Media24Media.com: #ज्वेलरी दुकान

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #ज्वेलरी दुकान. Show all posts
Showing posts with label #ज्वेलरी दुकान. Show all posts

रायपुर में ज्वेलरी दुकान से ‘रानी हार’ लेकर भागी महिला दुर्ग में गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा इलाके में ज्वेलरी दुकान से सोने का रानी हार लेकर फरार हुई महिला को पुलिस ने दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला के साथ उसके सहयोगी युवक को भी गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 5.33 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है।


पुलिस के अनुसार, ज्वेलरी दुकान के संचालक ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 12 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक उनकी दुकान पर सोने का रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे। उस समय दुकान में संचालक के पुत्र भी मौजूद थे। दोनों ने महिला को रानी हार सहित अन्य जेवर दिखाए।

खरीदारी के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी एक सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी।

कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर चली गई और यह कहकर निकल गई कि वह अपनी सहेली को लेकर आती है। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर दुकान संचालक और उनके पुत्र को शक हुआ। उन्होंने महिला के साथ आए युवक से पूछताछ की, जिसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। इसी दौरान युवक भी मौका पाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 208/2026 धारा 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरों की बरामदगी के निर्देश दिए।

टिकरापारा पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी, उसके पुत्र और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला आरोपी के भागने के संभावित रास्तों का पता लगाया गया। इस दौरान दुर्ग पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया।

सघन पतासाजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार महिला आरोपी को दुर्ग शहर से चोरी किए गए जेवरों सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली (1 जोड़ी), सोने की अंगूठी, चांदी की पायल (1 जोड़ी), चांदी की बिछिया (3 जोड़ी) और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 5,33,000 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिमांड लेकर उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी:

कमलेश्वरी साहू (35 वर्ष), पति लक्ष्मीनारायण साहू, निवासी ग्राम चांपा, बजरंग चौक के पास, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।

मेषराम साहू (21 वर्ष), पिता स्व. खूबचंद साहू, निवासी ग्राम बिरोदा, बकतरा रोड के पास, थाना अभनपुर, जिला रायपुर।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.