Media24Media.com: CG NEWS : तलवार के दम पर 1 करोड़ के जेवर लूटे, कर्मचारी गंभीर

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : तलवार के दम पर 1 करोड़ के जेवर लूटे, कर्मचारी गंभीर

Document Thumbnail

 रायपुर। रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी के कर्मचारी पर तलवार से हमला कर करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी से भरे बैग को लूट लिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी का अस्पताल में इलाज जारी है।


पुलिस के मुताबिक, खरोरा इलाके में संचालित ‘महावीर ज्वैलर्स’ की दो शाखाओं के बीच जेवरात ले जा रहे मैनेजर टीकाराम शर्मा पर तिल्दाडीह मोड़ के पास हमला हुआ। शाम करीब 7 बजे आई तेज आंधी-बारिश के कारण वे कुछ देर के लिए रास्ते में रुके थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए 2-3 बदमाशों ने उन पर तलवार से वार कर दिया और जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

हमले में टीकाराम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और ज्वैलर्स प्रबंधन मौके पर पहुंचा।

प्रारंभिक जांच में वारदात को सुनियोजित माना जा रहा है। पुलिस का अनुमान है कि आरोपियों को पीड़ित के रूट और समय की पहले से जानकारी थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया है।
घटना के बाद सराफा कारोबारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ी मात्रा में जेवरात के परिवहन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा नहीं होने को इस घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।

पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा करते हुए कहा है कि मामले के सभी पहलुओं—रेकी, अंदरूनी जानकारी और रूट लीक—की गहन जांच की जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.