Media24Media.com: #झुलसी छात्रा की मौत

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #झुलसी छात्रा की मौत. Show all posts
Showing posts with label #झुलसी छात्रा की मौत. Show all posts

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा: प्रेमी से विवाद के बाद झुलसी छात्रा की मौत, मोबाइल को लेकर हुआ था झगड़ा

No comments Document Thumbnail

 सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।


95 प्रतिशत तक झुलसी थी छात्रा

जानकारी के अनुसार, विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्रामपुर-भटगांव मार्ग पर पासिंग नाला के पास शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे एक नाबालिग लड़की गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में सड़क किनारे मिली। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे करीब 95 प्रतिशत तक झुलसा हुआ बताया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान ग्राम गोरखनाथपुर निवासी मोनिका सिंह उर्फ मोना (17) के रूप में हुई है, जो कक्षा 11वीं की छात्रा थी।

मोबाइल को लेकर हुआ था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा का अपने ब्वॉयफ्रेंड से मोबाइल को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि मोबाइल किश्तों पर लिया गया था, जिसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। विवाद के दौरान छात्रा ने आग लगाकर आत्महत्या करने की धमकी दी थी।

ब्वॉयफ्रेंड ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि छात्रा ने एक दुकान से करीब 100 रुपये का पेट्रोल खरीदा था। उसने पेट्रोल छीनकर अपनी बाइक पर डाल लिया और उसे उसके घर से लगभग 500 मीटर दूर छोड़कर रामनगर लौट आया। इसके करीब आधे घंटे बाद छात्रा के जलने की सूचना मिली।

जांच में जुटी पुलिस, सभी पहलुओं की पड़ताल

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित एंगल्स को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

मंत्री ने दिए निष्पक्ष जांच के निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को जल्द जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और घटना के हर पहलू को बारीकी से खंगाला जा रहा है। इलाके में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.