Media24Media.com: #देवपहरी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #देवपहरी. Show all posts
Showing posts with label #देवपहरी. Show all posts

CG NEWS : जलप्रपात में फंसे तीन युवक, 15 घंटे बाद सुरक्षित रेस्क्यू

No comments Document Thumbnail

 कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देवपहरी जलप्रपात में अचानक जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच टापू पर फंसे तीन युवकों को करीब 15 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हसदेव नदी में बढ़ते जलस्तर, तेज बहाव और अंधेरे के कारण रातभर रेस्क्यू अभियान में काफी परेशानी आई। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे तीनों युवकों को सुरक्षित निकाला गया।


फोटो खिंचाने टापू तक पहुंचे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, गुरमा श्यांग गांव निवासी धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी सोमवार को घूमने के लिए देवपहरी जलप्रपात पहुंचे थे। बताया गया कि तीनों फोटो खिंचाने के लिए हसदेव नदी के बीच बने टापू तक चले गए थे।

इसी दौरान क्षेत्र में लगातार हुई तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी का बहाव तेज होने से वापस लौटने का रास्ता डूब गया और तीनों युवक टापू पर फंस गए।

छतरी में बिताई रात, वीडियो कॉल से मांगी मदद

जलस्तर तेजी से बढ़ता देख तीनों युवकों ने टापू पर बनी छतरी में शरण ली। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए रेस्क्यू टीम से संपर्क किया और अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने रात में ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा, तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण युवकों तक पहुंचना मुश्किल था। रेस्क्यू टीम ने पूरी रात मौके पर निगरानी बनाए रखी।

15 घंटे बाद सुरक्षित निकाले गए तीनों युवक

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया था। रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन जलस्तर कम नहीं होने के कारण युवकों को बाहर निकालने में परेशानी हुई। मंगलवार सुबह पानी का बहाव कुछ कम होने के बाद रेस्क्यू अभियान फिर तेज किया गया।

करीब 15 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी के सहारे उन्हें नदी के बीच से सुरक्षित स्थान तक लाया गया। तीनों के सुरक्षित बाहर आने के बाद उनके परिजनों और रेस्क्यू टीम ने राहत की सांस ली।

बारिश में जलप्रपातों पर सावधानी जरूरी

देवपहरी जलप्रपात और आसपास का क्षेत्र बारिश के मौसम में बेहद आकर्षक हो जाता है, लेकिन इसी दौरान हसदेव नदी और जलप्रपात का जलस्तर अचानक बढ़ने का खतरा भी रहता है। घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान नदी के बीच बने टापुओं और जलप्रपात के संवेदनशील क्षेत्रों में जाने के खतरे को सामने ला दिया है।

प्रशासन और पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जलप्रपात, नदी और नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के बीच या संवेदनशील हिस्सों में जाने से पूरी तरह बचें।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.