Media24Media.com: #गरियाबंद में हिंसा

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #गरियाबंद में हिंसा. Show all posts
Showing posts with label #गरियाबंद में हिंसा. Show all posts

गरियाबंद में हिंसा: दो पक्षों की झड़प में 10 घर जले, पुलिसकर्मी घायल, भारी पुलिस बल तैनात

No comments Document Thumbnail

 गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर दिया और करीब 10 घरों में आग लगा दी, वहीं 3 से 4 वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


यह मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के बकली गांव का है। हालात बिगड़ने के बाद गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिसमें एक जवान घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात आईजी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया, हालांकि गांव में अब भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें गांव में तैनात हैं। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुराने विवाद से जुड़ा मामला

पुलिस के अनुसार, यह विवाद एक पुराने झगड़े और लूटपाट की घटना से जुड़ा है। चार आरोपियों और शिकायतकर्ता के बीच पहले भी मारपीट हो चुकी है।

चार महीने पहले का वीडियो बना था विवाद की जड़

बताया जा रहा है कि करीब चार महीने पहले हथखोज गांव से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक राहगीरों के साथ मारपीट और लूटपाट करते नजर आए थे। इसके बाद फिंगेश्वर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

जेल से छूटने के बाद फिर भड़का विवाद

रविवार (1 फरवरी) सुबह करीब 11 बजे, जेल से जमानत पर छूटे आरोपियों ने बकली गांव में शिकायतकर्ता को देखते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला दो पक्षों के बीच संघर्ष में बदल गया और हिंसा फैल गई।

आरोपियों के घरों में आगजनी

इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने आरोपियों के घरों में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में कई मकान और वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

ग्रामीणों का आरोप: मंदिर विवाद से जुड़ा मामला

ग्रामीण जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि यह विवाद केवल ताजा घटना तक सीमित नहीं है। उनका आरोप है कि डेढ़ साल पहले गांव के शिव मंदिर को तोड़ा गया था, जिसका मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है और आरोपी जमानत पर बाहर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इसी पुराने विवाद को लेकर लगातार तनाव बना हुआ है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.