Media24Media.com: #नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण. Show all posts
Showing posts with label #नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण. Show all posts

नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता, 52 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 49 पर था 1.41 करोड़ रुपये का इनाम

No comments Document Thumbnail

 बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज गुरुवार को नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। जिले में सक्रिय 52 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें से 49 नक्सलियों पर कुल 1.41 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में 21 महिला नक्सली भी शामिल हैं। ये सभी माओवादी दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC), आंध्र–ओडिशा बॉर्डर डिवीजन और भामरागढ़ एरिया कमेटी (महाराष्ट्र) में सक्रिय थे।

पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर छोड़ा हिंसा का रास्ता

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि नक्सलियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सीआरपीएफ के अधिकारियों की मौजूदगी में ‘पूना मार्गेम’ (पुनर्वास से सामाजिक एकीकरण तक) पहल के तहत आत्मसमर्पण किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ा है।

इनामी नक्सलियों का विवरण

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में डिविजनल कमेटी मेंबर लक्खू कारम उर्फ अनिल (32) तथा प्लाटून पार्टी कमेटी मेंबर लक्ष्मी माडवी (28) और चिन्नी सोढ़ी उर्फ शांति (28) शामिल हैं, जिन पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।
इसके अलावा 13 नक्सलियों पर पांच-पांच लाख, 19 कैडरों पर दो-दो लाख और 14 नक्सलियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। कुल 49 नक्सलियों पर 1.41 करोड़ रुपये का इनाम था।

तत्काल सहायता और पुनर्वास

अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को तत्काल 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी और सरकार की नीति के अनुसार उनका पुनर्वास किया जाएगा।

लगातार बढ़ रहे आत्मसमर्पण

पुलिस के अनुसार बुधवार को पड़ोसी सुकमा जिले में 29 नक्सलियों, आठ जनवरी को दंतेवाड़ा में 63 नक्सलियों, जबकि सात जनवरी को सुकमा में 26 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। वर्ष 2025 में अब तक 1500 से अधिक नक्सली राज्य में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। केंद्र सरकार ने 31 मार्च तक देश से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.