Media24Media.com: दिल्ली धमाका : गृह मंत्री के आवास पर हुई हाई लेवल मीटिंग, IB और NIA समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दिल्ली धमाका : गृह मंत्री के आवास पर हुई हाई लेवल मीटिंग, IB और NIA समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

Document Thumbnail

 Delhi Red Fort Car Blast: राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए कार ब्लास्ट की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हाईलेवल बैठक आयोजित हुई, जिसमें IB डायरेक्टर तपन डेका, गृह सचिव गोविंद मोहन, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और NIA DG समेत वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर के DGP वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। बैठक में धमाके की जांच की प्रगति पर चर्चा हुई, जिसमें सभी एजेंसियों को व्यापक जांच कर जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश दिए गए।


मौत का आंकड़ा बढ़कर 13 पहुंच गया है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को LNJP और AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अमित शाह ने अधिकारियों से धमाके के तारों को ट्रेस करने, विस्फोटक के प्रकार और संभावित साजिश की बारीकियों पर फोकस करने को कहा। NIA और NSG टीमें विस्फोट में प्रयुक्त IED या अन्य विस्फोटकों का पता लगाने में जुटी हैं। मंगलवार सुबह FSL टीम ने घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण कर अतिरिक्त सबूत एकत्र किए। गृह मंत्री ने कहा, "सभी एंगल खुले हैं, लेकिन दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।"

शुरुआती जांच में धमाके वाली Hyundai i20 कार का लिंक जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले से जुड़ गया है। सूत्रों के अनुसार, कार को पुलवामा के एक निवासी ने खरीदा था। दिल्ली पुलिस ने संदिग्ध चालक की CCTV फुटेज बरामद की है, जिसमें वह अकेला नजर आ रहा है। फुटेज बदरपुर बॉर्डर से लाल किला, सुनहरी मस्जिद और ORR-कश्मीरी गेट रूट तक की है। लगभग 200 पुलिसकर्मी इस विश्लेषण में लगे हैं। पुलिस ने UAPA की धारा 16 व 18, Explosives Act और BNS की विभिन्न धाराओं के तहत कोतवाली थाने में FIR दर्ज की है। एक पूर्व मालिक सलमान को गुरुग्राम से हिरासत में लिया गया है।

सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स की भी पड़ताल कर रही हैं, जहां धमाके को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जोड़ा जा रहा है। 13 संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। FSL की पहली रिपोर्ट आज आने की उम्मीद है। घटना के बाद दिल्ली-NCR, मुंबई, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी है। लाल किला 11-13 नवंबर तक बंद रहेगा, मेट्रो गेट 1 व 4 सील हैं। CISF ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने जनता से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। जांच तेजी से आगे बढ़ रही।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.