Media24Media.com: #TrafficUpdate

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #TrafficUpdate. Show all posts
Showing posts with label #TrafficUpdate. Show all posts

नेशनल हाईवे-45 पर छतौना के पास मरम्मत कार्य जारी, मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह चालू

No comments Document Thumbnail

परियोजना का कार्य 58 प्रतिशत भौतिक प्रगति हासिल की जा चुकी है

रायपुर- छत्तीसगढ़ के गौरेला-बिलासपुर नेशनल हाईवे -45  पर यातायात पूरी तरह चालू है और जहां अतिवृष्टि के कारण सड़क सतह को नुकसान पहुंचा था, वहां मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी है। परियोजना का कार्य तेजी से प्रगति पर है और अब तक 58 प्रतिशत भौतिक प्रगति हासिल की जा चुकी है

अतिवृष्टि और भारी वाहनों के दबाव से प्रभावित हुई सड़क सतह

लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंवची-रतनपुर मार्ग (रा.रा. क्र.-45) के किमी 290.000 स्थित ग्राम छतौना के पास, जहां टोल प्लाजा का निर्माण प्रस्तावित है, वर्तमान में GSB (ग्रेन्युलर सब-बेस) लेयर का कार्य पूरा हुआ है। बीते दिनों हुई भारी बारिश (अतिवृष्टि) और अत्यधिक संख्या में भारी वाहनों के आवागमन के कारण इस विशेष हिस्से की सड़क सतह को क्षति पहुंची थी।

विभाग लगातार मुस्तैद

विभाग ने जानकारी दी कि क्षति की सूचना मिलते ही EPC अनुबंधक (मेसर्स शांति इंजीकॉन प्रायवेट लिमिटेड) द्वारा सुधार कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है, जो लगातार जारी है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारी मौके पर निगरानी रख रहे हैं और यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराया जा रहा है।

286 करोड़ की लागत से 58 प्रतिशत काम पूरा

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा रा.रा. क्र.-45 के 42.598 किमी (किमी 278.750 से 321.348) लंबे मार्ग के 2-लेन चौड़ीकरण व उन्नयन (मय पेव्ड शोल्डर, पैकेज-2) के लिए 286.00 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति 31 मार्च 2022 को दी गई थी। नियम अनुसार निविदा प्रक्रिया के बाद 15 जुलाई 2024 को कार्यादेश जारी किया गया था। DBM (डामरीकरण) 25.770 किमी, HP कल्वर्ट 98 नग, RCC बॉक्स कल्वर्ट 14 नग, माइनर ब्रिज 07 नग, RCC नाली 4.890 किमी, रिटेनिंग वॉल व टो-वॉल कुल 4.467 किमी कार्य पूर्ण हो चुका है।

लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, मार्ग पर आवागमन जारी है और शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

सड़क हादसे के बाद उपद्रव: बस और पुलिस जीप समेत 5 गाड़ियाँ फूंकीं, 10 किमी लंबा जाम

No comments Document Thumbnail

 पटना : बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी पहाड़ी (ज़ीरो माइल) इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी बवाल हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने स्थानीय युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और असामाजिक तत्वों ने जमकर उपद्रव मचाया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद उग्र भीड़ ने दुर्घटनाकारित बस को आग के हवाले कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान असामाजिक तत्वों ने पुलिस की तीन जीपों और आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों समेत कुल पांच से अधिक वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों और स्थिति पर काबू पाने आई पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की गई।

दमकल गाड़ियों को पहुंचने में हुई मशक्कत

आगजनी की सूचना मिलने के बाद मौके पर भेजी गईं दमकल की गाड़ियों को भी उग्र प्रदर्शनकारियों और भीषण सड़क जाम के कारण घटना स्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपद्रव के कारण नेशनल हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में कई स्कूली बसें और एम्बुलेंस फंस गईं, जिससे स्कूली बच्चों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भारी पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, स्थिति फिलहाल तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में है। यातायात को सामान्य कराने और हाईवे से उपद्रवियों को हटाने का काम जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, साथ ही हिंसा, आगजनी और पथराव में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अर्ध-शहरी इलाकों में लगातार बढ़ रही दुर्घटनाएं

गौरतलब है कि पटना से सटे घनी आबादी वाले अर्ध-शहरी हाईवे इलाकों में सड़क हादसों के बाद अक्सर ऐसा तनाव देखने को मिलता है। इससे पूर्व गुरुवार को भी पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक ऑटो हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी।

सावन में भोरमदेव धाम पर सुरक्षा का कड़ा पहरा: 500 से ज्यादा जवान तैनात, ड्रोन व CCTV से होगी निगरानी

No comments Document Thumbnail

 कवर्धा : सावन माह में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भोरमदेव, डोंगरिया और बुढ़ा महादेव धाम पहुंचने वाले हजारों कांवड़ियों तथा पदयात्री श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कबीरधाम पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू की गई है।


इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में 500 से अधिक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, होमगार्ड जवानों और स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे मार्ग की निगरानी ड्रोन तथा CCTV कैमरों के जरिए की जाएगी।

8 सेक्टरों में बंटा यात्रा मार्ग, जगह-जगह बने चेक पोस्ट

  • पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूरे यात्रा मार्ग को सुरक्षा की दृष्टि से आठ अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है:
  • सेक्टर पेट्रोलिंग: आठ समर्पित पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त पर रहेंगे।
  • चेक पोस्ट: मुख्य प्रवेश द्वारों और प्रमुख मार्गों पर आठ चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्धों की जांच की जाएगी।
  • त्वरित कार्रवाई: कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मौके पर तत्काल पहुंचेगी।

ट्रैफिक डायवर्जन: रविवार और सोमवार को बंद रहेगा सामान्य यातायात

  • श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के सुगम व सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है:
  • प्रतिबंध: श्रावण मास के प्रत्येक रविवार और सोमवार को भोरमदेव रोड पर आम गाड़ियों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
  • वैकल्पिक मार्ग: इस दौरान सामान्य वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा ताकि कांवड़ियों की पैदल यात्रा में कोई बाधा न आए।
  • ब्लैक स्पॉट्स पर पिकेट: मार्ग के अंधे मोड़ों, ढलान, चढ़ाई और प्रमुख चौराहों पर विशेष ट्रैफिक पिकेट लगाए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर भारी वाहनों को भी अस्थायी रूप से रोका जाएगा।

3 अगस्त (पहला सोमवार) को उमड़ेगी भारी भीड़, पुलिस अलर्ट

पुलिस के अनुमान के अनुसार, श्रावण मास के पहले सोमवार (3 अगस्त) को श्रद्धालुओं का सबसे बड़ा जत्था उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए धाम परिसर और मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सुबह से ही अधिकारी ट्रैफिक कंट्रोल, क्राउड मैनेजमेंट और आपातकालीन सहायता के लिए तैनात रहेंगे।

पुलिस की अपील:

कबीरधाम पुलिस ने सभी पदयात्रियों व श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सड़क के किनारे-किनारे ही चलें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।

सड़क पर केज व्हील वाले ट्रैक्टर दौड़े तो कटेगा चालान

No comments Document Thumbnail

रायपुर- खेतों में जुताई और मिट्टी पलटने के लिए इस्तेमाल होने वाले लोहे के केज व्हील (पिंजरा पहिया) लगे ट्रैक्टर अब सार्वजनिक सड़कों और सीमेंट रोड पर नहीं चल सकेंगे। ऐसे ट्रैक्टर सड़क पर चलते पाए जाने पर परिवहन विभाग मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करेगा। जिला परिवहन विभाग ने किसानों और ट्रैक्टर संचालकों को इस संबंध में चेतावनी जारी करते हुए नियमों का पालन करने की अपील की है।

परिवहन विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर सभी जिला परिवहन अधिकारियों को सार्वजनिक सड़कों पर केज व्हील लगे ट्रैक्टरों का संचालन रोकने और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, यह फैसला उच्च न्यायालय, बिलासपुर में दायर एक जनहित याचिका के बाद लिया गया है। याचिका में कहा गया था कि कृषि कार्यों के लिए बनाए गए केज व्हील का उपयोग केवल खेतों तक सीमित होना चाहिए, लेकिन कई स्थानों पर इन्हें सड़कों और राजमार्गों पर भी चलाया जा रहा है। इससे सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। परिवहन विभाग का कहना है कि सार्वजनिक मार्गों पर ऐसे ट्रैक्टरों का संचालन मोटरयान अधिनियम और प्रचलित नियमों के अनुरूप नहीं है।

परिवहन विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि जुताई या मिट्टी पलटने का कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक्टर से केज व्हील हटाकर सामान्य रबर के टायर लगाएं और उसके बाद ही सार्वजनिक सड़कों पर वाहन चलाएं। इससे सड़कें सुरक्षित रहेंगी और हादसों की आशंका भी कम होगी। परिवहन विभाग ने कहा है कि अपील के बावजूद यदि कोई ट्रैक्टर चालक केज व्हील लगे ट्रैक्टर के साथ सार्वजनिक सड़क पर चलता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार चालान सहित विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

बीटीआई रोड में सड़क चौड़ीकरण के कारण 3 दिनों तक सुबह 9 से 12 बजे तक विद्युत अवरोध रहेगा

No comments Document Thumbnail

महासमुंद- विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता पी.आर. वर्मा ने बताया कि बीटीआई रोड महासमुंद में दोनों तरफ सड़क चौड़ीकरण कार्य हेतु नए विद्युत पोल एवं विद्युत तार लगाने के कार्य के चलते 20 मई 2026 से 22 मई 2026 दिन बुधवार से शुक्रवार तक लगातार 3 दिनों तक सुबह 09 बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्युत अवरोध रहेगा। उन्होंने बताया कि इससे 33केवी राजिम, 33केवी फिंगेश्वर, 33केवी शिवालिक पावर, 33केवी बागबाहरा फीडर, 11केवी टाउन -1,2,3 एवं 11केवी बमनी फीडर प्रभावित होगा तथा बीटीआई रोड, मोहारी भाटा, शिवानंद कॉलोनी, सिविल लाइन, वन विद्यालय एवं कार्यालय, कॉलोनी, केंद्रीय विद्यालय, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कौशिक कॉलोनी बीटीआई रोड भाजपा कार्यालय के पीछे, मलेरिया ऑफिस के आसपास, गुड़रू पारा, शास्त्री चौक, बरोंडा चौक, गांधी चौक, सत बहिनिया चौक, राम मंदिर के पीछे कुर्मी पारा एवं उसके आसपास के क्षेत्र का विद्युत सप्लाई बंद रहेगा। उन्होंने असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि किसी तरह की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1912 संपर्क कर सकते हैं।


दिल्ली में 'UDGAAR 2025' कार्यक्रम के लिए यातायात प्रतिबंध लागू

No comments Document Thumbnail

दिल्ली में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के आसपास आयोजित होने वाले 'UDGAAR 2025' कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष कदम उठाए हैं।

शहर यातायात पुलिस ने जानकारी दी कि सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक प्रमुख सड़कों पर यातायात डायवर्जन और पार्किंग प्रतिबंध लागू किए गए हैं। इस दौरान जनता से अनुरोध किया गया है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और क्षेत्र में आने-जाने से बचें, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.