Media24Media.com: #आशीर्वाद समारोह

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #आशीर्वाद समारोह. Show all posts
Showing posts with label #आशीर्वाद समारोह. Show all posts

आशीर्वाद समारोह के बाद दूल्हे की संदिग्ध मौत, बंद कमरे में फंदे पर मिला शव

No comments Document Thumbnail

 धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कन्हारपुरी में शादी के एक दिन बाद ही दूल्हे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।


मृतक की पहचान सिद्धेश्वर कंवर (28), पिता रामजोहन कंवर, निवासी कन्हारपुरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सिद्धेश्वर का विवाह 16 अप्रैल को महासमुंद जिले के ग्राम डोकरपाली में संपन्न हुआ था। इसके बाद 17 अप्रैल को कन्हारपुरी में आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण शामिल हुए।

बताया गया है कि समारोह समाप्त होने के बाद सिद्धेश्वर अपने कमरे में सोने चला गया। शनिवार सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की से झांककर देखा गया, जहां वह फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

जांच जारी, कई पहलुओं पर फोकस

पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मृतक की मानसिक स्थिति, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ग्रामीणों के मुताबिक, शादी के दौरान मृतक का व्यवहार सामान्य था और किसी प्रकार की असामान्यता सामने नहीं आई थी, जिससे यह घटना और भी चौंकाने वाली बन गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.