Media24Media.com: कृषि विश्वविद्यालय

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label कृषि विश्वविद्यालय. Show all posts
Showing posts with label कृषि विश्वविद्यालय. Show all posts

कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव 6 से 8 जून तक आयोजित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 6, 7 एवं 8 जून को कृषि महाविद्यालय परिसर रायपुर में ‘‘फलों के राजा’’ आम के राष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की 200 से अधिक किस्मों एवं आम से बने 56 व्यंजनों का प्रदर्शन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है जिसमें छत्तीसगढ़ एवं देश के विभिन्न राज्यों के आम उत्पादक शामिल होंगे।

महोत्सव के दौरान आम से बने विभिन्न व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित है। आम की सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है जिसमें विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, महिलाएं तथा अन्य सामान्यजन भी पंजीयन कर भाग ले सकते है। इस महोत्सव में पंजीयन एवं प्रवेश पूर्णतया निःशुल्क है।राष्ट्रीय आम महोत्सव में संस्थागत एवं व्यक्तिगत प्रतियोगी भी सहभागी हो सकते हैं।

आयोजन के प्रथम दिवस 6 जून को प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके पश्चात सामान्यजनों के लिए प्रदर्शनी अवलोकनार्थ तीनों दिन सायः 9 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी में आम की विभिन्न किस्मों के फल, आम के विभिन्न उत्पाद एवं आम के पौधे भी विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगे। द्वितीय दिवस 7 जून को आम उगाने वाले कृषकों एवं जिज्ञासुओं के लिए 12 बजे से 4 बजे तक तकनीकी मार्गदर्शन एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ में उच्च गुणवत्ता के आम की विभिन्न किस्मों का उत्पादन, आम के विभिन्न उत्पाद एवं उनके विपणन के साथ ही आम उत्पादन हेतु छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की जायेगी, जिससे नयी पीढ़ी के लोग आम उत्पादन की ओर आकृष्ट हो सकंे। आम उत्पादन को पर्यावरण के संरक्षण के साथ एक स्वास्थ्यवर्धक व्यवसाय के रूप में अपनाने की जानकारी आम लोगों को प्रदान की जा जाएगी। तृतीय दिवस 8 जून को आम उत्पादक कृषकों एवं उद्यामियों की सफलता की कहानी उन्हीं की जुबानी 12 से 4 बजे तक आयोजित होगा।

राष्ट्रीय आम महोत्सव के अंतिम दिन प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ ही प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय फल ‘‘आम’’ जो कि आम जनता का प्रिय फल है उसकी समस्त सामान्य एवं खास किस्मों, विशिष्ट उत्पादों एवं भविष्य में अधिक उत्पादन के लिए रोजगार के साधनों की जानकारी नागरिकों, महिलाआंे, विद्यार्थियों, नव उद्यमियों एवं कृषकों को प्रदान करना है।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने लहराया राष्ट्रीय स्तर पर परचम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर अनुसंधान, नवाचार एवं उद्यमिता विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए ‘‘स्पेशल जूरी रिकगनिशन अवार्ड’’ से सम्मानित किया गया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को यह सम्मान फे़डरेशन ऑफ़ इंडियन चौंबर्स ऑफ़ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री (एफ.आई.सी.सी.आई.) द्वारा अम्बेडकर अन्तर्राष्ट्रीय केन्द्र, नई दिल्ली में 18 से 19 अक्टूबर 2024 तक आयोजित ‘‘19वीं उच्च शिक्षा शिखर सम्मेलन’’ में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिटेन की उच्चायुक्त सुश्री लिण्डी केमरान के करकमलों द्वारा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल को प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के कुशल मार्गदशन में विगत दो वर्षाें में धान जनन द्रव्य संरक्षण, जैव विविधता एवं संबंधित उत्पादों पर अनुसंधान हेतु एवं उत्पादों के उपभोग के प्रति आमजनों तक जागरूकता लाने के संबंध में किये गये उल्लेखनीय कार्याें को दृष्टिगत रखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया है। एफ.आई.सी.सी.आई. द्वारा आयोजित 19वीं उच्च शिक्षा शिखर सम्मेलन में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त शिक्षाविदों ने भाग लिया, जिसमें आस्ट्रेलिया, इंग्लैण्ड, स्पेन तथा अफ्रिकी देश घाना के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्रिटेन की उच्चायुक्त सुश्री लिण्डी केमरान थीं। जो स्वयं भी एक शिक्षाविद हैं तथा समाजिक कार्यकर्ता के रूप में प्राख्यात हैं।

गौरतलब है कि इस अवार्ड हेतु देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षकिण संस्थाओं द्वारा एफ.आई.सी.सी.आई. के जूरी के समक्ष किये गये कार्याें का प्रदर्शन किया गया था, जिसमें जूरी ने अपना निर्णय देते हुये इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर को शिक्षा, अनुसंधान, प्रसार एवं उद्यमिता विकास के क्षेत्र में स्पेशल जूरी रिकगनिशन अवार्डप्रदान किया गया। यह अवार्ड मिलने से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हुई है।

अब केरल की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी होगी रबर की खेती

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भी अब ज्यादा मुनाफा देने वाले रबर के पेड़ों की खेती की जा सकेगी। रबर अनुसंधान संस्थान, कोट्टायाम बस्तर क्षेत्र में रबर की खेती की संभावनाएं तलाशने के लिए कृषि अनुसंधान केन्द्र बस्तर में एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में रबर की प्रायोगिक खेती करने जा रहा है। इस संबंध में आज यहां इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के रायपुर के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की मौजूदगी में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर तथा रबर अनुसंधान संस्थान कोट्टायाम के मध्य एक समझौता किया गया। 

समझौता ज्ञापन पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के संचालक अनुसंधान डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी तथा रबर रिसर्च इंस्टिट्यूट कोट्टायाम की संचालक अनुसंधान डॉ. एम.डी. जेस्सी ने हस्ताक्षर किये। इस समझौते के अनुसार रबर इंस्टिट्यूट कृषि अनुसंधान केन्द्र बस्तर में एक हेक्टेयर रकबे में रबर की खेती हेतु सात वर्षाें की अवधि के लिए पौध सामग्री, खाद-उर्वरक, दवाएं तथा मजदूरी पर होने वाला व्यय इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराएगा। वह रबर की खेती के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन तथा रबर निकालने की तकनीक भी उपलब्ध कराएगा। पौध प्रबंधन का कार्य रबर इंस्टिट्यूट के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा किया जाएगा।

अनुबंध समारोह को संबोधित करते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि रबर एक अधिक लाभ देने वाली फसल है। भारत में केरल, तमिलनाडु आदि दक्षिणी राज्यों में रबर की खेती ने किसानों को सम्पन्न बनाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि रबर अनुसंधान संस्थान कोट्टायाम के वैज्ञानिकों ने छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र की मिट्टी, आबोहवा, भू-पारिस्थितिकी आदि को रबर की खेती के लिए उपयुक्त पाया है और प्रायोगिक तौर पर एक हेक्टेयर क्षेत्र में रबर के पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां रबर की खेती को निश्चित रूप से सफलता मिलेगी तथा किसानों को अधिक आमदनी प्राप्त हो सकेगी।

अनुबंध समारोह में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. अजय वर्मा, निदेशक प्रक्षेत्र एवं बीज डॉ. एस.एस. टुटेजा, निदेशक शिक्षण डॉ. एस.एस. सेंगर, कृषि महाविद्यालय रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. जी.के. दास, स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी के अधिष्ठाता डॉ. विनय कुमार पाण्डेय, उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, जगदलपुर की अधिष्ठाता डॉ. जया लक्ष्मी गांगुली सहित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय तथा रबर अनुसंधान संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक उपस्थित थे।

कृषि विश्वविद्यालय रायपुर को लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान

No comments Document Thumbnail

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय, बंगलोर में आयोजित 21वीं अखिल भारतीय अन्तर कृषि विश्वविद्यालयीन युवा सांस्कृतिक महोत्सव (एग्री यूनिफेस्ट) में लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक हासिल किया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय पारंपरिक पंथी नृत्य प्रस्तुत किया था।

21वीं अखिल भारतीय अन्तर कृषि विश्वविद्यालयीन युवा सांस्कृतिक महोत्सव में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की 31 सदस्यीय दल ने भाग लिया था। इस युवा सांस्कृतिक महोत्सव में नृत्य, गायन, कला साहित्य और नाट्य विधा में लगभग 20 विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। युवा सांस्कृतिक महोत्सव में आयोजित नाट्य विधा के अंतर्गत स्किट प्रतियोगिता में भी विश्वविद्यालय के दल को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार कला विधा के अन्तर्गत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय बिलासपुर की छात्रा वैदेही देवांगन को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ।

विद्यार्थयों के दल के वापस लौटने पर उनका रायपुर रेलवे स्टेशन आत्मीय स्वागत किया गया। विजेता प्रतिभागियों ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा के नेतृत्व में कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें प्राप्त पुरस्कारों के बारे में जानकारी दी। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने दल के सभी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने लोक नृत्य समूह के विद्यार्थयों के साथ-साथ दल में शामिल सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने की आशा व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा इस वर्ष कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय, बंगलोर में 13 से 17 मार्च, 2023 तक 21वीं अखिल भारतीय अन्तर कृषि विश्वविद्यालयीन युवा सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया था। जिसमें देश भर के 65 कृषि विश्वविद्यालयों की टीमें शामिल हुई थीं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का सांस्कृतिक दर विश्वविद्यालय के क्रीडा अधिकारी डॉ. आर.के. ठाकुर एवं डॉ. सोनाली देवले के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल हुआ था। विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन में आयोजित सम्मान समारोह में विश्वविद्यालय के निदेशक शिक्षण डॉ. एस.एस. सेंगर, लेखानियंत्रक श्री उमेश अग्रवाल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा, तकनीकी अधिकारी डॉ. बी.पी. कतलम, विभिन्न छात्रावास अधीक्षक तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने हेतु नवीन कृषि अनुसंधानों की जरूरत : डॉ. चंदेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन आज विश्व की समक्ष एक बहुत बडी चुनौती है जिसका पर्यावरण, पारिस्थितिकीतंत्र तथा सामाजिक-आर्थिक व्यवस्था पर गहन प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मानव सहित जीव-जन्तुओं की सभी प्रजातियां प्रभावित हो रही है तथा पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। बढ़ते तापमान, घटती वर्षा तथा मौसमचक्र में परिवर्तन से फसलों का उत्पादन कम होने की आशंका है। 

इन चुनौतियों का सामना करने के लिए कृषि वैज्ञानिकों को नये अनुसंधान कर विभिन्न फसलों की जलवायु लचीली नवीन किस्मों का विकास करना होगा। डॉ. चंदेल आज कृषि महाविद्यालय रायपुर के सभा कक्ष में आयोजित 6 दिवसीय कैरियर काउंसलिंग एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम के समापन दिवस पर ‘‘जलवायु परिवर्तन के दौर में स्थायी विकास’’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी में विषय विशेषज्ञ के रूप में त्रिशांत देव तथा पुष्कर प्रसून ने विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, इनसे पडने वाले दुष्प्रभाओं तथा जलवायु परिवर्तन के नियंत्रण हेतु वैश्विक स्तर पर किये जा रहे प्रसायों के बारे में जानकारी दी।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता त्रिशांत देव ने छात्रों को बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण पूरी दुनिया को आने वाले वर्षाें में गंभिर समस्याओं का सामना करना पडेगा। दुनिया के कुछ हिस्सों में बहुत ज्यादा गर्मी और कुछ हिस्सों में बहुत ज्यादा ठंड पडने की संभावना है, इसी प्रकार कहीं अत्यधिक वर्षा के काराण बाढ़ तो कहीं कम वर्षा के कारण सूखा पडने की आशंका है। ग्लोबल वार्मिंग के कारण मीथेन, कार्बन डाईऑक्साईड तथा सल्फर डाईऔक्साईड जैसी गैंसों का उत्सर्जन बढ़ेगा। ग्लेशियर के पिघलने से समुद्र का स्तर बढ़ने से कई तटवर्तीय शहरों के डूबने की आशंका है। बढ़ते तापमान एवं लू चलने से फसलों का उत्पादन प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उत्तर भारत के कुछ राज्यों में फरवरी में ही तापमान 40 डिग्री सेंटीग्रेड पहुुंचने से गेहूं के उत्पादन में 10 प्रतिशत तक कमी आने की आशंका वैज्ञानिकों द्वारा व्यक्त की गई है।

सूखा पडने से पीने के पानी की कमी होगी तथा अनेक खतरनाक बैक्टिरिया एवं वायरसजनित रोगों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में दुनियाभर के वैज्ञानिक, अर्थशास्त्री तथा समाजशास्त्री चिंतित हैं तथा इस संबंध में वैश्विक स्तर पर अनेक प्रयास किये जा रहे हैं, जिनमें क्योटो प्रोटोकॉल, पैरिस प्रोटोकॉल, नगोया प्रोटोकॉल आदि शामिल हैं। जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को रोकने में विभिन्न देशों की सरकारें, अन्तर्राष्ट्रीय संगठन, वैज्ञानिकों के साथ ही आम जनता को भी अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी होगी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. जी.के. दास थे और अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने की।

उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में संचालित कैरियर डेव्हलपमेंट सेन्टर द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, राष्ट्रीय कृषि उच्च शिक्षा परियोजना (छ।भ्म्च्), भारतीय कृषि प्रबंधन अकादमी (छ।।त्ड), के सहयोग से कृषि विद्यार्थियों के लिए ‘‘कैरियर काउंसलिंग एवं व्यक्तित्व विकास’’ के तहत छह दिवसीय परिसंवाद श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस छह दिवसीय परिसंवाद श्रृंखला के तहत 16 से 23 फरवरी, 2023 तक कैरियर काउंसलिंग एवं व्यक्तित्व विकास के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिया गया। परिसंवाद श्रृंखला के अंतर्गत प्रथम दिवस ‘खेलकूद से स्वस्थ समाज का निर्माण’ विषय पर डॉ. चन्द्रकांत आगाशे द्वारा विद्यार्थियों को व्याख्यान दिया गया। द्वितीय दिवस ‘रोजगार के भावी स्वरूप पर आधारित कौशल विकास’ विषय पर अरविंद अग्रवाल द्वारा विशेष व्याख्यान दिया गया था। परिसंवाद श्रृंखला के तृतीय दिवस ‘स्थायी विकास में विश्वशांति की भूमिका’ विषय पर डॉ. आर.के. पुरोहित द्वारा व्याख्यान दिया गया। 

चतुर्थ दिवस छबिराम साहू द्वारा ‘योग एवं आयुर्वेद आधारित युवा विकास’ विषय पर व्याख्यान दिया गया। परिसंवाद श्रृंखला के पांचवे दिन डॉ. सुभाष चन्द्राकर ने ‘लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी’ विषय पर व्याख्यान दिया गया। गूगल फॉम के तहत पंजीकृत प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस परिसंवाद श्रृंखला का यूट्यूब पर भी लाईव टेलीकास्ट भी किया गया। इस 6 दिवसीय परिसंवाद श्रृखला के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आर.आर. सक्सेना, डॉ. अकरम खान, डॉ. जितेन्द्र सिन्हा, डॉ. रामा मोहन सावू, डॉ. शुभा बैनर्जी, डॉ. दीप्ति झा, डॉ. दीपक गौरहा, डॉ. हर्ष पौराणिक, डॉ. रवि श्रेय, डॉ. आर.के. ठाकुर, सुश्री कल्पना बैनर्जी थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुभा बैनर्जी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, वैज्ञानिकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का 37वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा 20 जनवरी को

No comments Document Thumbnail

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर का 37वां स्थापना दिवस 20 जनवरी को मनाया जाएगा। इस दिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस अवसर पर ‘‘खाद्य एवं पोषण सुरक्षा हेतु लघु धान्य फसलें’’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा जिसके मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री रविन्द्र चौबे होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदीप शर्मा, मुख्यमंत्री जी के सलाहकार, कृषि, ग्रामीण विकास एवं योजना तथा डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव एवं कृषि उत्पादन आयुक्त उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल करेंगे। इस कार्यशाला में लघु धान्य फसलों पर कार्य करने वाले कृषक, वैज्ञानिक, उद्यमी, प्रसंस्करणकर्ता आदि शामिल होंगे। इस अवसर पर कृषि मंत्री  चौबे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर नवनिर्मित मिलेट कैफे का शुभारंभ भी करेंगे। इस मिलेट कैफे में कोदो, कुटकी, रागी तथा अन्य लघु धान्य फसलों से निर्मित व्यंजन एवं अन्य उत्पाद आम जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में लघु धान्य फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने, 

लोगो में लघु धान्य फसलों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने, लघु धान्य फसलों के पोषक मूल्य तथा औषधीय गुणों पर अनुसंधान, लघु धान्य फसलों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, उत्पाद निर्माण तथा इन फसलों के बीज उत्पादन एवं वितरण हेतु इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर तथा ईक्रिसेट हैदराबाद, भारतीय लघु धान्य फसल अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद तथा राष्ट्रीय बीज निगम, हैदराबाद के मध्य तीन समझौते भी निष्पादित किये जाएंगें। कार्यशाला में राष्ट्रीय बीज निगम की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. मनिन्दर कौर, छत्तीसगढ़ लघु वनोपज महासंघ के अतिरिक्त प्रबंध संचालक आनंद बाबू, अन्तर्राष्ट्रीय अर्धशुष्क कटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान (ईक्रिसेट) के उप महानिदेशक डॉ. अरविंद कुमार, भारतीय लघु धान्य फसल अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. हरिप्रसन्न एवं वैंकटेश्वरलू, सिम्बायसिस इंस्टिट्यूट पूणे की प्राध्यापक डॉ. निशा भारती तथा भारतीय पैकेजिंग संस्थान मुम्बई के प्राध्यापक डॉ. तनवीर आलम भी शामिल होंगे।

 उल्लेखनीय है कि लघु धान्य फसलों की उपयोगिता, उपादेयता, पोषकता तथा औषधीय गुणों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार की पहल पर संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2023 को अन्तर्राष्ट्रीय लघु धान्य वर्ष घोषित किया गया है। इसी परिपेक्ष में भारत सरकार द्वारा देश में लघु धान्य फसलों को बढ़ावा देने तथा आम जनता में इनके प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए राष्ट्रीय मिलेट मिशन संचालित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य मिलेट मिशन संचालित किया जा रहा है। इस मिशन के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 20 जिले शामिल किये गए है जिनमें बस्तर एवं सरगुजा संभाग के जिलों को प्रमुखता के साथ शामिल किया गया है।

वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 95 हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में कोदो, कुटकी, रागी एवं अन्य लघु धान्य फसलों की खेती की जा रही है जिसे वर्ष 2026-27 तक 1 लाख 90 हजार हैक्टेयर तक विस्तारित करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में लघु धान्य फसलों की उत्पादकता 5.50 क्विंटल प्रति हैक्टेयर है जिसे 2026-27 तक 11 क्विंटल प्रति हैक्टेयर तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। भारत सरकार द्वारा लघु धान्य फसलों के अन्तर्गत रागी की खरीदी हेतु समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लघु धान्य फसलों को बढ़ावा देने एवं किसानों को इनकी खेती के लिए प्रेरित करने हेतु कोदो एवं कुटकी फसलों की खरीदी के लिए भी समर्थन मूल्य क्रमशः 3,000 रूपये प्रति क्विंटल तथा 3,100 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ द्वारा किसानों से लघु धान्य फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है।

 यह भी उल्लेखनीय है कि अधिक पोषक तत्वों तथा औषधीय गुणों वाली लघु धान्य फसलें कम लागत, कम सिंचाई की आवश्यकता, मौसम की प्रतिकूलता एवं विपरीत परिस्थितियों के प्रति सहनशीलता एवं कीटों तथा बीमारियों के प्रति प्रतिरोधकता के कारण आज-कल किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय होती जा रही है। यह फसलें किसी भी प्रकार की मिट्टी में बहुत कम संसाधनों के साथ आसानी से उगाई जा सकती हैं। लो कैलोरी डाईट होने के कारण यह मधुमेह, रक्तचाप एवं हृदय रोगियों के लिए काफी अच्छी मानी जाती है। इनमें कैल्शियम, मैग्नीशीयम, आयरन, फस्फोरस, अन्य खनिज तथा रेशा प्रचुर मात्रा में होने के कारण मानव स्वास्थ्य के लिए काफी लाभप्रद हैं।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा कोदो, कुटकी एवं रागी की तीन-तीन नवीन किस्में विकसित की गई हैं जिनमें - इंदिरा कोदो-1, छत्तीसगढ़ कोदो-2, तथा छत्तीसगढ़ कोदो-3, छत्तीसगढ़ कुटकी-1, छत्तीसगढ़ कुटकी-2 तथा छत्तीसगढ़ सोन कुटकी, इंदिरा रागी-1, छत्तीसगढ़ रागी-2 तथा छत्तीसगढ़ रागी-3 शामिल हैं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित भिन्न अनुसंधान प्रक्षेत्रों तथा कृषि विज्ञान केन्द्रों के अन्तर्गत वृहद पैमाने पर लघु धान्य फसलों की खेती तथा बीज उत्पादन किया जा रहा है तथा कृषकों को इन फसलों की खेती हेतु मार्गदर्शन एवं प्रेरणा भी दी जा रही है। विभिन्न कृषक उत्पाद समूहों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को लघु धान्य फसलों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन तथा उत्पाद निर्माण एवं विपण हेतु मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कृषि विज्ञान केन्द्र जगदलपुर द्वारा एक मिलेट कैफे संचालित किया जा रहा है जहां कोदो, कुटकी, रागी आदि लघु धान्य फसलों से निर्मित इडली, दोसा, उपमा, माल्ट, कुकीज़ तथा अन्य व्यंजन विक्रय किये जा रहे हैं।

रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय कृषि मड़ई का आयोजन, महासमुन्द भी आएंगे 10 देशों के कृषि वैज्ञानिक

No comments Document Thumbnail

महासमुन्द।रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आज चौदह अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय कृषि मड़ई का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे करेंगे। वहीं, सोलह अक्टूबर को कृषक सम्मेलन होगा, जिसे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल संबोधित करेंगे। अट्ठारह अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले के दौरान प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें कृषि के नये यंत्रों और उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा।



इस मड़ई के आयोजन में अन्तर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के साथ ही फिलीपींस सहित कुछ अन्य देशों की संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों का संवाद कार्यक्रम होगा, जिसमें कृषि उद्यमी और प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दस देशों के कृषि वैज्ञानिक महासमुन्द जिले के ग्राम कौंदकेरा आएंगे। यहां प्रगतिशील व नवाचारी कृषक योगेश्वर चंद्राकर के खेत में लगे ब्लैक, ग्रीन, रेड और व्हाइट चार वेराइटी के चावल वाले धान फसल का अवलोकन करेंगे।

कृषि विश्वविद्यालय में छत्तीसगढ़िया कुलपति की नियुक्ति, राज्यपाल ने जारी किया आदेश

No comments Document Thumbnail

राज्यपाल अनुसुइया उइके ने गिरीश चंदेल को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। चंदेल अभी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ही प्लांट मॉलिक्यूलर बॉयोलॉजी एंड बॉयोटेक्नोलॉजी विभाग के अध्यक्ष हैं। विश्वविद्यालय में कुलपति नियुक्ति को लेकर पिछले एक पखवाड़े से विवाद चल रहा था। ये नियुक्ति इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय अधिनियम का प्रयोग करते हुए की गई है। इस संबंध में राज्यपाल ने आदेश भी जारी कर दिया है।

बता दें कि गिरीश चंदेल, पौध प्रजनन और जैव प्रौद्योगिकी के प्रख्यात वैज्ञानिक हैं। छत्तीसगढ़ के सिमगा, हथबंद के पास कुकरा चुन्दा गांव के मूल निवासी चंदेल को कृषि शिक्षा अनुसंधान और विस्तार प्रबंधन का 30 सालों का अनुभव है। जिसमें सात सालों का अनुभव विशेष रूप से सूखे और पोषण अनुसंधान के लिए अत्याधुनिक स्टेट ऑफ आर्ट बुनियादी सुविधाओं के निर्माण और पोषण प्रबंधन पर रहा है।  चंदेल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनुसंधान और विकास कार्यों का वृहद अनुभव है। 

ये भी थे दावेदार

उन्होंने इंटरनेशनल जेनेटिक इंजीनियरिंग और बॉयोटेक्नोलॉजी सेंटर में पीएचडी फेलो और इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट में विजिटिंग वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया है। बताया जा रहा है कि ये पहला अवसर है जब इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में किसी स्थानीय व्यक्ति को कुलपति बनाया गया है। इस नियुक्ति के प्रबल दावेदारों में गिरीश चंदेल के अलावा, एसएस सेंगर और जीएस दास का नाम शामिल था।

सेंगर संभाल रहे थे जिम्मेदारी

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति रहे एसके पाटील का कार्यकाल एक नवंबर 2021 में पूरा हो गया। उनका कार्यकाल खत्म होने से पहले ही राज्यपाल अनुसूइया उइके ने एसएस सेंगर को कार्यवाहक कुलपति नियुक्त कर दिया। उनके नियुक्ति आदेश में ही इसका जिक्र था कि यह नियुक्ति अधिकतम छह महीने के लिए हुई है। 2 नवम्बर 2021 से उन्होंने कुलपति की जिम्मेदारी संभाल ली।

इस कारण शुरू हुआ था विवाद

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति एस.के. पाटिल का कार्यकाल खत्म होने से पहले ही राज्यपाल ने सर्च कमेटी बना दिया। इसका अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम को बनाया गया। इसमें आनंद मिश्रा और सुब्रत साहू सदस्य के तौर पर शामिल थे। सर्च कमेटी ने चार नामों का पैनल राजभवन भेजा था। बताया जा रहा है, राज्यपाल ने इसे खारिज कर नई सर्च कमेटी का गठन कर दिया। इसका अध्यक्ष पूर्व कुलपति अरविंद भाई पाठक को बनाया गया। उसके बाद विश्वविद्यालय में यह कहा जाने लगा कि राजभवन किसी बाहरी व्यक्ति को कुलपति नियुक्त करने की कोशिश में है। शिक्षकों-वैज्ञानिकों ने प्रदर्शन किया।

सरकार और राजभवन में बढ़ा था तकरार 

इस विवाद में सरकार और राजभवन भी शामिल हो गया। कई मंत्रियों और खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्थानीय कुलपति की मांग का समर्थन कर दिया। वहीं राज्यपाल अनुसूईया उइके ने कह दिया कि जो मेरीट के आधार पर आएगा उसमें से कुलपति चुना जाएगा। वह तो कहीं से भी लिया जा सकता है। कुलपति नियुक्त करना उनका संविधानिक अधिकार है और बेहतर को नियुक्त करेंगी। एक दिन पहले राज्यपाल ने कहा था, मामले का पटाक्षेप हो चुका है। जल्दी ही नियुक्ति आदेश जारी हो जाएंगे। फिलहाल छात्रों के मांग के मुताबिक छत्तीसगढ़िया कुलपति की नियुक्ति कर दी गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.