Media24Media.com: #गरियाबंद

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #गरियाबंद. Show all posts
Showing posts with label #गरियाबंद. Show all posts

चार आवास मित्रों और एक रोजगार सहायक की सेवाएं समाप्त, प्रधानमंत्री आवास योजना अपूर्ण मकानों को पूर्ण दर्शाने के मामले में कार्रवाई

No comments Document Thumbnail

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों की निर्माण की स्थिति की गलत रिपोर्टिंग के मामले में कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने इस मामले में दोषी पाए गए 4 ग्राम पंचायतों के आवास मित्रों एवं एक ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। जिला प्रशासन ने इस मामले कड़ा रूख अपनाते हुए जनपद पंचायत के कई अन्य अधिकारियों सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गरियाबंद के निर्देशानुसार योजना अंतर्गत निर्मित आवासों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के लिए जिला स्तरीय टीम को विभिन्न ग्राम पंचायतों में भेजा गया था। टीम ने ग्राम पंचायत खजूरपदर, उसरीजोर, सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी, मुचबहाल और धोबनमाल का दौरा कर आवासों की स्थिति की विस्तृत जांच की।

निरीक्षण में पाया गया कि कुछ हितग्राहियों के आवास अभी भी अपूर्ण अवस्था में थे, जबकि आवास मित्र एवं रोजगार सहायकों द्वारा अन्य व्यक्तियों के आवास का जियोटैग कर उन्हें पूर्ण दिखाया गया था। इस गलत रिपोर्टिंग को गरियाबंद कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत ने गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी और मुचबहाल के आवास मित्रों तथा ग्राम पंचायत धोबनमाल के रोजगार सहायक की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।

इसके साथ ही आवास निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग में लापरवाही को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मैनपुर; विकासखण्ड समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण; तकनीकी सहायक (मनरेगा); तथा ग्राम पंचायत सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी, मुचबहाल एवं धोबनमाल के सरपंच/सचिव को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इस मामले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तकनीकी सहायक को बिना परीक्षण किए जियोटैगिंग के सत्यापन में लापरवाही बरतने पर नोटिस दिया गया है।

कलेक्टर ने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए मॉनिटरिंग सिस्टम को और सख्त किया जाएगा।

गरियाबंद जिला को जोन-1, केटेगरी-2 में मिला जल संचय, जन भागीदारी के कार्य के लिए मिला देश में तीसरा स्थान

No comments Document Thumbnail

रायपुर। जल संचय और जन भागीदारी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला को जोन-1, केटगरी-2 में देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कर कमलों से यह सम्मान किया गया। इस पुरस्कार के तहत गरियाबंद जिले को विभिन्न विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रूपए की राशि मिली है। इससे न सिर्फ गरियाबंद जिला, बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस दौरान केंद्रिय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, जल शक्ति एवं रेल मंत्रालय के राज्यमंत्री वी. सोमन्ना एवं जल शक्ति मंत्रालय के राज्यमंत्री राज भूषण चौधरी उपस्थित थे। यह पुरस्कार जिले के कलेक्टर बी एस उइके, जलसंसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस के बर्मन एवं सहायक अभियंता मनोज ताण्डिल्य ने प्राप्त किया। राष्ट्रीय जल संचय एवं जलभागीदारी कार्य के लिए तीसरा पुरस्कार के रूप में गरियाबंद जिले को एक करोड़ रूपये का पुरस्कार प्राप्त हुआ। गौरतलब है कि गरियाबंद जिला, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रतियोगिता में विभिन्न चरणों के निरीक्षण, पर्यवेक्षण एवं मूल्यांकन के बाद ईस्ट जोन का तृतीय बेस्ट जिला चुना गया। 

उल्लेखनीय है कि जिले में संबंधित विभागों के माध्यम से 26,025 सतही जल के बेहतर रख-रखाव एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में किए गए सराहनीय प्रयासों के लिए गरियाबंद को छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के साथ एक करोड़ रूपए का पुरस्कार भी प्रदान किया गया। यह उपलब्धि जिले के विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों के क्रियान्वयन का परिणाम रहा है, जिसमें जिले के नागरिकों, महिलाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

जिले में तेजी से गिरते जल स्तर को देखते हुए जिले ने व्यापक रणनीति के साथ जल शक्ति अभियान - कैच द रेन मोर गांव मोर पानी के अंतर्गत मिशन जल रक्षा - नारी शक्ति से जल शक्ति की शुरूआत की गई है। भू-जल रिचार्ज के लिए तकनीकी नवाचार जिले में किए गए प्रमुख नवाचार-रिचार्ज सॉफ्ट बोरवेल एवं सेंड फिल्टर तकनीक द्वारा असफल बोरों मे रिचार्ज का प्रयास, परकुलेशन टैंक में इंजेक्शन वेल तैयार कर वर्षाजल को सीधे वाटर टेबल से जोडऩा, नए बोरवेल के साथ इंजेक्शन वेल का निर्माण, पहाड़ी क्षेत्रों में रिचार्ज संरचनाएं और लो-लाइन क्षेत्रों में जल संरक्षण संरचनाएं, संरचनाओं की मरम्मत, संधारण एवं जीआईएस-आधारित योजना निर्माण, कार्य किए गए है।



गरियाबंद में दो निजी अस्पतालों का आयुष्मान पंजीयन निलंबित

No comments Document Thumbnail

गरियाबंद। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं नर्सिंग होम एक्ट के तहत निरीक्षण दल द्वारा सोमेश्वर हॉस्पिटल और लाइफ लाइन हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अस्पतालों में कई गंभीर कमियाँ पाई गईं, जिनमें इन हाउस लैब की समस्या, खराब अधोसंरचना, रैम्प का न होना, बीएमडब्ल्यू का अनापत्ति प्रमाण पत्र का न होना, ओपीडी से आईपीडी का परिवर्तन औचित्यपूर्ण नहीं होना, क्वालिफाइड ड्यूटी डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ की अनुपलब्धता, रजिस्टर का ठीक से संधारित नहीं होना, एक्सपाइरी दवाईयां मिलने जैसी गंभीर लापरवाहियां पाई गई।

इन गंभीर अनियमितताओं को ध्यान में रखते हुए सोमेश्वर हॉस्पिटल का पंजीयन 03 माह तथा लाइफ लाइन हॉस्पिटल का पंजीयन 06 माह के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से पंजीयन निलंबित किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने यह स्पष्ट किया है कि भविष्य में अन्य अस्पतालों में भी इस प्रकार की कमियाँ पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


आल इंडिया रैंक से एमबीबीएस में चयनित हुई कु. कोपल साहू, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने किया सम्मान

No comments Document Thumbnail

राजिम। गरियाबंद जिले के वनांचल क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ी (पाण्डुका) की प्रतिभाशाली छात्रा कु. कोपल साहू ने नीट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक के साथ सफलता प्राप्त कर नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर (टाटा, झारखंड) में एमबीबीएस (MBBS) में प्रवेश पाया है।

ग्राम पचपेड़ी निवासी डॉ. टुकेश्वर साहू की सुपुत्री कोपल साहू की इस शानदार उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व की लहर है। कोपल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत, लगन व आत्मविश्वास को दिया है।

कु. कोपल का एमबीबीएस में चयन होने पर साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने अपने निवास पर शाल, श्रीफल एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान एवं स्वागत किया।

इस अवसर पर नगर साहू संघ के अध्यक्ष रामकुमार साहू, पूर्व अध्यक्ष संतोष साहू, पार्षद बलराम यादव, पूर्व पार्षद अरविंद यदु, युवा नेता कुणाल गोस्वामी, यांशु साहू, मोक्ष साहू, प्रांशु साहू, प्रणति साहू, दुआ साहू एवं कथा वाचक पं. सौरभ मिश्रा उपस्थित रहे। पं. मिश्रा ने मंत्रोच्चार के साथ कोपल को आशीर्वाद प्रदान किया।

साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने कहा कि “कु. कोपल साहू ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी कठिन परिश्रम और समर्पण से हर बड़ा सपना साकार किया जा सकता है।”

कोपल साहू की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे वनांचल क्षेत्र और समाज का नाम गौरवान्वित किया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.