Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

भाजपा का जनसंपर्क महाअभियान, विजन साफ है- मिशन 2024 की तैयारी शुरू हो गई

महासमुन्द। संसदीय क्षेत्र के लोकसभा सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी सहित अनेक भाजपा नेता आज प्रेसवार्ता आयोजित किए। प्रेस क्लब महासमुन्द में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार का नौ साल- बेमिसाल है। वैश्विक स्तर पर भारत का दबदबा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बढ़ा है। सांसद चुन्नीलाल साहू ने महासमुंद लोकसभा में हुए विकास कार्यों को मील का पत्थर बताया।


महासमुंद सांसद चुनीलाल साहू ने कहा कि पूरा देश आज हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देख रहा है। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की जनता भी अपने गांव क्षेत्र और देश में हो रहे इस अभूतपूर्व विकास के साक्षी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए सांसद साहू ने कहा कि यह कुशल नेतृत्व आज पूरे विश्व को मार्ग दिखा रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों में समीर महंती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सुनिश्चित कर दिखाया है कि अब भारतीय राजनीति के मायने सेवा, परफार्मेंस, नीतिगत बदलाव, रिफार्म और ट्रांसफार्म ही होगी। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, नवाचार, दृढ इच्छा शक्ति, भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर जीरो टोलरेंस नीतिगत पहल, साहसिक निर्णय और सबका साथ-सबका विकास के नौ प्रमुख आधार तय किए। उसमें आज सबका विश्वास और प्रयास परिलक्षित होने लगा है। इन नौ आधार स्तंभों के जरिए देश में जो विकासवाद का शंखनाद किया गया, उसकी ध्वनि महासमुंद लोकसभा में भी गूंजने लगी है।
महासमुन्द मेडिकल कॉलेज विकासवाद की अवधारणा

सांसद चुन्नीलाल साहू ने बताया कि विकासवाद की अवधारणा को पूरा करते हुए महासमुद को मेडिकल कालेज की सौगात दी गई है। मेडिकल कालेज के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा के साथ लोगों को स्वास्थ सुविधाओं के लाभ से जोड़ने का बेजोड़ प्रयास किया गया है। गरियाबंद जिले के छुरा, मैनपुर और महासमुंद के भोरिंग में जवाहर नवोदय की तर्ज पर बेहतर शिक्षा व्यवस्था देने वाले संस्थान एकलव्य विद्यालय की स्थापना की गई है।

विकसित भारत बन रहा- चंदूलाल

देश की स्वतंत्रता के अमृतकाल को एक सुखद संयोग बताते हुए पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में अमृतकाल के सभी लक्ष्यों को हासिल किया जा रहा है। देश आज विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर है । इसका कारण नौ वर्ष के समग्र दृष्टिकोण का मजबूत आधार है। देश में अभूतपूर्व विकासयात्रा शुरू हुई है, भारतमाला प्रोजेक्ट इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। सांसद चुन्नी लाल साहू का कहना है कि देश की इस विकासयात्रा के लिए महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के कुरूद विकास खंड से विशाखापटनम भारतमाला प्रोजेक्ट की सड़क का निर्माण शुरू हुआ है, जो छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण मार्ग साबित होगा। इसी कड़ी में आरंग से सराईपाली और महासमुंद नदी मोड़ से खरियाररोड तक के राष्ट्रीय राजमार्ग का कायाकल्प और धमतरी बायपास जनता के बीच मोदी सरकार के विकास पथ को दर्शाता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत 2014 में पद संभालते ही हर नीति में भारत प्रथम के संकल्प को स्थापित किया। सांसद साहू ने बताया कि महासमुंद में रेलवे का मॉडल स्टेशन तैयार होगा, जिसके लिए बजट में प्रावधान कर दिया गया है। महासमुंद लोकसभा के धमतरी से रायपुर ब्राडगेज रेल लाइन का काम शुरू हो गया है। रेल सुविधाओं में विस्तार करने प्रधानमंत्री ने महासमुंद को हर दृष्टिकोण से सुविधा देने का काम किया है। रायपुर-टिटलागढ़ रेल लाईन का दोहरीकरण का कार्य पूरा हुआ। समय की मांग को देखते हुए इस रेल लाइन के विद्युतीकरण का कार्य भी कराया गया।

महासमुन्द में खेलो इंडिया तीरंदाजी केंद्र

महासमुंद के हाड़ाबंद में ओवरब्रिज का निर्माण पूरा हुआ और जल्द ही बेलसोडा रेलवे क्रासिंग ब्रिज निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। सांसद चुन्नीलाल साहू ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र के गरियाबंद में स्वास्थ्य की राष्ट्र स्तरीय सुविधा क्रिटिकल केयर सेंटर स्थापित करने के लिए 74 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह वनांचल के लोगों की सेहत को दुरुस्त बनाने रखने में सहायक होगी। महासमुंद लोकसभा में अब खेलो इंडिया के तहत तीरंदाजी का केंद्र बनाया जाना सुनिश्चित हुआ है।

दुनिया की नजरों में बढ़ा भारत का विश्वास

पूर्व सांसद चंदूलाल साहू का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को देखकर दुनिया के बड़े-बड़े अर्थशास्त्री, विश्लेषक और विचारक एक स्वर में कह रहे हैं कि 21वीं सदी का भारत तैयार हो रहा है। यही कारण है कि आज विश्व के अधिकांश देशों में मोदी जी अलग- अलग सम्मानों से सम्मानित किया जा रहा है। यह शक्तिशाली और बढ़ते भारत का प्रतीक है।

प्रगतिशील मानसिकता से विकास हुआ संभव

सांसद चुनीलाल साहू का कहना है कि किसी भी देश को आगे बढ़ना है तो उसमें नयापन स्वीकार करने की सोच और सामर्थ्य होना चाहिए। देश तभी आगे बढ़ता है, जब उसका नेतृत्व देशवासियों की क्षमताओं, प्रतिभाओं पर भरोसा करे। लक्ष्यों की प्राप्ति में जनता की सहभागिता आवश्यक है। इसीलिए प्रधानमंत्री मन की बात के जरिए जन-जन से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं।

मीडिया में दिख रही बदलाव की खबरें

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने मीडिया की खबरों पर चर्चा करते हुए कहा कि पहले बम ब्लास्ट की खबरें छपती थी। अब शांति और समृद्धि की खबरें ज्यादा मिलती है। पर्यावरण के नाम पर बड़े-बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट रोके जाने की खबरें आती थीं, अब पर्यावरण से सकारात्मक खबरों के साथ ही नए हाइवे, एक्सप्रेस-वे की खबरें मीडिया की सुर्खियों में रहती हैं। एक सवाल के जवाब में भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत का नारा हमने दिया है। नंदकुमार साय जैसे वरिष्ठ नेता क्यों असंतुष्ट हुए, यह उनकी व्यक्तिगत सोच है। पार्टी ने उनका हमेशा सम्मान किया, महत्व दिया।
प्रेसवार्ता में पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक राजिम संतोष उपाध्याय, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, मीडिया पेनालिस्ट एतराम साहू, पूर्व नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर आदि भाजपा नेतागण प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.