Media24Media.com: #इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय. Show all posts
Showing posts with label #इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय. Show all posts

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं राजनांदगाँव सांसद संतोष पाण्डेय ने खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग लोकसभा में उठाई। उन्होंने गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान कहा कि यह संस्थान अपनी विशिष्ट पहचान और कला क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के कारण राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान का पात्र है।


सांसद पाण्डेय ने बताया कि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की स्थापना 14 अक्टूबर 1956 को हुई थी और यह भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य को समर्पित एशिया का पहला विश्वविद्यालय है। यहाँ कत्थक, भरतनाट्यम, लोक संगीत सहित विभिन्न कला विधाओं की शिक्षा दी जाती है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की वैश्विक प्रतिष्ठा को देखते हुए इसे उचित मान्यता मिलनी चाहिए। संस्थान में कई विदेशी विद्यार्थी भी अध्ययनरत हैं, इसलिए इसे केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा प्रदान करने पर गंभीरता से विचार किया जाए।

Khairagarh Festival 2025 : खैरागढ़ में छाया सांस्कृतिक जलवा, विश्व मंच पर चमकी छत्तीसगढ़ की कला

No comments Document Thumbnail

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आयोजित तीन दिवसीय ‘खैरागढ़ महोत्सव 2025’ का समापन शुक्रवार रात अद्भुत सांस्कृतिक लोकरंग के बीच हुआ। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय का विशाल प्रांगण देश-विदेश से आए कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से देर रात तक गूंजता रहा। समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।


पहले दिन अमेरिका के प्रोफेसर बेंजामिन बून और कुलपति प्रो. लवली शर्मा की अनोखी जुगलबंदी ने दर्शकों को रोमांचित किया। तबला वादक पं. गौरीशंकर कर्मकार, वृंदावन की सुप्रसिद्ध गायिका विदुषी आस्था गोस्वामी और सोनहा बदर समूह की लोक प्रस्तुतियों ने महोत्सव को एक यादगार शुरुआत दी। तीन दिनों तक चले इस सांस्कृतिक उत्सव में हजारों दर्शकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


समापन अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सांस्कृतिक मंत्री रहते हुए उन्होंने इस महोत्सव की शुरुआत कराई थी, और वर्षों बाद फिर से इसका हिस्सा बनना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए मिलकर प्रयास करने की बात कही। इस दौरान कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने विश्वविद्यालय से संबंधित प्रस्ताव राज्यपाल को सौंपे, जिनके जल्द निराकरण का आश्वासन दिया गया।

महोत्सव के अंतिम दिन शास्त्रीय संगीत और लोकधुनों का अनूठा संगम देखने मिला। पं. हरीश तिवारी की शास्त्रीय गायकी, पद्मभूषण पं. बुधादित्य मुखर्जी का सितार वादन, व्योमेश शुक्ला एवं समूह की ‘राम की शक्ति पूजा’, और डॉ. पीसीलाल यादव के नेतृत्व में प्रस्तुत दूधमोंगरा की लोक-सांस्कृतिक विधा ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।

दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजा आर्यव्रत सिंह ने अपने पूर्वजों द्वारा विश्वविद्यालय को दिए गए ऐतिहासिक योगदान का स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ कला साधना की सीख दी। आत्मनिर्भर खैरागढ़ अभियान द्वारा कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा को नवाचारों के लिए विशेष सम्मान भी प्रदान किया गया। विद्यार्थियों की सामूहिक वायलिन, सरोद, सितार और तबला प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और जीवंत बनाया।

तीन दिन तक सुर, ताल, नृत्य और लोक-परंपराओं से सजे खैरागढ़ महोत्सव 2025 ने एक बार फिर साबित किया कि खैरागढ़ कला और संगीत की समृद्ध विरासत को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सक्षम है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.