Media24Media.com: चिरमिरी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label चिरमिरी. Show all posts
Showing posts with label चिरमिरी. Show all posts

छत्तीसगढ़: आदिवासी भाई-बहन को बंधक बनाकर मारपीट, आरोपी पति गिरफ्तार, पत्नी फरार

No comments Document Thumbnail

रायपुर : चिरमिरी जिले से आदिवासी भाई-बहन को घर में बंधक बनाकर मारपीट का मामला सामने आया है। मामला खड़गवां ब्लॉक के बचरापोड़ी इलाके बताई जा रही है। जहां दोनों भाई-बहन मोबाइल बनवाने के लिए एक दुकान गए थे यहां दुकानदार उमेश ठाकुर ने लड़की से बदतमीजी की और साथ ही दोनों को बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई कर दी। जानकारी के मुताबिक,पोड़ी बचरा पुलिस चौकी क्षेत्र के रहने वाले आदिवासी भाई बहन खड़गवां स्कूल से अपना रिजल्ट लेने के बाद वापस अपने घर आ रहे थे। 


वे अपना मोबाइल बनाने के लिए पोड़ी बचरा के एक मोबाइल दुकान पर पहुंचे। ये मोबाइल शॉप उमेश ठाकुर और उसकी पत्नी बीजेपी नेता इंदु ठाकुर का है। जब दोनों भाई-बहन उसकी दुकान पर पहुंचे, तो दुकानदार उमेश ने आदिवासी लड़की को फोन करके अपने दुकान के नीचे बने मकान पर बुलाया। उसके बाद दरवाजा बंद कर लिया। दुकानदार ने आदिवासी लड़की के साथ बदतमीजी की। कुछ देर बाद उसकी पत्नी इंदु ठाकुर भी घर पहुंच गई और आदिवासी लड़की के साथ मारपीट करने लगी।

जब भाई ने देखा कि बहन काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो वो भी वहां मकान पर पहुंचा। यहां बहन के साथ मारपीट होता देख वो उसे छुड़ाने लगा, तो उसके सिर पर आरोपी पति-पत्नी ने रॉड से हमला कर दिया गया। आरोपियों ने भाई-बहन दोनों को घर के अंदर बंधक बना लिया । दुकानदार की पत्नी ने दोनों से बर्तन, कपड़े और जूते भी धुलवाए। आरोपी उमेश की पत्नी इंदु ने दोनों भाई-बहन की जमकर पिटाई की। दोनों को लात-घूंसे और डंडे से मारा गया। पुलिस ने आरोपी उमेश ठाकुर के खिलाफ 7 धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं भाजपा नेत्री इंदु ठाकुर फरार बताई जा रही है।

ड्यूटी से गैर हाजिर शिक्षक का कटेगा वेतन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कलेक्टर पी.एस. ध्रुव स्कूलों में अध्ययन-अध्यापन की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिले के सीमावर्ती इलाके में कई स्कूलों सहित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने माध्यमिक शाला बोरीडांड में बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गैर हाजिर शिक्षक सुनील टोप्पो का एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए। प्राथमिक शाला बोरीडांड के निरीक्षण के दौरान विलंब से शाला आने के कारण शिक्षक मिथलेश वैश्य को इसका पुनरावृत्ति किए जाने की चेतावनी दी गई।

कलेक्टर ध्रुव ने बोरीडांड गांव की प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला चुक्तीपानी गांव की प्राथमिक शाला, कठौतिया गांव स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का औचक निरीक्षण कर वहां बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शाला परिसर की स्वच्छता का जायजा लिया। कलेक्टर ने शिक्षकों को समय पर शाला आने और बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अध्ययन-अध्यापन में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने उक्त शालाओं की कक्षाओं में जाकर बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी लेने के साथ ही बच्चों के ज्ञान का स्तर परखने के लिए उनसे गणित और भाषा से संबंधित सवाल भी पूछे। कलेक्टर ने इसके पश्चात कठौतिया उप स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। वहां इलाज कराने आए मरीजों से चर्चा की। कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित डॉक्टर से दवाओं की उपलब्धता एवं टीकाकरण की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली।

छत्तीसगढ़ में जिलों की संख्या हुई तैतीस, दो नए जिलों का शुभारंभ

No comments Document Thumbnail

जांजगीर। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती आज से छत्तीसगढ़ के नये जिले के रूप में अस्तित्व में आ गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर तैंतीस हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मनेंद्रगढ़ में नया जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने जिले के लिए दो सौ करोड़ तिहत्तर लाख रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। वहीं, मुख्यमंत्री ने कलेक्टोरेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कलेक्टर पी.एस. ध्रुव ने कार्यभार ग्रहण किया।



इस मौके पर बघेल ने चिरमिरी के सौ बिस्तर अस्पताल को जिला अस्पताल बनाने और मनेन्द्रगढ के सिद्ध बाबा मंदिर को पर्यटन विभाग द्वारा विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी और भरतपुर के लिए तीन-तीन करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की। वहीं, मुख्यमंत्री ने आज नवगठित सक्ती जिले का भी शुभारंभ किया। बघेल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का उद्घाटन कर जिले को एक सौ तिरपन करोड़ रूपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इससे पहले, कल राज्य सरकार ने दो नये जिलों के लिए कलेक्टरों की नियुक्ति की थी। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार पी.एस. ध्रुव को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और नुपूर राशि पन्ना को सक्ती जिले का कलेक्टर बनाया गया है।

सीएम भूपेश बघेल 9 सितम्बर को दो नवगठित जिले का शुभारंभ कर प्रदेशवासियों को देंगे महत्वपूर्ण सौगात

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 9 सितम्बर को दो नवगठित जिले का शुभारंभ कर प्रदेशवासियों को महत्वपूर्ण सौगात देंगे। इनमें प्रदेश का 32 वां जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और 33 वां जिला सक्ती होगा। मुख्यमंत्री बघेल अपने निर्धारित दौरा कार्यक्रम के तहत 9 सितम्बर को सवेरे 10.30 बजे जैन इंटरनेशनल स्कूल सकरी जिला बिलासपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर पूर्वान्ह 11.10 बजे महामाया कोल्ड स्टोर के पास ग्राउण्ड-मनेन्द्रगढ़ पहुंचेंगे।



वे यहां पूर्वान्ह 11.15 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में नवगठित 32 वां जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के कलेक्टर कार्यालय तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का शुभारंभ करने सहित रोड शो करेंगे। वे इसके उपरांत मनेन्द्रगढ़ में आमसभा लेंगे और नवगठित जिला को अनेक विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के पश्चात् दोपहर 1.55 बजे मनेन्द्रगढ़ से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर 2.35 बजे स्टेडियम ग्राउण्ड सक्ती पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री बघेल सक्ती में 2.40 बजे से 4.40 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में सक्ती स्टेडियम से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक रोड शो, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का शुभारंभ करेंगे। वे इस दौरान सक्ती में बड़ादेव स्थापना महापूजन कार्यक्रम में भाग लेंगे और नवगठित जिला सक्ती के कलेक्टर कार्यालय का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री बघेल सक्ती में आमसभा लेंगे और नवगठित जिला को अनेक विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। वे इसके पश्चात् अपरान्ह 4.45 बजे कॉलेज ग्राउण्ड जेठा विकासखण्ड सक्ती से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर 5.30 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर वापस लौट आएंगे।

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती जिले का आगाज 9 सितम्बर को

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेशवासियों को पिछले सप्ताह 3 नए जिलों की सौगात देने के बाद 9 सितम्बर को 2 नए जिलों का शुभारम्भ करने जा रहे हैं। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर 32वें और सक्ती 33वें जिला के रूप में अस्तित्व में आएंगे। इस तरह प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़ कर 33 हो जायेगी। दोनों नए जिलों के गठन से इन क्षेत्रों के वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। नए जिले के गठन से न केवल शासकीय कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन होगा बल्कि लोगों को कई प्रकार की सार्वजनिक सुविधाएं भी मिलेगी। लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।



मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर कोरिया जिले से अलग होकर तथा जांजगीर-चांपा से अलग होकर सक्ती जिला नयी प्रशासनिक इकाई के रूप में अस्तित्व में आ रहा है। नये जिले के गठन को लेकर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में और सक्ती में अभूतपूर्व हर्ष व्याप्त है। नया जिला अस्तित्व में आने से क्षेत्र में विकास की नयी धारा बहेगी, विकास की गति और तेज होगी। पहुंचविहीन क्षेत्रों में विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्यान्न, इंटरनेट तथा रोड कनेक्टिविटी के लिए और बेहतर कार्य किए जाएंगे।

नए जिलों के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोनों जिलों में 353 करोड़ 79 लाख 23 हजार रूपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दिन मनेंद्रगढ़ में 187 करोड़ 04 लाख 66 हजार रूपए के 09 कार्यों का भूमिपूजन तथा 13 करोड़ 68 लाख 57 हजार रूपए के 06 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वही सक्ती में 85 करोड़ 20 लाख रूपए के 296 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 67 करोड़ 85 लाख 99 हजार रूपए के 13 कार्यों का लोकर्पण होगा।



नवीन जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर सरगुजा संभाग के अंतर्गत होगा। जिले में कुल ग्रामों की संख्या 376 है। यहां 13 राजस्व निरीक्षक मण्डल तथा 87 पटवारी हल्का है।  यहां मनेन्द्रगढ़, भरतपुर और खड़गवां अनुविभाग और मनेन्द्रगढ़, केल्हारी, भरतपुर, खड़गवां, चिरमिरी और कोटाडोल तहसील होंगे। यहां 5 नगरीय निकाय जिनमें नगरपालिका निगम चिरमिरी, नगरपालिका परिषद मनेन्द्रगढ़, नगर पंचायत झगराखांड़, नगर पंचायत खोंगापानी और नगर पंचायत नई लेदरी सम्मिलित हैं। नवगठित जिले में अमृतधारा जलप्रपात, सिद्धबाबा मंदिर (मनेन्द्रगढ़) सीतामढ़ी-हरचौका (रामवनगमन पर्यटन परिपथ) भरतपुर, रमदहा जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थल भी शामिल हैं।

इसी प्रकार नया जिला सक्ती बिलासपुर संभाग के अंतर्गत होगा। जिला सक्ती में उपखंड सक्ती की तहसील सक्ती, मालखरौदा, जैजैपुर और उपखंड डभरा की तहसील डभरा सहित कुल 5 तहसीलें शामिल होंगी। सक्ती जिले में 18 राजस्व निरीक्षक मंडल शामिल होंगे। 2011 जनगणना के अनुसार जिले की आबादी 6,47,254 है। सक्ती जिले में 319 ग्राम पंचायतें, 6 नगरीय निकाय शामिल होंगे। नवगठित जिले में चंद्रहासिनी माता मंदिर चंद्रपुर, अड़भार अष्टभुजी माता मंदिर, रेनखोल, दमऊदरहा जैसे पर्यटन स्थल भी शामिल हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.