Media24Media.com: छायाचित्र

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label छायाचित्र. Show all posts
Showing posts with label छायाचित्र. Show all posts

छत्तीसगढ़ की गौरव गाथा और स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी संपन्न

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित “छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों” पर आधारित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आज समापन हुआ। यह प्रदर्शनी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुभारंभ की गई थी।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के वीर क्रांतिकारियों की गाथाओं, उनके संघर्षों और स्वतंत्रता आंदोलन में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिकाओं को आकर्षक छायाचित्रों, दस्तावेजों और जीवन प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। साथ ही, राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, रामलला दर्शन योजना, पीएम जनमन योजना, महिला सशक्तीकरण एवं जनदर्शन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक भी आगंतुकों को देखने को मिली।

विद्यार्थियों में रहा खास उत्साह

सात दिनों तक आयोजित “खेलो छत्तीसगढ़ ज्ञान प्रतियोगिता” और वर्चुअल रियलिटी गेम्स प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहे। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के राजकीय वृक्ष, पुष्प, राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर कला शैली, बस्तर क्राफ्ट, जशपुर के जलप्रपात और सरगुजा के खनिजों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। परी मानिकपुरी (संत कंवर राम विद्यालय) ने सभी प्रश्नों के सही उत्तर देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, दुर्ग की श्रीमती पायल शर्मा और रायपुर की श्रीमती गीता गुप्ता ने वर्चुअल रियलिटी गेम्स में सक्रिय भागीदारी कर प्रदर्शनी को और जीवंत बनाया।

जन-जन ने की सराहना

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा, समाज के विभिन्न वर्गों के लोग तथा इतिहास प्रेमी शामिल हुए। छात्रा गायत्री धीवर और खुशबू साहू ने इसे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों को समझने का अनूठा अवसर बताया। रायपुर निवासी कावेश रघुवंशी ने कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी अपने इतिहास और संस्कृति से जुड़ सके।

ज्ञान और संस्कृति का संगम

समापन अवसर पर आगंतुकों को राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित पुस्तकों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। साथ ही, प्रदेश की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा।

यह प्रदर्शनी न केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और योगदान को उजागर करने में सफल रही, बल्कि नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और उपलब्धियों से भी परिचित कराने का एक सशक्त माध्यम बनी।


राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज नवा रायपुर सेक्टर 24 स्थित नवीन मुख्यमंत्री निवास पहुंची। उनके यहां पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय सहित परिजनों ने परंपरागत रूप से उनका आत्मीय स्वागत किया।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने मुख्यमंत्री के परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की। राष्ट्रपति ने सबके साथ सामूहिक फोटो खिंचवाई। श्रीमती मुर्मु ने बच्चों को आशीष दिया और राष्ट्रपति भवन की पुस्तक और चॉकलेट उपहार स्वरूप दिए। गौरतलब है कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु के सम्मान में मुख्यमंत्री साय ने अपने निवास में भोज का आयोजन किया था।

मुख्यमंत्री ने भेंट किया छायाचित्र का एल्बम

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उनके दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान की विभिन्न अवसरों पर ली गई छायाचित्र का एल्बम नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में भेंट किया। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय डिजिटल का है और फोटो डिजिटल रूप में तुरंत मिल जाती हैं। लेकिन आपने इतने सीमित समय में इसका एल्बम तैयार कर मुझे दिया है। आपने इस फोटो एल्बम के माध्यम से मेरे छत्तीसगढ़ प्रवास को चिरस्मरणीय बना दिया है।

आमजन सहित हजारों विद्यार्थी छत्तीसगढ़ सरकार की लोक कल्याणकारी योजना और छत्तीसगढ़ के पुरोधाओं से हुए रूबरू

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार, भरोसे की सरकारथीम पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी में राज्य सरकार के बीते पौने पांच साल में छत्तीसगढ़ के विकास की ऊंचाइयों और देश की आजादी में अपना अमूल्य योगदान देने वाले छत्तीसगढ़ के पुरखों के परिचय और उनके कठिन संघर्ष, त्याग और बलिदान को फोटो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। राजधानी रायपुर के शास्त्री चौक स्थित टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी में आमजन सहित हजारों की संख्या में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी छत्तीसगढ़ की सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं और छत्तीसगढ़ के पुरोधाओं से रूबरू हुए।

आजादी की 76वीं वर्षगांठ के अवसर पर 15 अगस्त से 21 अगस्त तक आयोजित इस प्रदर्शनी का आज समापन हुआ। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विगत 15 अगस्त को छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया था। प्रदर्शनी में आने वाले दर्शकों को राज्य की समस्त लोक कल्याणकारी योजनाओं को डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से एलईडी स्क्रीन में दिखाया गया। इस प्रदर्शनी को हजारों की संख्या में आम नागरिक, महाविद्यालय के विद्यार्थियों और स्कूली बच्चों ने अवलोकन कर सराहना की। प्रदर्शनी में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों सहित आमजनों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से इतिहास, संस्कृति, अंग्रेजी, कृषि समेत छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध स्थलों और छत्तीसगढ़ से जुड़ी सामान्य ज्ञान और अन्य महत्वपूर्ण विषय संबंधित प्रश्न पूछे गए और सही जवाब देने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

गौरतलब है कि इस प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख केंद्र, छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों और राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजना सुराजी गांव योजना, नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना, छत्तीसगढ़ मिलेट मिशन, महिला सशक्तिकरण, बेरोजगारी भत्ता योजना, राजीव युवा मितान क्लब सहित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रदर्शनी में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पुरैना की छात्रा बिंदिया साहू, तान्या साहू, दीपिका सोनकेवरे, भावना यादव, ललित यादव, किरण साहू, काजल साहू और लक्ष्मी साहू ने अपने शिक्षक राजेन्द्र कुमार साहू के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा में राज गीत अरपा पैरी के धार...की शानदार प्रस्तुति दी और उनकी पंथी नृत्य के साथ-साथ सुआ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।

इसी तरह नर्सिंग महाविद्यालय में अध्ययनरत पिंकी वर्मा, प्रियंका सिन्हा, खुशी और रितु वर्मा ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसकी सराहना की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के विकास और छत्तीसगढ़ के वीर क्रांतिकारी सपूतों से प्रदर्शनी के माध्यम से रूबरू होना एक बेहतर अनुभव रहा। इस प्रकार के आयोजन से नई युवा पीढ़ी को अपने पुरखों के संघर्ष के बारे में विस्तार से जानकारी मिलती है, जो सभी के लिए उपयोगी और ज्ञानवर्धक है। इस अवसर पर आगंतुकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहा और विजिटर्स बुक में अपने-अपने अनुभव को साझा किया। इस अवसर पर छायाचित्र प्रदर्शनी में आने वालों लोगों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित उपयोगी और ज्ञानवर्धक प्रचार-प्रसार सामग्री का निःशुल्क वितरण भी किया गया।  

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.