show all posts
Showing posts with label #पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव. Show all posts

घरों में बर्तन धोने से विधायक तक: बंगाल चुनाव में कलिता माझी की जीत चर्चा में

No comments Document Thumbnail

 West Bengal Vidhan Sabha Chunav Result 2026 : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता कलिता माझी की जीत खास चर्चा का विषय बनी हुई है। घरेलू कामगार के रूप में जीवनयापन करने वाली माझी ने ऑसग्राम विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज कर राजनीति में एक प्रेरक उदाहरण पेश किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलिता माझी पहले चार घरों में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर करीब 2,500 रुपये प्रतिमाह कमाती थीं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और इस बार चुनाव में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उन्हें कुल 1,07,692 मत प्राप्त हुए और उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी श्यामा प्रसन्ना लोहार को 12,535 मतों से पराजित किया।

गुस्करा नगर पालिका क्षेत्र से जुड़ी माझी की उम्मीदवारी पहले से ही उनके जमीनी जुड़ाव के कारण चर्चा में थी। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2021 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था, जिसमें उन्हें अभेदानंद थांडर के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, पार्टी ने उन पर भरोसा कायम रखा और इस बार उन्हें टिकट दिया, जिसका परिणाम जीत के रूप में सामने आया।

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को राज्य में प्रचंड जनादेश मिला। 294 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी ने 208 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार किया और तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासन का अंत कर दिया।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से भाजपा के शुभेंदु अधिकारी के हाथों 15,105 मतों से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे फिरहाद हकीम, शोवनदेब चट्टोपाध्याय और जावेद खान ने अपनी-अपनी सीटों पर जीत दर्ज की।

विश्लेषकों के अनुसार, कलिता माझी की जीत न केवल एक राजनीतिक सफलता है, बल्कि यह सामाजिक-आर्थिक बदलाव और जमीनी स्तर से उभरने वाले नेतृत्व का भी प्रतीक मानी जा रही है।

बंगाल रुझानों से गदगद मंत्री ओपी चौधरी, बंगले के बाहर मुफ्त झालमुड़ी; CM साय बोले- जनता के भरोसे की जीत

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में भाजपा की बढ़त से छत्तीसगढ़ में उत्साह का माहौल नजर आ रहा है। राज्य के मंत्री ओपी चौधरी ने रायपुर स्थित अपने सरकारी बंगले के बाहर लोगों को निःशुल्क झालमुड़ी खिलाकर खुशी जाहिर की।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंगाल की 293 सीटों पर मतगणना जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को मतदान होना है। शुरुआती रुझानों में भाजपा को बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। खबर लिखे जाने तक भाजपा 194 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) 94 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को लगभग 45% और TMC को करीब 42% वोट मिलते नजर आ रहे हैं।


भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगे चल रही हैं, जबकि सुवेंदु अधिकारी पीछे बताए जा रहे हैं। वहीं, जिस इलाके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाई थी, वहां की चारों सीटों—झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम—पर भाजपा बढ़त में है।

बताया जा रहा है कि 2021 के मुकाबले इस बार भाजपा का वोट शेयर करीब 6 प्रतिशत तक बढ़ता नजर आ रहा है और सीटों में भी उल्लेखनीय बढ़त मिलती दिख रही है।

CM साय की प्रतिक्रिया

इधर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा के पक्ष में आ रहे रुझान जनता के भरोसे और विकास कार्यों की स्वीकृति का प्रमाण हैं।

मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़त पर खुशी जताते हुए इसे लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति को समर्थन दिया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मौजूदा रुझान यह संकेत देते हैं कि जनता स्थिर सरकार और विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां लगातार जनविश्वास को मजबूत कर रही हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय एक दिन पहले बलरामपुर दौरे पर पहुंचे थे और रात्रि विश्राम के बाद उन्होंने भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद वे अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

ममता के किले में कमल खिलने की उम्मीद, मतगणना जारी; BJP-TMC में कड़ा मुकाबला

No comments Document Thumbnail

 कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से राज्यभर के 77 केंद्रों पर शुरू हो गई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों ही अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं।


मुख्यमंत्री Mamata Banerjee चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं, जबकि भाजपा ने इस बार सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने राज्य में ताबड़तोड़ रैलियां कर चुनावी माहौल को गर्म रखा।

इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर रही, जहां ममता बनर्जी का मुकाबला भाजपा नेता Suvendu Adhikari से है। वहीं सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से भी मैदान में हैं। भवानीपुर में मतगणना के दौरान भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प की खबर भी सामने आई है।

राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से 293 पर 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ, जबकि फाल्टा सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होगा। इस बार करीब 92.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अपने आप में रिकॉर्ड है।

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। Election Commission of India ने मतगणना के लिए बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। आयोग ने 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षक और 77 पुलिस पर्यवेक्षक भी तैनात किए हैं।

चुनाव में कुल 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता शामिल हुए। दिलचस्प बात यह रही कि राज्य के चुनावी इतिहास में पहली बार चुनावी हिंसा में किसी की मौत की खबर नहीं आई।

बंगाल में इस बार मुख्य मुकाबला TMC और BJP के बीच रहा, जबकि कांग्रेस और वाम दल अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरे। कांग्रेस नेता Adhir Ranjan Chowdhury बरहामपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

ऐसे देखें नतीजे:

मतदाता Election Commission of India की आधिकारिक वेबसाइट results.eci.gov.in पर जाकर राज्यवार और सीटवार परिणाम देख सकते हैं। यहां उम्मीदवारों के नाम, पार्टी और वोटों की पूरी जानकारी उपलब्ध है।

 
 
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.