Media24Media.com: साइंस कॉलेज

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label साइंस कॉलेज. Show all posts
Showing posts with label साइंस कॉलेज. Show all posts

रायपुर राज्य स्तरीय महिला मड़ई को लोगों का मिल रहा अच्छा प्रतिसाद

No comments Document Thumbnail

रायपुर। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में सशक्त महिला समृद्ध महिला थीम पर आयोजित महिला मड़ई को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। 4 मार्च से चल रहे महिला मड़ई में राज्य के सभी 33 जिलों से 87 महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा विक्रय के लिए स्टाल लगाया गया है।

जिसमें प्रमुख रूप से रायगढ़ से एकताल बेलमेटल, सूरजपुर से समूह द्वारा निर्मित गुड़ की सामग्री, बस्तर से बेल मेटल, जांजगीर चांपा और सक्ति से कोसा, हैंडलूम सिल्क साड़ी, गरियाबंद से पैरा आर्ट, जशपुर से टोकनी,महुआ से उत्पादित सामग्री, बिलासपुर से श्रृंगार वस्त्र की सामग्री, बलरामपुर और सूरजपुर से उत्पादित सुगंधित चावल के स्टॉल में लोगों की ख़ासकर महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है।

महिला मड़ई की नोडल अधिकारी ने बताया कि महिला स्व-सहायता समूहों ने 50 हजार रुपए से अधिक के सामग्रियों का विक्रय कर लिया है, मड़ई में 8 मार्च महिला दिवस के दिन तक और भी अधिक सामग्रियों के विक्रय होने की संभावना है ।

महिला मड़ई में लगाए गए 87 स्टॉलों बिक्री-सह प्रदर्शनी का अवलोकन दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जा सकता है। मड़ई में सेल्फी जोन बनाया गया है जो आकर्षण का केंद्र है। इसके साथ ही साथ बच्चों के लिए प्ले जोन भी बनाया गया है, जिसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूले एवं खेल-खिलौने की व्यवस्था की गई है।

महिला मड़ई में नवा बिहान, महतारी वंदन सखी सेंटर, वुमन हेल्पलाइन, दिशा दर्शन, कन्या विवाह, स्पॉन्सरशिप, फास्टर केयर, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड,चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल विवाह, दत्तक ग्रहण और आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का स्टॉल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। इस मड़ई मेले में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है।

मड़ई मेले में महिला एवं बाल विकास विभाग के समूहों के साथ अन्य विभागों के समूह जैसे-एनआरएलएम, वन विभाग, पंचायत विभाग इत्यादि की महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित सामग्रियों के विक्रय एवं प्रदर्शन के लिए निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्थानीय महिला उद्यमियों एवं महिलाओं को आगे बढ़ने हेतु अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजीकृत महिला उद्यमियों, उत्पादक, स्टार्ट-अप को भी स्टॉल उपलब्ध कराया गया है।

 

 

जनजातीय गौरव दिवस पर छत्तीसगढ़ सहित 17 राज्यों के आदिवासी नर्तक दलों की होगी मनमोहक प्रस्तुति

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 14 एवं 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती-जनजातीय गौरव दिवस पर राज्य स्तरीय भव्य आयोजन किया जायेगा। दो दिवसीय आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित 17 राज्यों के आदिवासी नर्तक दल मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। इनमें अरूणाचल प्रदेश के आदि लोक नृत्य नाटिका, मध्यप्रदेश के भील भगोरिया नृत्य, मेघालय के गारो लोक नृत्य और नागालैण्ड के आओ नागा लोक नृत्य सहित विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां होगी।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 नवंबर को जमुई (बिहार) से जनजातीय गौरव दिवस का शुभारंभ करेंगे। वे छत्तीसगढ़ में आयोजित कार्यक्रमों में वर्चंअली शामिल होंगे और पीएम जनमन योजना में शामिल जिलों के हितग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भी एक दिवसीय गौरव दिवस का आयोजन किया जायेगा।

आदिम जाति विभाग द्वारा इसकी तैयारियां की जा रही हैं। साइंस कॉलेज मैदान में जनजातीय गौरव दिवस के दौरान 14 एवं 15 नवंबर को पूर्वान्ह 11 बजे से लेकर रात्रि 8 बजे तक जनजातीय गौरव पर आधारित विविध कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें विषय विशेषज्ञ सहित कई राज्यों के आदिवासी कलाकार, आदिवासी कला संस्कृति के मर्मज्ञ शामिल होंगे।

दो दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा देश के विभिन्न राज्यों से आदिवासी नर्तक दलों एवं कलाकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है। अब तक 18 राज्यों के 22 आदिवासी नर्तक दलों ने इस दो दिवसीय आयोजन में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दी है, जिसमें अरूणांचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैण्ड, मेघालय, आसाम, त्रिपुरा, उत्तराखण्ड, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान सहित अन्य राज्यों के आदिवासी नर्तक दल शामिल हैं। इनमें पुरूष एवं महिला कलाकारों की संख्या लगभग 425 है।

प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि 14 नवंबर एवं 15 नवंबर को साइंस कॉलेज मैदान में संध्या 3 बजे से अंतर्राज्यीय लोक नर्तक दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के साथ-साथ जनजातीय गौरव से संबंधित विषयों पर संगोष्ठी का आयोजन तथा जनजातीय जीवन शैली पर चित्रकला का प्रदर्शन भी होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल के सदस्य 13 दिसम्बर को लेंगे शपथ

No comments Document Thumbnail

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य 13 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में शपथ ग्रहण करेंगे।

कार्यक्रम में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन सहित अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा

छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां राजधानी रायपुर के शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के मैदान में जोर-शोर से की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूर्व मंत्री और नारायणपुर विधानसभा से नवनिर्वाचित विधायक केदार कश्यप, नवनिर्वाचित विधायक रायगढ़ ओमप्रकाश चौधरी और विधायक बलौदाबाजार टंकराम वर्मा ने भी साइंस कॉलेज मैदान पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन विशाल मंच बनाए जा रहे हैं, जिसमें बीच के मंच में शपथ ग्रहण होगा तथा एक ओर अतिविशिष्ट आमंत्रित व्यक्तियों तथा दूसरी ओर नवनिर्वाचित विधायकों के लिए मंच बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल में विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आमजनों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए जा रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा लोग शपथग्रहण को देख सके इसके लिए एल.ई.डी. स्क्रीन भी लगायी जा रही है।

आयोजन स्थल में मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, फायर ब्रिगेड ,चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, शौचालय व्यवस्था आदि के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मैदान में 50 हजार से अधिक लोगों की बैठक व्यवस्था की तैयारी चल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था हेतु लगभग 1000 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। रायपुर शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट आदि अन्य जगहों पर सघन चेकिंग अभियान जारी है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, रायपुर कलेक्टर सर्वेश्वर भूरे, एसएसपी प्रशांत अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ अबिनाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

युवाओं से भेंट-मुलाकात : किस्सा तब का जब कलेक्टर थे अजीत जोगी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल थे स्टूडेंट

No comments Document Thumbnail

रायपुर। शक्ति के हसौद महाविद्यालय की अंतिम वर्ष की छात्रा दर्शनी रात्रे ने कहा कि कालेज स्टूडेंट हूं, सभी के कॉलेज जीवन में कुछ न कुछ किस्सा होता है, तब दर्शनी ने मुख्यमंत्री से उनके कॉलेज जीवन से जुड़ा किस्सा पूछा-

मुख्यमंत्री ने बताया कि हम लोग साइंस कॉलेज में मैथ्स लेकर पढ़े, एक बार हॉस्टल में पंखा नहीं था, हमने तीनों हॉस्टल में पंखा लगाने की मांग लेकर प्रदर्शन किया, अजीत जोगी जी उस समय कलेक्टर थे, वो आए और हमारी बात सुनी और इस तरह 8 दिनों में हमारी मांग पूरी हो गई।

युवाओं से भेंट-मुलाकात : बहतराई स्टेडियम, जिला-बिलासपुर

जांजगीर-चांपा जिले की युवा भारती देवांगन ने कहा कि मैं बीएससी फाइनल की छात्रा हूं। उसने मुख्यमंत्री से कहा कि आपने छात्राओं की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उसने बताया कि कन्या महाविद्यालय जांजगीर का एक मात्र विद्यालय है, यहां कमरो की कमी है।

मुख्यमंत्री ने छात्रों की संख्या और कमरे की जानकारी ली और कलेक्टर को 4 और कमरे बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही फिजिक्स और जूलॉजी का सत्र शुरू होगा।

राजधानी रायपुर में आयोजित ऑटो एक्सपो 2023 में वाहनों के विक्रय पर रोड टैक्स में एकमुश्त 50 प्रतिशत छूट तत्काल प्रभाव से स्थगित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 24 मार्च से 5 अप्रैल 2023 तक आयोजित ऑटो एक्सपो- 2023 में वाहन के विक्रय के उपरांत पंजीयन चिन्ह आबंटन हेतु वाहनों के जीवनकाल कर के भुगतान में, मोटरयान कर में एकमुश्त 50 प्रतिशत छूट के प्रावधान को राज्य शासन के परिवहन विभाग द्वारा तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा ऑटो एक्सपो- 2023 में मोटरयान कर में एकमुश्त 50 प्रतिशत छूट प्रदान करने संबंधी राज्य शासन द्वारा 24 मार्च 2023 को जारी अधिसूचना के प्रभाव एवं संचालन को स्थगित कर दिया गया है। सहायक परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ ने इस संबंध में समस्त वाहन डीलर्स को पत्र भेजकर वाहनों के जीवनकाल कर के भुगतान में, मोटरयान कर में एकमुश्त 50 प्रतिशत छूट के प्रावधान को स्थगित कर उच्च न्यायालय के आदेशानुसार तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव: रॉक बैंड की प्रस्तुति से झूमे दर्शक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के तीसरे एवं अंतिम दिन रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में युवाओं में जबरदस्त जोश और उत्साह दिखाई दिया। राॅक बैंड प्रतियोगिता में युवा जमकर थिरके। प्रतियोगिता में आधुनिकता और पारंपरिकता की अनूठी जुगलबंदी दिखाई दी। बैंड में जहां देशभक्ति गीत, जसगीत और भगवत गीता के श्लोक सुनाई दिए, वहीं ससुराल गेंदा फूल और फिल्मी संगीत ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। महासमुंद जिले ने अपनी प्रस्तुति में ’चोला माटी के हे राम........एखर का भरोसा चोला माटी के हे राम’ से जीवन का गूढ़ संदेश युवाओं को दिया, साथ ही ’झुन-झुन पैरी बाजे गोरी’ जैसे गीतों की ताल पर बच्चों से लेकर बुजुर्गांे तक को खूब थिरकाया। प्रतियोगिता में 15 से 40 आयु वर्ग में कोण्डागांव और 40 से अधिक आयु वर्ग में सक्ती जिला विजेता रहे।

प्रतियोगिता में सबसे पहले 15 से 40 आयु वर्ग में रायपुर संभाग के धमतरी जिले ने 51 पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वादन कर रॉक बैंड की सुमधुर प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ के लोक पारंपरिक वाद्ययंत्रों को आधुनिकता के रंग में पिरोकर कलाकारों ने प्रस्तुत किया। उन्होंने तबला, हारमोनियम के साथ नाल, ढफड़ा, निशान, मोहरी, बांसुरी, शहनाई, घुंघरू, मृदंग, छरछरा, बासकांगो, बांसशंख, लम्बाड़ा, बांस चिकारा, ढफली, बांस कुहका, नगाड़ा, तुर्रा, डमरू, काष्ठ घुंघरू, चुटका, खरताला, परपड़ी, बांस चुटका, ब्रम्हदण्ड, खिरकिरी, बास तरंग, शिकारी बास, अलगोजा, झालर जैसे 51 वाद्ययंत्रों का वादन कर स्वरलहरियों का सुमधुर समा बांध दिया। धमतरी जिले के बाद कोण्डागांव, महासमुंद और सरगुजा जिले ने अपनी प्रस्तुतियां दी। कोण्डागांव जिले के रॉक बैंड ने छत्तीसगढ़ी गीतों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग हर वर्ग को झूमने को मजबूर कर दिया।

उन्होंने भगवत गीता के श्लोक ‘यदा यदा ही धर्मस्य.....संभवामि युगे युगे‘ गाकर जहां दर्शकों को अचंभित किया वहीं उनके ‘ससुराल गेंदा फूल‘ गाते ही परिसर का पूरा महौल बदल गया और युवा जमकर थिरके। प्रतियोगिता में 40 से अधिक आयु वर्ग में सक्ती जिले द्वारा गिटार और बांसुरी वाद्य यंत्रों के सुदंर मेल के साथ प्रस्तुति दी गई, वहीं धमतरी जिले द्वारा जस गीत की प्रस्तुति में दर्शक जमकर झूमे। उन्होंने ‘आमा पान के पतरी....‘ और ‘मोर शितला भवानी...‘जैसे गीतों से शानदार प्रस्तुति दी और दर्शकों को बांधे रखा। बीच-बीच में गेड़ी नाच ने दर्शकों को खूब लुभाया।

राॅक बैंड प्रतियोगिता के परिणाम- 15 से 40 आयु वर्ग में बस्तर संभाग के कोण्डागांव जिले ने प्रथम स्थान, रायपुर संभाग के धमतरी जिले ने दूसरा और सरगुजा संभाग के कोरिया जिले ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह 40 से अधिक आयु वर्ग में बिलासपुर संभाग से नवगठित सक्ती जिला प्रथम रहा और रायपुर संभाग के धमतरी जिले ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने आए युवा भी बड़ी संख्या में राॅक बैंड की प्रस्तुति देखने पहुंचे। बैंड के सुर-ताल में युवाओं के पैर रूकने का नाम नहीं ले रहे थे। दुर्ग जिले से फुगड़ी खेलने आई दुलेश्वरी भी पैरों में छालों के बावजूद पूरे जोश और उत्साह में दिखी और जमकर थिरकी। महासमुंद जिले के बैंड के युवा परफार्मर जावेद कुरैशी ने कहा कि बैंड परफार्मेंस में आधुनिकता के साथ प्राचीनता का मेल किया गया है, ताकि युवा अपनी संस्कृति से जुड़े रहें और उसे जाने। इससे अपनी पुरानी कला को संजोने में भी मदद मिलेगी।

युवा महोत्सव: शास्त्रीय नृत्य ने बांधा समा कुचीपुड़ी, ओड़िसी और मणिपुरी नृत्य पर युवाओं ने दी मनमोहक प्रस्तुति

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के दूसरे दिन साइंस कॉलेज मैदान स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में कुचीपुड़ी, ओड़िसी और मणिपुरी नृत्य पर विभिन्न संभागों से आए युवाओं ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी।

ओड़िसी नृत्य  में 15 से 40 आयु वर्ग ने रायगढ़ की श्रुति दास ने प्रथम, दंतेवाड़ा के पूनम गुप्ता ने द्वितीय एवं राजनांदगावं के गजानंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओड़िसी नृत्य के ही 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रायपुर संभाग के धमतरी जिला की सरिता साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कुचीपुड़ी नृत्य के 15 से 40 आयु वर्ग के प्रतिभागियों में दुर्ग के दुष्यंत कुमार साहू ने प्रथम, रायपुर की वर्षा वेणुगोपाल ने द्वितीय और कोरिया जिले के घनश्याम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मणिपुरी नृत्य में बलौदाबाजार जिले की हेमलता साहू ने 15 से 40 आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जहां ओड़िसी नृत्य के निर्णायक मंडल में डॉ. पूर्णश्री राअत और शिवप्रसाद बेहरा शामिल रहे। तो वहीं कुचीपुड़ी और मणिपुरी नृत्य के लिए निर्णायक मंडल में श्रीमती सुमी अजय श्रीमती टी सुनैना और श्रीमती एम. वी लक्ष्मी शामिल रही।

पारंपरिक परिधान में झलकी छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्से में रहन-सहन खान-पान, रीति-रिवाज प्रचलित हैं, यह अंतर वेशभूषा भी दिखाई पड़ता है। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में चल रहे युवा महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित प्रतियोगिता में यह देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे युवाओं ने दर्शकों को आकर्षित किया। दर्शकों ने भी इसे पसंद किया।

पारंपरिक वेशभूषा की इस प्रतियोगिता में युवतियों और महिलाओं ने भाग लिया। संभागवार आयोजित इस प्रतियोगिता में युवतियां वनवासी महिला, मछवारिन महिला, भरथरी गायिका आदि के रूप में प्रस्तुत हुई। इन युवतियों ने परिधानों के साथ-साथ गोदना, कौड़ी पटिया, झुमकी, लहुंटी, नागोरी, ककनी, कड़ा, मुंदरी आदि से श्रृंगार किया वहीं महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों के अलावा झाबा, क्लिप, कूकरी पाँख, ऐंठी, कड़ा, हरी चूड़ी, सुर्रा, सिरपा, गोप, रुपिया, करधन, लच्छा का उपयोग श्रृंगार में किया। 

15 से 40 वर्ष तक के आयुवर्ग में पहला स्थान पाने वाली सरगुजा की बिंदिया राजवाड़े ने गोदना, कौड़ी पटिया, झुमकी, लहुंटी, नागोरी, ककनी, कड़ा, मुंदरी, सुर्रा, मोहरमाला, रुपिया माला, पनहा, कमरछल्ला, तोड़ा, पैजनी चुटकी से, दूसरा स्थान पाने वाली बस्तर की निहारिका कश्यप ने वनवासी महिला के रूप में रुपिया, कंगनी, लच्छा, सांटी, तोड़ा से और तीसरा स्थान पाने वाली दुर्ग की लीलेश्वरी साहू ने कलगी, फीता, सेवंती का गजरा, टिकली, बिंदिया, मांग मोती, रुपिया, कंगनी, करधन, लच्छा, सांटी, तोड़ा, पैजन, अंगूठी, बिछिया का श्रृंगार कर वेशभूषा में प्रस्तुति दी।

वहीं 40 वर्ष से अधिक के आयुवर्ग में पहला स्थान पाने वाली महासमुन्द जिले की हेमिन ठाकुर ने खुद को खेतिहर महिला के रूप में प्रस्तुत किया। हेमिन ने झाबा, क्लिप, कूकरी पाँख, ऐंठी, कड़ा, हरी चूड़ी, सुर्रा, सिरपा, गोप, रुपिया, करधन, लच्छा, सांटी से श्रृंगार किया था। दूसरा स्थान पाने वाली सक्ती जिले की कमलादपि गबेल ने भरथरी की सुप्रसिद्ध लोकगायिका सुरुज बाई खांडे के सम्मान में भरथरी गायिका के रूप में स्वयं को प्रस्तुत किया। तीसरा स्थान पाने वाली कोंडागांव जिले की अनिता साहू ने स्वयं को शिशुवती निषाद महिला के रूप में प्रस्तुत किया। अनिता ने मछली पकड़ने का अभिनय पारम्परिक ढंग से किया।

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव-2023 : चित्रकला में युवाओं ने दिखाया हुनर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में चल रहे युवा महोत्सव में युवाओं ने चित्रकला में अपना हुनर दिखाया। युवाओं ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति के विविध रंगों को उकेरा। युवाओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से इस तरह के आयोजन की सराहना करते हुए ऐसे आयोजन बार-बार कराये जाने का आग्रह किया।

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के पहले दिन शनिवार को खेल संचालनालय के परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता में ‘छत्तीसगढ़ के संस्कृति पर आधारित चित्रकारी’ विषय पर 15 से 40 आयु वर्ग और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं ने हिस्सा लिया और अपनी सृजनात्मकता दिखाई। धमतरी जिले के नगरी से आये प्रतिभागी परमेश्वर साहू ने ज़मीन पर बैठकर अपनी उम्दा चित्रकारी से सभी को अपनी ओर आकर्षित किया।

इसी प्रकार निबंध लेखन प्रतियोगिता में राष्ट्र निर्माण में युवाओं का योगदान विषय पर 15 से 40 आयु वर्ग के प्रतिभागियों को 40 मिनट के समयावधि में अपनी लेखन क्षमता को प्रदर्शित किया। वही 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए जैविक खेती एवं उपयोगिता विषय निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन दोनों ही प्रतियोगिताओं में 15 से 40 वर्ष और 40 से अधिक आयु के युवाओं ने हिस्सा लिया।

राज्य युवा महोत्सव 2023 :साइंस कॉलेज में दिखी बस्तर की संस्कृति की झलक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मोर पंख, गौर सिंग एवं कौडियों से सजे परिधान में युवा कलाकारों ने राजधानी के साइंस कॉलेज परिसर में चल रहे राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में बस्तर की संस्कृति पर आधारित नृत्यों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

युवा कलाकारों ने हल्बी और गोंड़ी गायन के बीच जोश और ऊर्जा से भरे पारंपरिक नृत्यों का प्रदर्शन किया। उनकी वेशभूषा के साथ ही नृत्य में लय और ताल देखते ही बन रहा था। बस्तर की कला और संस्कृति की अनुपम छटा नृत्य और गायन में दिख रही थी। प्रतियोगिता दो आयु वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें 15 वर्ष से 40 वर्ष तक और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के दल शामिल थे।

प्रतियोगिता में 15 से 40 वर्ष आयु में रायपुर संभाग की धमतरी जिला, बस्तर संभाग की कोण्डागांव जिला, बिलासपुर संभाग की सक्ती जिला, दुर्ग संभाग की खैरागढ़ जिला, सरगुजा संभाग से कोरिया जिला के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। इसी प्रकार 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बस्तर संभाग की नारायणपुर जिला एवं दुर्ग संभाग की मोहला-मानपुर के कलाकारों ने बढ़-चढ़ कर अपनी  कला का प्रदर्शन किया।


स्वदेशी मेले में दिखती है भारत की समृद्ध परंपरा की झलक, स्वदेशी वस्तुओं का करें उपयोग: राज्यपाल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके गत दिवस साइंस कॉलेज मैदान, रायपुर में स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की ईकाई भारतीय विपणन विकास केन्द्र द्वारा आयोजित स्वदेशी मेले के समापन कार्यक्रम में शामिल हुई। इस मौके पर राज्यपाल सुश्री उइके ने स्वदेशी मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। साथ ही राज्यपाल ने पेंटिंग प्रदर्शनी का अवलोकन कर चित्रकारों की प्रशंसा की। चित्रकारों ने राज्यपाल को उनका स्केच भेंट किया। स्वदेशी मेला के आयोजकों द्वारा राज्यपाल को स्मृति चिन्ह तथा स्वदेशी उत्पादों की टोकरी भेंट की गई।

राज्यपाल सुश्री उइके ने समापन समारोह को संबोधित करते हुए 20 वर्षों से स्वदेशी मेले के सफल आयोजन के लिए मेला प्रबंधन को शुभकामनाएं दी और विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों से कहा कि वे दूत बनकर स्वदेशी मेला का प्रचार प्रसार करें तथा स्वदेशी उत्पाद के उपयोग के लिए लोगों को जागरूक करें। राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों की रूचि और सक्रियता ने भी मेले को विशेष पहचान दिलाई है और लोग वर्षभर मेले का इंतज़ार करते हैं तथा जमकर पसंदीदा देशी वस्तुओं की खरीदी करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के वोकल फ़ॉर लोकल के संदेश के साथ ही देशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए हो रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। राज्यपाल ने कहा कि स्वदेशी मेले के माध्यम से वोकल फ़ॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को विस्तार मिला है।

इस दौरान राज्यपाल ने दत्तोपंत ठेंगढ़ी को भी नमन किया और स्वदेशी की संकल्पना में उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेला जहां एक ओर लोगों का भारत के स्थानीय उत्पादों से परिचय कराता है, वहीं लघु व मध्यम उद्योगों को अवसर प्रदान करने का भी काम करता है। स्वदेशी मेले जैसा शायद ही कोई मंच है, जो लोक उत्पाद को इतना बड़ा बाजार उपलब्ध कराता है। समेकित रूप से इन आयोजनों में भारत की समृद्ध परंपरा की झलक देखने को मिलती है। राज्यपाल ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित हुए स्वदेशी मेलों की सराहना की और इसे भारतीय उद्योगों के लिए लाभकारी बताया। राज्यपाल सुश्री उइके ने स्वदेशी मेले के ऐतिहासिक पक्ष का उल्लेख करते हुए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में स्वदेशी आंदोलन के उद्भव और इसके प्रभाव का उल्लेख किया।

राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में पाए जाने वाले लघु वनोपजों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि यह वनांचल में रहने वाले लोगों की आजीविका का प्रमुख साधन है और पिछले कुछ वर्षों में बदलती जीवन शैली ने वन तथा जैविक उत्पादों की ओर लोगों का रुझान बढ़ाया है। लोग प्राकृतिक उत्पादों का उपयोग कर रहे हैं और


प्रदेश के सरगुजा तथा बस्तर अंचल में स्व सहायता समूह की महिलाएं वनउत्पादों से आर्थिक तरक्की के रास्ते में आगे बढ़ रही है। उन्होंने आयोजकों से प्रदेश के अन्य स्थलों में भी मेला आयोजन करने का आग्रह किया ताकि ग्रामीणों और छोटे उद्यमियों व स्व सहायता समूह की महिलाओं को भी अपने उत्पाद बेचने के पर्याप्त अवसर मिल पाए।

छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने भी समापन समारोह को संबोधित किया और स्वदेशी उत्पादों की विशेषता और मेले के बारे में जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि सात दिवसीय स्वदेशी मेले में 15 से 16 प्रांतों से आए व्यवसायियों ने 250 स्टॉल लगाए। मेले में थर्माकोल से बना भगवान जगन्नाथ का मंदिर तथा कोणार्क के सूर्य मंदिर का चक्र आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। मेले में व्यंजन, मेहंदी, केश सज्जा, चित्रकला, शिशु वेशभूषा, समूह नृत्य और रंगोली जैसी बहुआयामी प्रतियोगिताओं में लोगों ने उत्साह के साथ भागीदारी दी।

छत्तीसगढ़ के 26 स्कूलों को राज्य स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ और छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संयुक्त रूप से राज्य स्तरीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर स्वच्छ विद्यालय की दिशा में उत्कृष्टता के लिए छत्तीसगढ़ के 11 जिलों के 26 स्कूलों को सम्मानित किया जायेगा। इसमें ओवरऑल परफॉर्मेंस पर 20 स्कूलों को और उप-श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए छह स्कूलों को सम्मानित किया जाएगा।



स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में 14 नवंबर को दोपहर 3 बजे राज्य स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए चयनित सभी 26 स्कूलों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में संसदीय सचिव द्वय द्वारकाधीश यादव और विकास उपाध्याय, महापौर रायपुर नगर पालिका निगम एजाज ढेबर, विधायक सत्यनारायण शर्मा, विधायक कुलदीप जुनेजा, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग डॉ. आलोक शुक्ला, सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा नरेंद्र कुमार दुग्गा भी उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जिले के टैगोर इंटरनेशनल स्कूल सकरी तखतपुर को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा 19 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित किए जाने वाले राष्ट्रीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसमें देश भर के 39 स्कूलों को राष्ट्रीय पुरस्कार 2022 के लिए चुना गया है। छत्तीसगढ़ के 55,217 स्कूलों सहित देश भर के लगभग आठ लाख स्कूलों ने स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार, 2021-22 में भाग लिया है। छत्तीसगढ़ राज्य ने स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2021-22 में अधिकतम स्कूल भागीदारी के लिए 97.7 प्रतिशत आवेदन जमा करने के रिकॉर्ड के साथ देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।

यह पुरस्कार दो श्रेणियों में दिया जाता है, जिसमें सभी उप-श्रेणियों (कुल स्कोर) में समग्र प्रदर्शन और प्रत्येक उप-श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अर्थात पानी, शौचालय, धुलाई, संचालन रखरखाव, क्षमता निर्माण और व्यवहार परिवर्तन और कोविड-19 की तैयारी के लिए दिया जाता है। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में ओवरऑल परफॉर्मेंस पर 20 स्कूलों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें हायर सेकंडरी स्कूल आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल रावन जिला बलौदाबाजार, सेंट जेवियर्स पी.एस.राजपुर जिला बलरामपुर, 

शासकीय उच्च विद्यालय पाली और टैगोर इंटरनेशनल स्कूल सकरी जिला बिलासपुर, शासकीय शिव सिंह वर्मा बालिका हायर सेकंडरी स्कूल धमतरी, शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पोटिया और स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल, कुम्हारी जिला दुर्ग शामिल हैं। इसके साथ ही जशपुर जिले की शासकीय उच्च प्राथमिक शाला दुलदुला, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम नवीन आदर्श हायर सेकंडरी स्कूल जशपुर,  शासकीय उच्च प्राथमिक बासनताला जशपुर, सेंट मैरी इएमएस, कुनकुरी, डीएवी पब्लिक स्कूल, कंडोरा, कवर्धा जिले की शासकीय उच्च प्राथमिक परसवारा और शासकीय उच्च प्राथमिक भगतपुर, कोरिया जिले की किड्स कैंपस पब्लिक स्कूल, हीरागिरी हल्दीबाड़ी, महासमुंद जिले की शासकीय उच्च प्राथमिक कासेकेरा और जवाहर नवोदय विद्यालय सरायपाली, 

रायगढ़ जिले की शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल  रायकेरा, रायपुर जिले की बीपी पुजारी उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल राजातालाब और द ग्रेट इंडिया स्कूल आरंग शामिल हैं। उप-श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए छह स्कूलों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें धमतरी जिले में कुरूद के ग्राम दर्रा का शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, दुर्ग जिले का केपीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल और बीएसपी हायर सेकेंडरी स्कूल, कोरिया जिले का जवाहर नवोदय विद्यालय केनापारा, महासमुंद जिले का केंद्रीय विद्यालय और राजधानी रायपुर माना कैम्प स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय शामिल है।

बाल दिवस समारोह 14 नवम्बर को राजधानी रायपुर में

No comments Document Thumbnail

रायपुर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु की जंयती 14 नवम्बर को बाल दिवस के रूप में मनायी जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 11.30 बजे बाल दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम करेंगे और संसदीय सचिव द्वय द्वारिकाधीश यादव और विकास उपाध्याय, महापौर नगर पालिक निगम रायपुर एजाज ढेबर, विधायक सत्यनारायण शर्मा और कुलदीप जुनेजा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 



प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने बताया कि बाल दिवस समारोह का संचालन स्कूल बच्चों द्वारा किया जाएगा। बस्तर एवं सरगुजा क्षेत्र के बच्चे अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में अग्रणी रहने वाले बच्चों का सम्मान होगा। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग की गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगायी जाएंगी। प्रदर्शनी में बालवाड़ी के माध्यम से बच्चों का सीखना, बहुमुखी प्रतिभाशाली बच्चों द्वारा प्रस्तुतिकरण, विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा, बच्चों द्वारा कुशल वाचन मौखिक गणित का प्रदर्शन, खिलौनों से सीखना अंगना में शिक्षा,

व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत बच्चों द्वारा तैयार सामग्री का प्रदर्शन, विभिन्न कौशल में दक्ष कुशल बच्चों का प्रस्तुतिकरण, गणित एवं विज्ञान क्लब के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट योजना अंतर्गत अंग्रेजी, हिन्दी माध्यम स्कूलों के बच्चों द्वारा स्कूल में की जा रही गतिविधियों का प्रदर्शन, शारीरिक विकास आत्मरक्षा के लिए बालिकाओं का प्रदर्शन, स्थानीय भाषा में शिक्षा एवं संविधान से परिचय आदि विषयों के लगभग एक दर्जन स्टॉल लगाये जाएंगे। इन स्टॉलों का नेतृत्व भी बच्चों द्वारा किया जाएगा। 

  

हरियाणा के घूमर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से झूम उठे दर्शक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज स्थित मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव के अंतिम दिन हरियाणा के लोक कलाकारों ने घूमर नृत्य की प्रस्तुति सहित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। घूमर नृत्य हरियाणा का एक अनोखा पारंपरिक लोक नृत्य है। नर्तक दल के लीडर सुनील कौशिक ने बताया कि यह नृत्य राज्य के पश्चिमी हिस्सों में लोकप्रिय है। इस नृत्य में नृत्यांगनाओं के वृत्ताकार आंदोलन इस नृत्य को अलग पहचान देते हैं।



आमतौर पर राज्य के सीमा क्षेत्र की लड़कियां घूमर का प्रदर्शन करती हैं। नर्तक, जो एक परिपत्र मोड लेते हैं और ताली बजाने और गाने के बारे में आगे बढ़ते हैं, इस नृत्य का प्रदर्शन करते हैं। लड़कियाँ गाती हैं जब वे एक घूमने वाले आंदोलन में नृत्य करती हैं और संगीत के गति के रूप में लड़कियों के जोड़े बढ़ते हैं और तेज़ी से और तेज़ी से घूमते हैं। साथ के गीत व्यंग्य, हास्य और समकालीन घटनाओं से भरे हुए हैं, जबकि नर्तक जोड़े में घूमते हैं। यह नृत्य होली, गणगौर पूजा और तीज जैसे त्योहारों के अवसर पर किया जाता है।

यह भील जनजाति का लोक नृत्य है।यह नृत्य फसल की कटाई के समय किया जाता है।यह एक समूह नृत्य है ।यह नृत्य विशेष अवसर पर किया जाता है।यह नृत्य फसल कटाई के बाद, फसल अच्छे दामों पर बिकने बाद किया जाती है पत्नि अपने पति से विभिन्न तरीके से भिन्न-भिन्न वस्तुओं की मांग करती है और वार्तालाप के माध्यम से इस घुमर नृत्य को प्रस्तुत किया जाता है। इसी खुशी के अवसर पर यह नृत्य किया जाता है।


छत्तीसगढ़िया होने का गौरव उत्सव है राज्य स्थापना दिवस : राज्यपाल सुश्री उइके

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके आज राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में शामिल हुईं। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्ष 2022 के 33 विभिन्न विधाओं में 41 राज्य अलंकरण सम्मान प्राप्तकर्ताओं को पुरस्कार प्रदान किये। राज्यपाल सुश्री उइके का मुख्यमंत्री बघेल ने राजकीय गमछा भेंट कर समारोह में स्वागत किया। राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और नृत्य सहित अन्य प्रस्तुतियों की खूब प्रशंसा की। इस अवसर पर मंत्रिमण्डल के सभी सदस्य, नेता प्रतिपक्ष, सांसदगण, विधायकगण उपस्थित थे।



समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ी में राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी तथा राज्य अलंकरण सम्मान प्राप्तकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ हुआ है। इस अवसर पर 10 देशों, 28 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से आए कलाकारों का उन्होंने छत्तीसगढ़ में स्वागत व अभिनंदन किया। राज्यपाल ने कहा कि राज्य स्थापना के इस विशेष दिन को हम अपने छत्तीसगढ़िया होने के गौरव उत्सव के रूप में मनाते हैं। 

छत्तीसगढ़ के स्वप्नदृष्टाओं और छत्तीसगढ़ राज्य बनाने के लिए संघर्षरत् जनता की आकांक्षाओं को पूरा कर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने जनभावनाओं को सम्मान दिया।राज्यपाल ने राज्य निर्माण का स्वप्न देखने और संघर्ष करने वाले पुरखों और समस्त महापुरूषों को भी नमन किया। राज्यपाल सुश्री उइके ने सुंदर और भव्य राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।



राज्यपाल ने राज्य अलंकरण पुरस्कार का उल्लेख करते हुए कहा कि वास्तव में यह पुरस्कार किसी विशेष क्षेत्र में किये गए कार्य के प्रति सम्मान है। इससे उस व्यक्ति की उस क्षेत्र में एक महत्ता स्थापित होती है, मनोबल बढ़ता है, साथ ही समाज के अन्य लोगों को भी अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना को 22 वर्ष हो गए हैं। छत्तीसगढ़ ने इन वर्षों में हर क्षेत्र में प्रगति की है और प्रदेश का नाम देश में अग्रणी स्थान पर है। प्रदेश में अंग्रेजी माध्यम में सुलभ शिक्षा के लिए स्वामी आत्मानंद स्कूल खोले गए हैं, जिससे निम्न आय वर्ग के बच्चों को अंग्रेजी में बेहतर शिक्षा मिलना संभव हो पाया है।

हाट बाजार क्लिनिक योजना के माध्यम से सुदूर अंचलों की बसाहटों तक स्वास्थ्य सुविधाएं सहज ही उपलब्ध हो रही हैं। चलित अस्पताल लोगों के दरवाजों तक पहुंच गया है। जनजातीय आस्था के केन्द्र देवगुड़ियों के कायाकल्प का प्रयास भी सराहनीय है। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन की मंशा की प्रशंसा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित हमारे देश में आदिवासियों की संस्कृति बहुत समृद्ध रही है। आदिवासी, समृद्ध संस्कृति के वाहक होने के साथ ही प्रकृति के पूजक भी रहे हैं। उनकी जीवनशैली और प्रकृति के बीच एक गहरा सामंजस्य है। आदिवासी न्यूनतम आवश्यकताओं पर जीने वाले लोग हैं। 

वास्तव में यह आदिवासियों की जीवनशैली का मूलमंत्र है। वे प्रकृति से उतना ही लेते हैं, जितनी उन्हें आवश्यकता होती है। तथाकथित आधुनिक समाज को कई मायनों में उनसे सीखने की जरूरत है।राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि हमें राज्योत्सव के अवसर पर आत्मचिंतन भी करना चाहिए कि हम किन क्षेत्रों में पीछे रह गए हैं और उन्हें हम कैसे दूर करें। मुझे विश्वास है कि हम अपने संसाधनों का संतुलित और बेहतर उपयोग करते हुए देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल होंगे। उन्होंने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की कि वे राज्य के विकास के लिए अधिक से अधिक योगदान दें।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ी में अपना संबोधन दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस, आदिवासी नृत्य महोत्सव और धान खरीदी की शुरूआत की बधाई दी। उन्होंने राज्य अलंकरण से सम्मानित विभूतियों का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के ऐसे व्यक्ति जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में परिश्रम कर विशेष उपलब्धि हासिल की, आज उन्हें सम्मान मिला है। विशिष्ट व्यक्ति का सम्मान हमें गौरवान्वित करता है और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व से समाज को प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी जिला मुख्यालयों में छत्तीसगढ़ महतारी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री बघेल ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव की बढ़ती लोकप्रियता के बारे में बताते हुए कहा कि इस वर्ष 10 देशों से कलाकार महोत्सव में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में छत्तीसगढ़ एकमात्र प्रदेश है जहां राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन होता है। इस पहल के लिए विश्व स्तर पर प्रदेश की चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे विश्व की आदिम संस्कृति में एकरूपता देखी जा सकती है। छत्तीसगढ़ में विश्व भर की संस्कृतियों को जोड़ने का काम हो रहा है, जिससे वसुधैव कुटुम्बकम की परिकल्पना प्रदेश में साकार हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी प्रकृति का संरक्षण करते हुए जीवन व्यतीत करते हैं। वर्तमान में प्राकृतिक असंतुलन और पर्यावरण पर संकट की जो चर्चा होती है, उसे आदिम संस्कृति से प्रेरणा लेकर बचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने आज से प्रारंभ हुई धान खरीदी की जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के 25 लाख 93 हज़ार किसानों से 1 करोड़ 10 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि हम न केवल समर्थन मूल्य पर धान ख़रीदी कर रहे हैं बल्कि मिलेट्स फसलों की ख़रीदी भी छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर की जा रही है। धान खरीदी के पहले दिन 775 उपार्जन केन्द्रों में 3951 किसानों से 10 हजार 257 मीटरिक टन धान की खरीदी की गई। किसानों ने 279 करोड़ रूपए का धान बेचा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ लघुवनोपज से समृद्ध राज्य है। हम वनवासियों को आर्थिक संबल देने के लिए सात से बढ़ाकर 65 प्रकार के लघुवनोपजों की ख़रीदी कर रहे हैं। लघु वनोपजों का वैल्यू एडिशन भी किया जा रहा है। उन्होंने भूमिहीन मजदूरों को भी 7 हज़ार प्रतिवर्ष दिये जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों की जेब में पैसा पहुंचाने का कार्य हमने किया है, जिससे व्यवसाय और बाजार गुलज़ार है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण, गौवंश की रक्षा और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को रोजगार देने और उनके आय बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क खोले जाने की जानकारी भी दी, जिससे युवा आर्थिक रूप से आत्म निर्भर हो रहे हैं।

कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने स्वागत उद्बोधन दिया। पर्यटन तथा गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी कार्यक्रम में अपना उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित संसदीय सचिव, निगम मंडलों के अध्यक्ष, विधायक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सभी सम्मानित जनों की उपस्थिति के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.