Media24Media.com: र्साइंस कॉलेज

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label र्साइंस कॉलेज. Show all posts
Showing posts with label र्साइंस कॉलेज. Show all posts

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस : राजधानी सहित जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य आज अपना तेईसवां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर राजधानी सहित जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रायपुर के र्साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीसरे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का शुभारंभ आदिवासी वाद्ययंत्र नगाड़ा बजाकर किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया के आदिम सांस्कृतिक मूल्यों को जब हम बचाए रखेंगे, तभी हमारी एकजुटता बची रहेगी और प्राकृतिक संतुलन के साथ विकास की अवधारणा साकार हो सकेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासियों के अधिकारों के लिए पूरी दुनिया में एकजुटता कायम करना है।



स्वागत कार्यक्रम में देश के अट्ठाईस राज्यों, सात केन्द्र शासित प्रदेश सहित दस देशों - मोज़ाम्बिक, टोगो, ईजिप्ट, मंगोलिया, इंडोनेशिया, रूस, न्यूजीलैंड, सर्बिया, रवांडा और मालदीव के कलाकारों ने आदिवासी नृत्य की झलक दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इस आयोजन में लगभग पन्द्रह सौ देशी-विदेशी कलाकार शिरकत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पोस्टल विभाग द्वारा जारी पोस्टल स्टेम्प और लिफाफे तथा वर्ष दो हजार इक्कीस के राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।

मेलास्थल पर शासकीय विभागों के अलावा छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की कलाकृतियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ शिल्पग्राम और विभागीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री और अन्य आमंत्रित अतिथियों ने यहां लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया। महोत्सव स्थल पर राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल अनुसुईया उइके होंगी और इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री करेंगे।

राज्योत्सव का समापन तीन नवंबर को होगा। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे। इस बीच, मुख्यमंत्री ने अब से कुछ देर पहले रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर में स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति का अनावरण किया है। इस बीच, राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ ने पिछले बाईस वर्षों में हर क्षेत्र में प्रगति की है और प्रदेश का नाम देश में अग्रणी स्थान पर है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपने प्रदेश की विशेष पहचान बनाए रखने की दिशा मे कार्य करें और प्रदेश को उन्नति की राह पर ले जाने के लिए सद्भाव से एकजुट होकर प्रयास करें। वहीं, अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि छत्तीसगढ़ निर्माण के लिए हमारे पुरखों ने जो सपना देखा था, उन सपनों को साकार करने की दिशा में हम लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था में किसानों और ग्रामीणों के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.