Media24Media.com: वाई-फाई

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label वाई-फाई. Show all posts
Showing posts with label वाई-फाई. Show all posts

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 1 जून को करेंगे हाईटेक लाइब्रेरी का लोकार्पण

No comments Document Thumbnail

रायगढ़। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वाई-फाई कैम्पस, डिजिटल क्लास रूम, ई-लाइब्रेरी, कैंटिन की सुविधा से युक्त रायगढ़ की हाईटेक जिला लाइब्रेरी का लोकार्पण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 1 जून को करेंगे। इस लाइब्रेरी में तैयार किए गए एयरकंडीशन स्टडी रूम में एक साथ 250 बच्चे पढ़ सकते है। जिला प्रशासन की पहल पर 68 साल पुरानी लाइब्रेरी को पूरी तरीके से रिनोवेट किया गया है। यहां छात्रों के लिए सुविधाएं बढ़ाई गई है। किताबे और फर्नीचर भी अपग्रेड किया गया है। यहां शहर के बच्चों को पढ़ाई लिखाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल जगह मिलेंगी।

उल्लेखनीय है कि रायगढ़ का पुस्तकालय 68 वर्ष पुराना है। जिला गजेटियर के मुताबिक सन 1955 में इसकी स्थापना की गई थी। सन् 1964-65 में शासकीय पुस्तकालय, रायगढ़ में लगभग 7,000 पुस्तकें थीं तथा इसके 281 सदस्य थे। आज लाइब्रेरी में 23 हजार से ज्यादा किताबें पढऩे के लिए उपलब्ध है। लाइब्रेरी को आधुनिक तकनीकों से अपग्रेड किया गया है। पूरा कैंपस वाईफाई युक्त है। ऑनलाइन पढ़ाई के लिए 20 कंप्यूटर  लगाए गए हैं। लाइब्रेरी में स्टडी मेटेरियल प्रिंट करने की भी सुविधा छात्रों को मिलेगी। इसके अलावा यहां एक डिजिटल क्लासरूम बनाया गया है, जिसमें आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर एक साथ 30 छात्र पढ़ाई कर सकेंगे। ग्रुप स्टडी के लिए भी कमरे बनाए गए हैं।

लाइब्रेरी के रेनोवेशन में खास बात यह है कि यहां बड़े शहरों की तर्ज पर स्टडी केबिन बनाया गया हैं। यह छात्रों के लिए व्यक्तिगत स्टडी टेबल की तरह होगा। जिससे छात्र लाइब्रेरी में एकाग्रचित होकर पढ़ाई कर सकें। यहां ऐसे लगभग 180 केबिन तैयार किए गए हैं। यह लाइब्रेरी सुबह 8 से 10 बजे तक छात्रों के लिए खुली रहेगी। इसके अलावा यहां ई-लाइब्रेरी की सुविधा भी छात्रों को मिलेगी। लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष फोकस करते हुए उसके लिए जरूरी किताबें और मासिक मैगजीन भी यहां छात्रों को उपलब्ध होगी। 


वाई-फाई सुविधा से लैस प्रदेश का पहला रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बना बेलटुकरी

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मस्तूरी विधानसभा में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान ग्राम बेलटुकरी में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क ‘‘रीपा’’ का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि रीपा से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज का सपना साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने महिला समूहों के सदस्यों से चर्चा कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बेलटुकरी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में वाई-फाई सुविधा की शुरुआत करते हुए कहा कि इससे रीपा में कार्यरत लोगों को निःशुल्क इंटरनेट की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस माह की 5 तारीख को रीपा की गतिविधियों की समीक्षा के दौरान रीपा को वाईफाई सुविधा से लैस करने की घोषणा की थी। आज यहां वाई-फाई सुविधा का शुभारंभ होने के साथ बेलटुकरी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क इस सुविधा से लैस प्रदेश का पहला रीपा बन गया है। गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा छोटे-छोटे उद्योग धंधों के लिए रीपा में पानी, बिजली, जमीन जैसी सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसी कड़ी में आज बेलटुकरी में वाई-फाई सुविधा का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। 

मुख्यमंत्री ने बेलटुकरी रीपा में उत्पादित विभिन्न वस्तुओं के कैटलॉग का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि रीपा के माध्यम से गांव के लोगों को जरूरी वस्तुएं आस-पास उपलब्ध हो रही हैं, जिसके कारण अब उन्हें दूर शहरों की ओर नहीं जाना पड़ता। बेलटुकरी रीपा में संचालित बेकरी यूनिट, बोरी सिलाई यूनिट, कपड़ा सिलाई यूनिट, दोना-पत्तल यूनिट के उत्पादों की अच्छी गुणवत्ता के कारण आसपास के शहर-गांवों से सप्लाई के आर्डर मिलने प्रारंभ हो गए हैं।

रीपा के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री को आदर्श स्व सहायता समूह की निर्मला पटेल बताया कि यहां पर 1 महीने पूर्व शासन की मदद से 03 लाख रूपए की लागत से बेकरी यूनिट स्थापित की गई है। निर्मला ने बताया कि इस यूनिट के माध्यम से ब्रेड, केक और कुकीज़ का निर्माण कर आसपास के होटल और गांव में बिक्री करते हैं पिछले 15 दिनों में लगभग 10 हजार रूपए के बेकरी उत्पादों की बिक्री कर चुके हैं, जिससे 5 हजार का फायदा हुआ है। निर्मला ने बताया कि बिलासपुर के सी-मार्ट और आसपास के होटलों से 80 हजार रूपए का आर्डर भी मिला है।

मुख्यमंत्री ने रीपा में बोरी सिलाई यूनिट का अवलोकन भी किया। जय मां वैष्णवी स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती शांति कैवर्त ने बताया कि एक महीने पहले शासन की मदद से 4.5 लाख की लागत से बोरी सिलाई यूनिट स्थापित की गई है। लगभग 12 सौ बोरी की बिक्री आस-पास के गौठान में कर चुके हैं जिससे 03 हजार रुपये का फायदा हुआ है। श्रीमती शांति ने बताया कि आसपास के गौठानो से 61 हजार 760 रुपये के लगभग 6 हजार बोरी का आर्डर मिल चुका है।

मुख्यमंत्री बघेल द्वारा यहां दोना-पत्तल यूनिट के अवलोकन के दौरान वैष्णवी स्व-सहायता समूह की सदस्य ममता ने बताया कि समूह में 8 सदस्य हैं। शासन द्वारा ढाई लाख की लागत से दोना पत्तल मशीन इकाई स्थापित की गई है अब तक 150 बंडल दोना तथा 150 बंडल पत्तल का निर्माण कर 15 हजार रुपये के दोना-पत्तल की बिक्री कर चुके हैं,  जिससे हम महिलाओं को 5 हजार रुपये का फायदा हुआ है।

मुख्यमंत्री बघेल ने कपड़ा सिलाई यूनिट का अवलोकन किया। रीपा स्व-सहायता समूह की महिला आशा ने बताया कि रीपा एस.एच.जी. में हम सात महिलाएं सूट, ब्लाउज, बैग, पेटिकोट तथा रुमाल की सिलाई कर रही हैं। अब तक आसपास के गांव से आर्डर मिलने पर 25 हजार की बिक्री कर चुके हैं जिससे हमें 15 हजार रुपये  का फायदा हुआ है। रीपा स्वसहायता की महिला संतोषी कैवर्त ने बताया कि पहले घर में खाली बैठे रहते थे, कोई काम नहीं था। अब सिलाई कार्य से आमदनी भी हो रही है और परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।

मुख्यमंत्री ने बढ़ाया समूह की महिलाओं का हौसला-

मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। समूह की महिलाओं को आगे भी इसी तरह कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री बघेल ने फिनायल यूनिट, चेन लिंक फेंसिंग इकाई, फर्नीचर निर्माण इकाई का अवलोकन कर इनके निर्माण कार्य में लगे लोगों का हौसला बढ़ाया।

 

वाई-फाई सुविधा से लैस होंगे रूरल इंडस्ट्रियल पार्क : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि प्रदेश के रूरल इंडस्ट्रियल पार्क को वाई-फाई सुविधा से लैस किया जाएगा, ताकि ये पार्क आर्थिक गतिविधियों के सक्रिय केन्द्र के रूप में विकसित हो सकें। मुख्यमंत्री बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में गौठानों में बनाए जा रहे रूरल इंडस्ट्रियल पार्क और छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण-2023 की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में गोबर पेंट निर्माण की कम से कम एक इकाई की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य करें। 

उन्होंने रीपा में उत्पादित सामग्रियों के संस्थागत बिक्री केन्द्रों का बड़े व्यावसायिक संस्थानों के साथ मार्केट लिंकेज कराने के निर्देश दिए। बघेल ने कहा कि रीपा से जुड़े हुए गौठानों को मल्टी एक्टिविटी केन्द्र के रूप में विकसित किया जाए। आर्थिक गतिविधियों में पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े परिवारों के साथ ही पुरूषों की भी सहभागिता बढ़ाई जाए। ऐसा प्रयास किया जाए कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मिल सके। इसी तरह उन्होंने रीपा के स्तर पर समूहों को विभिन्न व्यवसायों में कौशल उन्नयन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शीघ्र पूर्ण करने तथा बरसात के मौसम में सभी गौठानों में छायादार और फलदार वृक्षों का रोपण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री बघेल ने बैठक में छत्तीसगढ़ सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण-2023 की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सर्वेक्षण का कार्य एक अप्रैल से प्रारंभ किया गया है। सर्वे का कार्य 30 अप्रैल तक किया गया। एक से 5 मई तक अद्यतनीकरण का कार्य किया जा रहा है। 5 मई से 15 मई तक गांवों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर दावा-आपत्ति लिया जाएगा तथा 15 मई से 18 मई तक दावा-आपत्ति वाले प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। 18 मई से 25 मई तक दावा-आपत्ति वाले प्रकरणों में किए गए निराकरणों का पुनः ग्रामसभा में अनुमोदन किया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव प्रसन्ना आर., संचालक पंचायत कार्तिकेय गोयल, रीपा के नोडल अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की संचालक श्रीमती दिव्या मिश्रा भी उपस्थित थीं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.